इमाम-उल-हक पर 2 साल तक का बैन लग सकता है:लॉर्ड्स टेस्ट की इंजरी पर PCB कराएगा जांच; रिजवान भी जांच के घेरे में
पाकिस्तान के बल्लेबाज इमाम-उल-हक पर लॉर्ड्स टेस्ट में इंजरी को लेकर 1 से 2 साल तक का बैन लग सकता है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) उनकी पिंडली की चोट से जुड़े मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी बनाने की तैयारी में है। जांच में अगर इमाम दोषी पाए जाते हैं तो उन पर 1 से 2 साल का बैन लगाया जा सकता है। लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन लगी थी पिंडली में चोट इमाम को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग के दौरान पिंडली में हल्का खिंचाव आया था। इसके बाद वे पाकिस्तान की दोनों पारियों में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। पाकिस्तान पहली पारी में 110 रन पर ऑलआउट हुआ था, जबकि दूसरी पारी में 389 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 194 रन पर सिमट गया। इंग्लैंड ने यह टेस्ट 194 रन से जीता था। इमाम की चोट और इसके बाद उनकी अनुपलब्धता को लेकर PCB ने जांच कराने का फैसला किया है। 2025 में भी इंजरी को लेकर जांच हुई थी इमाम पहले भी चोट से जुड़े विवाद में रह चुके हैं। मार्च 2025 में न्यूजीलैंड दौरे के दौरान इंडोर नेट सेशन में गेंद उनके दाहिने पैर के अंगूठे पर लगी थी। जियो न्यूज के मुताबिक, उस मामले की PCB जांच समिति ने इमाम को मेडिकल स्टाफ को गुमराह करने और चोट के लक्षणों को गलत तरीके से पेश करने के लिए जिम्मेदार ठहराया था। समिति ने माना था कि इमाम ने पाकिस्तान के पहले वनडे में नहीं खेलने के लिए अपनी चोट को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया था। रिजवान से भी PCB करेगा पूछताछ इमाम के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान भी अनुशासन से जुड़े मामले में PCB की जांच के घेरे में हैं। जियो न्यूज के सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड आने वाले दिनों में रिजवान से पूछताछ कर सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि निकट भविष्य में पाकिस्तान की टीम में उनकी वापसी की संभावना कम मानी जा रही है। लॉर्ड्स हार के बाद 7 खिलाड़ियों को टेस्ट स्क्वॉड से किया रिलीज इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में 194 रन से हार के बाद पाकिस्तान ने टेस्ट स्क्वॉड में बड़े बदलाव किए हैं। इमाम और रिजवान समेत 7 खिलाड़ियों को टीम से रिलीज किया गया। इनमें सलमान आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, ओवैस जफर और खुर्रम शहजाद भी शामिल हैं। तीसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान ने 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों को स्क्वॉड में शामिल किया है। इनमें अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह शामिल हैं। सैम अय्यूब और अब्दुल्ला फजल को भी टीम में जगह मिली है। 9 सितंबर से एजबेस्टन में तीसरा टेस्ट इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाएगा। इंग्लैंड सीरीज में 2-0 से आगे है। पाकिस्तान के सामने अब सीरीज में क्लीन स्वीप से बचने की चुनौती है। ------------------------------ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… बाबर आजम को एजबेस्टन टेस्ट से पहले बुखार:9 सितंबर से खेला जाएगा तीसरा मुकाबला; इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान 0-2 से पीछे इंग्लैंड के खिलाफ 9 सितंबर से एजबेस्टन में शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को बुखार है। टीम मैनेजर नवीद अकरम चीमा ने बताया कि बाबर को बुखार है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है और उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद है। पूरी खबर
