IGL: '12वीं फेल' एक्ट्रेस के प्यार में पड़े समय रैना? डेटिंग रूमर्स के बीच कॉमेडियन बोले- 'मेधा शंकर मेरी...'
कॉमेडियन समय रैना और एक्ट्रेस मेधा शंकर की डेटिंग की खबरें इस साल काफी चर्चा में रही हैं। दोनों को कई मौकों पर साथ देखे जाने के बाद उनके रिश्ते को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसी बीच इंडियाज गॉट लैटेंट 2 के एक एपिसोड में समय रैना ने मेधा को अपना ‘सबसे अच्छा दोस्त’ बताया है, जिसके बाद एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
समय ने मेधा को बताया अपना सबसे अच्छा दोस्त
मेधा शंकर हाल ही में इंडियाज गॉट लैटेंट 2 के एक एपिसोड में नजर आईं। इस एपिसोड में वरुण धवन, निशांत तंवर और शेरोन वर्मा भी पैनल का हिस्सा थे। एपिसोड के दौरान जादूगर कबीर शर्मा एक मैजिक ट्रिक कर रहे थे। उन्होंने समय रैना का फोन लेकर उसे तीन लिफाफों में से एक में रख दिया।
इसके बाद गलत जवाब मिलने पर वह लिफाफों को हथौड़े से मार रहे थे। इसी दौरान कबीर ने समय से पूछा कि पैनल में उनका सबसे अच्छा दोस्त कौन है। समय ने बिना किसी झिझक के मेधा शंकर का नाम लिया। इसके बाद मेधा को एक लिफाफा चुनने के लिए कहा गया।
अगली मैजिक ट्रिक में भी समय ने मेधा को गिफ्ट पाने के लिए चुना। उनके सामने कार, मैकबुक, 1000 डॉलर और आईफोन जैसे विकल्प थे, लेकिन आखिर में मेधा को जादूगर की ओर से एक हग मिला। इस पर समय और वरुण धवन हैरान नजर आए। समय ने मजाक करते हुए कहा कि यह गिफ्ट उनके लिए था और उन्हें सबसे खराब चीज मिली। हालांकि, मेधा ने उस हग को काफी अच्छा बताया।
कैसे शुरू हुई दोनों की डेटिंग की चर्चा?
समय रैना और मेधा शंकर को लेकर डेटिंग की अफवाहें इस साल जून में तेज हुई थीं। दोनों को एक इवेंट से साथ निकलते हुए देखा गया था। इसके बाद जुलाई में भी दोनों को कुछ मौकों पर साथ देखा गया। हाल ही में दोनों के एयरपोर्ट पर साथ नजर आने के बाद भी सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, समय और मेधा ने इन अफवाहों पर सार्वजनिक तौर पर अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में शो में समय का मेधा को ‘सबसे अच्छा दोस्त’ कहना जरूर चर्चा का विषय बन गया है, लेकिन इसे डेटिंग की पुष्टि नहीं माना जा सकता।
वरुण धवन की भी समय ने खिंचाई
शो में समय रैना ने वरुण धवन के साथ भी मजाक-मस्ती की। उन्होंने वरुण को पैनल में मौजूद लोगों में सबसे ‘स्मार्ट’ बताया और इसकी वजह उनका ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ होना बताया। इस पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। समय ने वरुण की फिल्म बॉर्डर 2 को लेकर भी उनकी टांग खींची।
विवादों में रह चुका है शो
गौरतलब है कि इंडियाज गॉट लैटेंट पिछले साल भी विवादों में रहा था। रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा, आशीष चंचलानी और जसप्रीत सिंह वाले एपिसोड को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ था। एक आपत्तिजनक मजाक के बाद एफआईआर दर्ज हुई और कानूनी कार्रवाई भी की गई थी। विवाद के बाद शो को यूट्यूब से हटा दिया गया था। अब इसका दूसरा सीजन नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का जलवा: ₹100 करोड़ क्लब में पहुंची फिल्म; कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ा
भक्ति पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी करते हुए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹100 करोड़ की नेट कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म ने यह उपलब्धि रिलीज के पांचवें हफ्ते में हासिल की है। करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म ₹100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली सबसे छोटे स्तर की हिंदी फिल्मों में से एक बन गई है।
16वें दिन बदली फिल्म की किस्मत
‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये की कमाई की थी। वहीं, पहले दो हफ्तों के अंत तक इसकी कुल नेट कमाई महज ₹1.48 करोड़ रही। हालांकि, थिएटर्स में रिलीज के 16वें दिन फिल्म की कमाई में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला। दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ने के साथ इसकी कमाई भी तेजी से बढ़ती गई। तीसरे और चौथे हफ्ते में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और अकेले चौथे हफ्ते में करीब ₹61 करोड़ की कमाई की।
पांचवें वीकेंड में भी फिल्म की रफ्तार जारी रही। शुक्रवार को फिल्म ने करीब ₹10 करोड़, जबकि शनिवार को ₹16.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की घरेलू कमाई ₹99 करोड़ के पार पहुंच गई। रविवार सुबह के शोज के साथ ही फिल्म ने ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
ये भी पढे़-ः अजनार नदी साफ कर छाए Bittu Tabahi: चिन्मयी श्रीपदा हुईं कायल; बोलीं- ‘ऐसे Gen Z को मिले पद्म अवॉर्ड’
‘सिंघम’ और ‘83’ को भी छोड़ा पीछे
रविवार दोपहर 1 बजे तक ‘हनुमान अंश’ की घरेलू कमाई ₹105 करोड़ से ज्यादा बताई गई। इसके साथ ही फिल्म ने अपने से कहीं बड़े बजट में बनी कई फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। फिल्म ने ‘83’ (₹104 करोड़), ‘सिकंदर’ (₹103 करोड़), ‘सिंघम’ (₹100 करोड़) और हिंदी में रिलीज हुई ‘पुष्पा: द राइज’ (₹105 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर लिया है।
करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म के लिए यह उपलब्धि खास मानी जा रही है। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज भी इसी महीने होने वाली है, जिससे इसकी कमाई और बढ़ने की उम्मीद है।
क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?
‘हनुमान अंश’ का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म की कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां की मौत के बाद भगवान की तलाश में आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। जीवन, मृत्यु और इंसानी दुखों से जुड़े सवालों के जवाब तलाशते हुए वह उत्तर भारत की यात्रा करता है। इसी यात्रा के दौरान वह आगे चलकर प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा बन जाता है।
फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भागवदास पटेल भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi







