Responsive Scrollable Menu

जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बाघ का हमला, महिला कर्मचारी की मौत; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में बाघ के हमले से महिला कर्मचारी की मौत हो गई. मृतका की पहचान सुगना देवी के रूप में हुई है. घटना पार्क के एनक्लोजर नंबर 16 के आसपास हुई, जहां महिलाएं घास काटने और रखरखाव से जुड़े काम के लिए पहुंची थीं. हादसे के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाकों में भी दहशत का माहौल बन गया.

अचानक बाघ ने किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुगना देवी समेत कुछ महिलाएं एनक्लोजर क्षेत्र में काम कर रही थीं. इसी दौरान बाघ ‘शिवाजी’ ने अचानक हमला कर दिया. अन्य महिलाओं ने अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागकर सुरक्षा लेने की कोशिश की. कुछ महिलाएं बाड़ और पेड़ों पर चढ़ गईं. बाघ के हमले में सुगना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस के अधिकारी पार्क पहुंचे. वन विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाघ को ट्रैंक्विलाइज किया और इसके बाद महिला के शव को बाहर निकाला गया. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी जुटाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सुरक्षा प्रोटोकॉल पर जांच शुरू

इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि खतरनाक वन्यजीव के एनक्लोजर के आसपास कर्मचारियों को काम करने की अनुमति किस प्रक्रिया के तहत दी गई थी. अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच में यह देखा जा रहा है कि सफाई, घास काटने और रखरखाव के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और SOP का पालन किया गया था या नहीं. एनक्लोजर या प्रवेश द्वार को लेकर किसी संभावित लापरवाही की बात भी जांच के दायरे में है.

परिवार के लिए सुगना देवी थीं मुख्य सहारा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली. बताया गया कि सुगना देवी परिवार की मुख्य कमाने वाली सदस्य थीं. उनके पति गंभीर रूप से झुलसने के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है.

मुआवजे और सहायता की मांग

स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों ने परिवार की मदद के लिए सरकार के स्तर पर आर्थिक सहायता की संभावना पर चर्चा की है. साथ ही, परिवार के बच्चों में से किसी को संविदा आधार पर पार्क में नौकरी देने पर विचार करने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इन मामलों पर अंतिम निर्णय संबंधित सरकारी स्तर पर लिया जाना बाकी है.

CCTV फुटेज की जांच की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और CCTV फुटेज की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे हादसे से पहले और बाद की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है. अधिकारियों की जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि घटना आखिर किन परिस्थितियों में हुई और क्या किसी स्तर पर निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई.

यह भी पढ़ें - बैंक फ्रॉड केस में बैंक अधिकारी को 7 साल की सजा, 4.30 लाख रुपये का जुर्माना

Continue reading on the app

Explainer: क्या होता है 'जौहर'? स्वरा भास्कर के बयान पर क्यों मचा बवाल, जानें पूरा विवाद

Swara Bhasker Jauhar Controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं. इस बार मामला उनकी किसी फिल्म या राजनीतिक बयान से जुड़ा नहीं है. बल्किन उन्होंने इतिहास से जुड़े 'जौहर' पर विवादित  टिप्पणी की है. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने आरोप लगाया कि एक्ट्रेस ने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं का अपमान किया है. इसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई है.

लेकिन इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि  आखिर जौहर क्या होता है,  इसका इतिहास क्या  है और स्वरा भास्कर ने ऐसा क्या कहा जिससे इतना बड़ा विवाद खड़ा हो गया?  चलिए जानते हैं सबकुछ.

क्या होता है जौहर?

जौहर मध्यकालीन भारत की एक प्रथा थी. जब किसी राज्य की हार तय मानी जाती थी और दुश्मन के किले में घुसने का खतरा होता था, तब महिलाएं सामूहिक रूप से आग में कूदकर अपनी जान दे देती थीं. ऐसा इसलिए किया जाता था ताकि वो दुश्मनों के अत्याचार, गुलामी या अपमान का शिकार न बनें.  राजस्थान के इतिहास में जौहर की कई घटनाओं का जिक्र मिलता है. इनमें सबसे प्रसिद्ध कहानी चित्तौड़गढ़ की रानी पद्मावती से जुड़ी है. लोककथाओं के अनुसार, जब अलाउद्दीन खिलजी की सेना ने चित्तौड़गढ़ पर हमला किया और जीत लगभग तय हो गई, तब रानी पद्मावती और हजारों महिलाओं ने जौहर कर लिया था.