आर्यना सबालेंका US ओपन के तीसरे राउंड में पहुंचीं:जेसिका पेगुला और मेदवेदेव भी जीते, अल्काराज का मैच बाकी
न्यूयॉर्क के फ्लशिंग मीडोज में खेले जा रहे US ओपन 2026 में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने महिला सिंगल्स के दूसरे राउंड में रूस की क्वालीफायर पोलिना यात्चेंको को 6-1, 6-1 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बना ली। सबालेंका ने यह मुकाबला सिर्फ 53 मिनट में जीता। महिला वर्ग में तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला भी आगे बढ़ीं, जबकि पुरुष सिंगल्स में सातवीं वरीयता वाले दानिल मेदवेदेव और आठवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन ने भी तीसरे दौर में जगह बनाई। सबालेंका ने 24 विनर्स लगाए, यूएस ओपन में लगातार 16वीं जीत डिफेंडिंग चैंपियन सबालेंका शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेलीं। उन्होंने 24 विनर्स लगाए और पहला सेट 6-1 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में यात्चेंको ने एक गेम जीता, लेकिन इसके बाद सबालेंका ने लगातार तीन गेम जीतकर मैच खत्म कर दिया। सबालेंका की यूएस ओपन में यह लगातार 16वीं जीत है। वह फ्लशिंग मीडोज में लगातार तीसरा खिताब जीतने की कोशिश में हैं। तीसरे दौर में उनका सामना उज्बेकिस्तान की कामिला रखिमोवा से होगा। पेगुला ने केनिन को 56 मिनट में हराया महिला सिंगल्स में तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने हमवतन सोफिया केनिन को 6-3, 6-1 से हराया। पेगुला ने यह मुकाबला 56 मिनट में जीता। 2020 ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन केनिन को पूरे मैच में वापसी का ज्यादा मौका नहीं मिला। पेगुला अगले दौर में कनाडा की लेयला फर्नांडीज से खेलेंगी। फर्नांडीज ने थाईलैंड की मननचाया सावांगकाएव को 6-4, 6-1 से हराया। मेदवेदेव ने 14 एस लगाए, मैच में आईं दो चिड़ियां पुरुष सिंगल्स में सातवीं वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव ने अमेरिका के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी सेबेस्टियन गोर्ज़नी को 6-1, 6-3, 7-5 से हराया। मेदवेदेव ने 14 एस लगाए और जिस एक ब्रेक पॉइंट का सामना किया, उसे बचा लिया। मैच के दौरान लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में नेट पर दो छोटी चिड़ियां आ बैठीं। इस वजह से एक पॉइंट दोबारा खेलना पड़ा और मेदवेदेव इस फैसले से नाराज भी दिखे। शेल्टन ने हुरकाज को हराया, नाकाशिमा बाहर आठवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन ने पोलैंड के हुबर्ट हुरकाज को कड़े मुकाबले में 6-3, 5-7, 7-6 (3), 7-5 से हराया। शेल्टन यूएस ओपन में लगातार चौथी बार तीसरे दौर में पहुंचे हैं। वहीं, 16वीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के ब्रैंडन नाकाशिमा को उनके ही देश के एलेक्स माइकलसन ने 6-3, 6-4, 6-4 से हराकर बाहर कर दिया। बारिश से बाहरी कोर्ट पर खेल प्रभावित न्यूयॉर्क में बारिश के कारण बाहरी कोर्ट पर मुकाबले प्रभावित हुए। कुछ मैचों को रोकना पड़ा, जबकि आर्थर ऐश और लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम के कवर होने के कारण वहां मुकाबले जारी रहे। बारिश की वजह से टूर्नामेंट के पहले दौर के कुछ मैच भी बुधवार तक खिंच गए। छठी वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स दे मिनाउर ने इटली के एंड्रिया गुएरिएरी को 6-2, 6-2, 6-4 से हराया। यह उनका पहले दौर का मुकाबला था, जो बारिश के कारण टल गया था। वहीं, चीन के लकी लूजर बु युंचाओकेते ने 12वीं वरीयता प्राप्त स्पेन के राफेल जोदार को 6-2, 6-1, 6-1 से हराकर उलटफेर किया। अल्काराज का मुकाबला भी बुधवार रात डिफेंडिंग पुरुष चैंपियन कार्लोस अल्काराज ने दूसरे दौर में पुर्तगाल के जाइमे फारिया का सामना किया। यह मुकाबला सबालेंका के बाद आर्थर ऐश स्टेडियम में खेला गया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 




