Luxury EV: नई रेंज रोवर इलेक्ट्रिक से उठा पर्दा; जानें कीमत, रेंज और फीचर्स
Luxury EV: जेएलआर ने लंबे समय से इंतजार की जा रही रेंज रोवर इलेक्ट्रिक से पर्दा उठा दिया है। पहली नजर में यह इलेक्ट्रिक एसयूवी काफी हद तक मौजूदा स्टैंडर्ड रेंज रोवर जैसी ही नजर आती है। इसे स्टैंडर्ड और लॉन्ग-व्हीलबेस दोनों वर्जन में पेश किया जाएगा। पेट्रोल, डीजल और प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन के बाद यह रेंज रोवर के लिए चौथा पावरट्रेन विकल्प है। खास बात यह है कि रेंज रोवर इलेक्ट्रिक की बुकिंग अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ भारत में भी शुरू कर दी गई है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके भारत लॉन्च की निश्चित तारीख की घोषणा नहीं की है।
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक: डिजाइन में क्या बदला?
जेएलआर ने इलेक्ट्रिक मॉडल के साथ रेंज रोवर की पारंपरिक पहचान को बरकरार रखा है। यही वजह है कि इसके डिजाइन में बड़े बदलाव देखने को नहीं मिलते। एसयूवी में बंद ग्रिल दी गई है, जिसे अलग तरह के सिल्वर ट्रिम पैटर्न से सजाया गया है।
इसके अलावा, व्हील सेंटर कैप पर ईवी की पहचान दी गई है। एसयूवी के पडल लैंप्स भी खास तौर पर अपडेट किए गए हैं, जो वाहन की आउटलाइन के साथ ईवी लोगो को प्रोजेक्ट करते हैं।
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक: केबिन और फीचर्स
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक के केबिन का डिजाइन भी मौजूदा पेट्रोल और डीजल मॉडल जैसा ही रखा गया है। इसमें कंपनी का जाना-पहचाना मिनिमलिस्टिक इंटीरियर मिलता है, जिसमें लेदर और वुड ट्रिम का इस्तेमाल किया गया है।
सेंटर कंसोल पर फिजिकल कंट्रोल्स की संख्या काफी कम रखी गई है। यहां मुख्य रूप से गियर सेलेक्टर, टेरेन मोड डायल और इंजन स्टार्ट बटन जैसे कंट्रोल मिलते हैं। डैशबोर्ड के बीच में पिवी प्रो टचस्क्रीन दी गई है, जबकि ड्राइवर के सामने बड़ा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मौजूद है।
इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के मुताबिक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम के ग्राफिक्स में बदलाव किए गए हैं, ताकि बैटरी और ईवी से जुड़ी जरूरी जानकारी बेहतर तरीके से दिखाई जा सके।
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक: पावरट्रेन और बैटरी
नई रेंज रोवर इलेक्ट्रिक में कंपनी ने स्टैंडर्ड तौर पर डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया है। इसमें 118.5 किलोवॉट-घंटा बैटरी पैक मिलता है। जेएलआर के अनुसार, यह एसयूवी डब्ल्यूएलटीपी साइकल में फुल चार्ज पर 600 किमी तक की रेंज दे सकती है, जबकि वास्तविक परिस्थितियों में इसकी रेंज करीब 535 किमी तक हो सकती है।
इसके फ्रंट और रियर एक्सल को 260 किलोवॉट की इलेक्ट्रिक मोटर्स पावर देती हैं। दोनों मोटर्स के साथ मिलकर एसयूवी का आउटपुट 543 बीएचपी की अधिकतम पावर और 850 एनएम का टॉर्क है।
800 वोल्ट आर्किटेक्चर और फास्ट चार्जिंग
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक में 800 वोल्ट इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर दिया गया है, जिसकी मदद से यह 350 किलोवॉट तक की डीसी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि बैटरी को 10 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 22 मिनट का समय लगता है।
जेएलआर के मुताबिक, महज 10 मिनट की फास्ट चार्जिंग से एसयूवी में 220 किमी तक की डब्ल्यूएलटीपी रेंज जोड़ी जा सकती है।
ऑफ-रोड क्षमता में भी बदलाव
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक सिर्फ पावर और रेंज के मामले में ही खास नहीं है, बल्कि कंपनी ने इसकी ऑफ-रोड क्षमता को भी बेहतर करने की कोशिश की है। एसयूवी में नया इंटेलिजेंट ड्राइवलाइन डायनेमिक्स सिस्टम दिया गया है। यह ट्रैक्शन कम होने की स्थिति में रियर मोटर का पूरा टॉर्क जरूरत के हिसाब से किसी भी पहिये तक भेज सकता है।
इसके अलावा, इसमें नया इंटीग्रेटेड ट्रैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है। जेएलआर का दावा है कि यह सिस्टम बेहतर ट्रैक्शन बनाए रखने के लिए हर 50 मिलीसेकंड में इलेक्ट्रिक मोटर्स की स्पीड को एडजस्ट कर सकता है।
कंपनी के मुताबिक, नई इलेक्ट्रिक रेंज रोवर 45 डिग्री तक की चढ़ाई पर चढ़ सकती है, जबकि 33 डिग्री की ढलान पर रुकी हुई स्थिति से भी आगे बढ़ सकती है।
4.5 सेकंड में 100 किमी/घंटा की रफ्तार
परफॉर्मेंस के मामले में भी रेंज रोवर इलेक्ट्रिक काफी दमदार है। जेएलआर के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी महज 4.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक: वेरिएंट लाइन-अप
रेंज रोवर इलेक्ट्रिक को स्टैंडर्ड व्हीलबेस और लॉन्ग-व्हीलबेस दोनों विकल्पों में पेश किया जाएगा। ग्लोबल मार्केट में स्टैंडर्ड व्हीलबेस वर्जन की शुरुआत ऑटोबायोग्राफी और लिमिटेड-रन फर्स्ट एडिशन वेरिएंट से होगी।
वहीं, लॉन्ग-व्हीलबेस मॉडल को एसवी, एसवी अल्ट्रा और एसवी ब्लैक वेरिएंट में उपलब्ध कराया जाएगा। भारतीय बाजार में इनमें से कौन-कौन से वेरिएंट पेश किए जाएंगे, इसकी जानकारी जेएलआर ने अभी साझा नहीं की है।
(मंजू कुमारी)
रद्दी भाव का सिक्का बना कुबेर का खजाना! रातों-रात बना दिया करोड़पति, 11.8 करोड़ से ज्यादा में बिका
अमेरिका का एक बेहद दुर्लभ 10 सेंट का सिक्का नीलामी में 1.25 मिलियन डॉलर (करीब 11.81 करोड़ रुपये) में बिका है. इसे 1894 एस-डाइम या बारबर डाइम कहा जाता है. साल 1894 में ऐसे सिर्फ 24 सिक्के ही बनाए गए थे. आज पूरी दुनिया में ऐसे केवल 9 सिक्के ही मौजूद हैं. यही वजह है कि कॉइन कलेक्टर्स के बीच इस जादुई सिक्के की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है. इस सिक्के ने नीलामी के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi
News18