'पद्मावत' से शुरू हुआ था विवाद

जब साल 2018 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' रिलीज हुई थी, तब भी जौहर को लेकर बड़ा विवाद हुआ था. फिल्म के आखिर में रानी पद्मावती यानि दीपिका पादुकोण और कई महिलाओं को जौहर करते हुए दिखाया गया था.  फिल्म आने के बाद स्वरा भास्कर ने भंसाली को एक खुला पत्र भी लिखा था. उन्होंने कहा था कि फिल्म का ये हिस्सा महिलाओं को गलत मैसेज देता है. स्वरा ने ये सवाल उठाया था कि क्या किसी महिला का सम्मान उसकी जिंदगी से ज्यादा जरूरी है और क्या मौत को बेहतर विकल्प के रूप में दिखाना सही है.

वहीं, हाल ही में दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा ने फिर इसी मुद्दे पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि 'पद्मावत' का जौहर वालासीन उन्हें आज भी परेशान करता है. उनका मानना है कि महिलाओं के लिए मौत को जीवन से बेहतर रास्ता बताने वाली सोच से वो सहमत नहीं हैं और इसी वजह से एक्ट्रेस को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें- 'रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा...', जौहर विवाद पर अब स्वरा भास्कर ने दी सफाई, वीडियो को बताया गलत

बयान पर क्यों मचा बवाल?

स्वरा भास्कर का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसके कुछ हिस्सों को शेयर करते हुए ये दावा किया जा रहा है कि एक्ट्रेस ने जौहर करने वाली महिलाओं या रानी पद्मावती को "कायर" कहा है. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है. कई लोगों ने कहा कि स्वरा ने इतिहास और राजपूत परंपराओं का अपमान किया है. कुछ राजनीतिक नेताओं और संगठनों ने भी उनके बयान पर नाराजगी जताई. सोशल मीडिया पर #SwaraBhasker ट्रेंड करने लगा और एक्ट्रेस को माफी मांगने की मांग भी उठने लगी.

'जौहर' कमेंट पर स्वरा की सफाई

वहीं, स्वरा भास्कर ने इस विवाद के बाद एक वीडियो शेयर किया और बताया कि उनके वीडियो को गलत तरीके से पेश किया है. एक्ट्रेस ने वीडियो में कहा- 'आज सुबह से सोशल मीडिया पर एक मेरा क्लिप वायरल हो रहा है. जिसमें मुझसे पूछा गया था कि संजय भंसाली को मैंने ‘पद्मावत’ के ऊपर जो ओपन लेटर लिखा था वो क्यों लिखा था. मैंने जब जवाब देते हुए बताया कि फिल्म देखने के बाद मेरी दिक्कत क्या थीं, तो मैंने कुछ कहा था जो अब गलत तरीके से अनुवादित किया जा रहा है और झूठ बनाकर फैलाया जा रहा है.'

कायर कहने की बात को बताया झूठा

स्वरा ने वीडियो में आगे कहा- 'वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मैंने  रानी पद्मावती और बाकी महिलाओं ने जो जौहर किया था वो कायर है. मैं क्लियर करना चाहूंगी कि मैंने उन्हें कायर नहीं कहा था. मैंने इंग्लिश में बोला था लोगों ने उसका अनुवाद गलत तरीके से किया. अगर आपको कोई भाषा नहीं आती है तो पूछ लेना चाहिए. मैंने कहा था कि भगवान ना करे मैं कभी रेप विक्टिम होती तो मैं वो सब देखकर कायर महसूस करती कि मैंने अपनी जान नहीं ले ली. यानी मैं ऐसा महसूस करती कि मैं रेप के बाद जिंदा बच गई तो मैं कायर हूं.'

ये भी पढ़ें- प्रेमानंद महाराज की सलाह के बाद बनी फिल्म 'हनुमान अंश', प्रड्यूसर को इन तीन बातों का रखना था खास ध्यान

दो हिस्सों में बंटी बहस

इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. एक तरफ लोगों का कहना है कि जौहर को आज के नजरिए से नहीं देखा जा सकता. उस दौर में महिलाओं के सामने बहुत सीमित विकल्प होते थे और जौहर को उन्होंने सम्मान और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए चुना था. ऐसे में उनके फैसले को कायरता कहना गलत है. तो वहीं दूसरा ओर स्वरा के तर्क का समर्थन कर रहे हैं. उनका कहना है कि किसी भी महिला की जिंदगी उसकी तथाकथित "इज्जत" से ज्यादा जरूरी है और इतिहास की घटनाओं पर आधुनिक नजरिए से चर्चा करना गलत नहीं है.

