मानव सुथार ने काउंटी डिविजन वन में 7 विकेट लिए:वारविकशायर ने हैम्पशायर को पारी और 129 रन से हराया, रॉब येट्स ने जड़ा शतक
इंग्लैंड के साउथैंप्टन में काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-1 के मुकाबले में भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की। वारविकशायर की ओर से खेल रहे सुथार ने हैम्पशायर की दोनों पारियों में कुल 7 विकेट लिए। उनकी टीम ने हैम्पशायर को पारी और 129 रन से हराया। हैम्पशायर ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, वारविकशायर ने पहली पारी में बनाए 398 रन मुकाबले की शुरुआत में हैम्पशायर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, वारविकशायर के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। वारविकशायर ने अपनी पहली पारी में मजबूत बल्लेबाजी करते हुए 398 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वारविकशायर की ओर से सलामी बल्लेबाज रॉब येट्स ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली। उन्होंने 208 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 109 रन बनाए। उनके अलावा सैम हेन ने 90 रन, डैन मौसली ने 77 रन और काय स्मिथ ने 51 रन का अहम योगदान दिया। हैम्पशायर की ओर से गेंदबाजी करते हुए काइल एबोट ने पहली पारी में सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। पहली पारी में 115 रन पर सिमटी हैम्पशायर, मानव ने लिए 3 विकेट 398 रनों के जवाब में उतरी हैम्पशायर की पहली पारी भारतीय स्पिनर मानव सुथार और वारविकशायर के तेज गेंदबाजों के सामने ढह गई। पूरी टीम पहली पारी में महज 115 रनों पर ऑलआउट हो गई। हैम्पशायर के लिए टोबी एल्बर्ट ने सबसे ज्यादा 24 रन बनाए। वारविकशायर के लिए पहली पारी में मानव सुतार ने बेहद किफायती और खतरनाक गेंदबाजी करते हुए 16 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके साथी गेंदबाज इथान बांबर और ओलिवर हानन ने भी शानदार साथ निभाते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए। 283 रन की लीड मिलने पर मिला फॉलोऑन, दूसरी पारी में मानव ने चटकाए 4 विकेट पहली पारी के आधार पर वारविकशायर को 283 रनों की विशाल बढ़त मिली, जिसके बाद उन्होंने हैम्पशायर को फॉलोऑन खेलने के लिए मैदान पर उतारा। दूसरी पारी में भी हैम्पशायर के बल्लेबाज भारतीय स्पिनर के सामने असहाय नजर आए। हैम्पशायर की पूरी टीम दूसरी पारी में केवल 154 रन बनाकर सिमट गई। दूसरी पारी में टीम के लिए जैक लेहमैन ने 42 रन, बेन मायेस ने 31 रन और टोबी एल्बर्ट ने 27 रन बनाए। दूसरी पारी में मानव सुथार की फिरकी का जादू एक बार फिर सिर चढ़कर बोला। उन्होंने 23.3 ओवर में 52 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके अलावा इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स और ओलिवर हानन को 2-2 सफलताएं मिलीं। दोनों पारियों को मिलाकर मानव ने 7 विकेट चटकाकर टीम की बड़ी जीत में मुख्य भूमिका निभाई। ---------------------------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… कृष्णमाचारी श्रीकांत ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की:बोले- मेरी पत्नी भी उसकी वजह से दलीप ट्रॉफी देख रही, सही मार्गदर्शन से सुपरस्टार बनेगा पूर्व भारतीय ओपनर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि बेखौफ अंदाज में क्रिकेट खेलने वाला यह युवा बल्लेबाज सही मार्गदर्शन मिलने पर वर्ल्ड क्रिकेट का सुपरस्टार बन सकता है। श्रीकांत ने यह भी बताया कि वैभव की बल्लेबाजी का असर ऐसा है कि उनकी पत्नी भी दलीप ट्रॉफी देखने लगी हैं। पूरी खबर
भाजपा बोली- महिला प्रतिनिधित्व पर कांग्रेस की कथनी-करनी अलग:4 राज्यों में सरकार लेकिन सिर्फ 3 महिला मंत्री, हिमाचल-कर्नाटक में महिलाओं को एक पद भी नहीं
तेलंगाना में वन मंत्री कोंडा सुरेखा को मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक तरफ महिलाओं को राजनीति में प्रतिनिधित्व देने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ उसके शासन वाले राज्यों में महिला मंत्रियों की संख्या बहुत कम है। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस की चार राज्यों में सरकार है। लेकिन सिर्फ 3 मंत्री पद पर महिलाएं हैं। उन्होंने कहा- हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में एक भी महिला मंत्री नहीं है। केरल में दो महिला मंत्री हैं, जबकि तेलंगाना में दो में से एक मंत्री को हटा दिया गया। इस तरह चार राज्यों में अब सिर्फ तीन महिला मंत्री रह गई हैं। यह महिलाओं के साथ अन्याय है। सुरेखा को हटाने पर कांग्रेस से सवाल मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को कोंडा सुरेखा को तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से हटा दिया था। यह फैसला सुरेखा की बेटी की ओर से मुख्यमंत्री और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर हुए विवाद के बीच लिया गया। सुरेखा ने कार्रवाई को गलत बताते हुए रेवंत रेड्डी पर ‘ब्लैकमेल की राजनीति’ करने का आरोप लगाया था। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने कहा कि यही खड़गे हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर महिलाओं के लिए 33% आरक्षण जल्द लागू करने की मांग की थी। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण की बात करती है, लेकिन उसके अपने राज्यों में महिलाओं को मंत्री पद देने की स्थिति अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विचार, बयान और काम, तीनों में महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर विरोधाभास दिखाई देता है। राहुल के ‘स्मैश पैट्रिआर्की’ के नारे पर सुधांशु तंज सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के ‘स्मैश पैट्रिआर्की’ यानी पितृसत्ता खत्म करने के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह नारा लगाती है, लेकिन दूसरी तरफ महिला मंत्रियों को एक-एक करके हटाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर राहुल गांधी के प्रभाव में काम करने का भी आरोप लगाया। त्रिवेदी ने कहा कि खड़गे की उम्र 84 साल है और उन्हें राहुल गांधी को वास्तविक स्थिति समझानी चाहिए। सुधांशु ने राहुल को ‘सफेद दाढ़ी वाला युवा’ भी कहा। मोदी सरकार में सबसे ज्यादा महिला मंत्री होने का दावा सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के रिकॉर्ड की तुलना केंद्र की मोदी सरकार से की। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी की सरकार में देश के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा महिला मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में मोदी सरकार का रिकॉर्ड कांग्रेस से अलग है। झारखंड परीक्षा मामले पर भी कांग्रेस को घेरा त्रिवेदी ने झारखंड में सहायक वन संरक्षक और वन क्षेत्र पदाधिकारी की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनके मुताबिक परीक्षा के प्रश्नपत्र स्ट्रॉन्ग रूम से निकाले गए और उनमें बदलाव किया गया। भाजपा नेता ने इसे सिर्फ ‘पेपर लीक’ नहीं, बल्कि ‘पेपर लूट’ बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वाली राजनीतिक पार्टियां झारखंड के मामले में चुप हैं। त्रिवेदी ने इस चुप्पी पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेताओं की तुलना ‘गांधी जी के तीन बंदरों’ से की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मामले में न कुछ देखना चाहते हैं, न सुनना और न ही बोलना। उनके मुताबिक, झारखंड के अभ्यर्थियों और देशभर के छात्रों के बीच इस चुप्पी को लेकर नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सामने आए तथ्य छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ‘हकीकत’ दिखाते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 




/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)