FAQ 

1: जौहर क्या था?
युद्ध में हार तय होने पर महिलाओं द्वारा सामूहिक आत्मदाह की प्रथा को जौहर कहा जाता था.

: विवाद क्यों हुआ?
स्वरा भास्कर के बयान को लेकर दावा किया गया कि उन्होंने जौहर को गलत बताया.

3: स्वरा ने क्या कहा था?
स्वरा भास्कर  ने कहा कि फिल्म पद्मावत का जौहर वाला सीन उन्हें परेशान करता है.

4: स्वरा ने सफाई में क्या कहा?
उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अनुवाद और गलत मतलब निकाला गया है. 

ये भी पढ़ें- Explainer: करीना कपूर और पृथ्वीराज की 'Daayra' में क्या है खास? कहानी, स्टोरी और स्टारकास्ट जानें सबकुछ

Continue reading on the app

  Sports

Mohammad Rizwan और Imam-ul-Haq पर गिरी गाज, PCB के कड़े रुख से Pakistan Cricket में मचा भारी हड़कंप

पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में लगातार हार के बाद और बढ़ती नजर आ रही हैं। लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में 194 रन से मिली हार के बाद अब सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक से जुड़ा चोट विवाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए नई परेशानी बन गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की जा रही है और दोष साबित होने पर इमाम-उल-हक पर दो साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

मौजूद जानकारी के अनुसार, दूसरे टेस्ट के पहले दिन क्षेत्ररक्षण के दौरान इमाम-उल-हक ने खुद को चोटिल बताया था। इसके बाद वह मुकाबले के बाकी हिस्से में मैदान पर नहीं उतरे। खास बात यह रही कि उन्होंने दोनों पारियों में बल्लेबाजी भी नहीं की। हालांकि, चौथे दिन खेल शुरू होने से पहले उन्हें गेंद को मारते हुए देखा गया, जिसके बाद उनकी चोट को लेकर सवाल उठने लगे।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड इस मामले की तह तक जाने के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति बनाने की तैयारी में है। इमाम-उल-हक पर पहले भी चोट को लेकर सवाल उठ चुके हैं, इसलिए इस बार बोर्ड मामले की विस्तृत जांच करना चाहता है। यदि जानबूझकर चोट का बहाना बनाने या टीम को गुमराह करने की पुष्टि होती है तो कड़ी कार्रवाई संभव है।

इसी बीच विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को लेकर भी बोर्ड की नाराजगी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, रिजवान के अनुशासन को लेकर भी चिंताएं जताई गई हैं और उनसे आने वाले दिनों में पूछताछ हो सकती है। उनके निकट भविष्य में राष्ट्रीय टीम में चुने जाने की संभावना भी कम बताई जा रही है।

गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो टेस्ट गंवाने के बाद पाकिस्तान ने टीम में बड़ा बदलाव किया है। सात खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है, जिनमें मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान और खुर्रम शहजाद शामिल हैं। इसके अलावा पांच ऐसे खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है, जिन्होंने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है।

कोचिंग व्यवस्था में भी बदलाव हुआ है। पाकिस्तान ने मुख्य कोच सरफराज अहमद से अलग होने का फैसला किया है और सीमित ओवरों की टीम के कोच माइक हेसन को तीसरे टेस्ट के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बता दें कि इंग्लैंड तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान की टीम 389 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 194 रन पर सिमट गई थी। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम टेस्ट नौ सितंबर से बर्मिंघम में खेला जाना है, जहां इंग्लैंड की नजर श्रृंखला में 3-0 की जीत पर है।
Thu, 03 Sep 2026 19:54:00 +0530

  Videos
See all

Bollywood News: अंकिता-विक्की की शानदार केमिस्ट्री #nehadhupia #angadbedi #shorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-03T14:39:36+00:00

Uttarakhand News: उत्तराखंड की खबरें देखिए | CM Dhami | Rahul Gandhi | Congress vs BJP | Top News #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-03T14:45:06+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers