270 दिन समुद्र में रहने के बाद थाईलैंड पहुंचा USS अब्राहम लिंकन, 5 हजार सैनिकों को मिलेगा आराम
करीब नौ महीने तक लगातार समुद्र में रहने के बाद अमेरिकी नौसेना का विशाल विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन थाईलैंड पहुंचा है. लंबी और थकाऊ तैनाती के बाद पोत पर सवार करीब 5,000 अमेरिकी नौसैनिकों और मरीन को अब कुछ दिनों के आराम का मौका मिला है. थाइलैंड मीडिया आउटलेट डेली मेल के अनुसार, नेवी ने बताया कि एयरक्राफ्ट कैरियर बुधवार को पटाया पहुंचा, जहां उस पर सवार 5,000 नाविकों और मरीन को अमेरिका लौटने से पहले आराम करने का मौका मिलेगा. कैरियर स्ट्राइक ग्रुप 3 के कमांडर, रियर एडमिरल रॉबर्ट लॉफ्रन ने एक बयान में कहा, "लैम चाबांग में हमारे पहुंचने से हमारे नाविकों और मरीन को आराम करने और नई ऊर्जा पाने का एक बहुत जरूरी मौका मिला है."
यह पोत बुधवार को थाईलैंड के लाम चाबांग बंदरगाह पहुंचा. उसके साथ अमेरिकी कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के अन्य युद्धपोत भी हैं। यह पड़ाव ऐसे समय आया है जब अमेरिकी सैनिक करीब 270 दिनों से ज्यादा समय समुद्र में बिताने के बाद वापसी की राह पर हैं. यूएसएस अब्राहम लिंकन नवंबर 2025 में कैलिफोर्निया से अपने अभियान पर निकला था. शुरुआत में उसकी तैनाती एशिया-प्रशांत क्षेत्र में थी, लेकिन बाद में बदलते हालात के बीच उसे मध्य पूर्व भेज दिया गया. ईरान से जुड़े अमेरिकी सैन्य अभियान में भी इस विमानवाहक पोत की अहम भूमिका रही.
इतनी लंबी तैनाती ने जहाज पर मौजूद सैनिकों के लिए हालात आसान नहीं छोड़े. लंबे समय तक समुद्र में रहने के दौरान काम का दबाव, सीमित निजी जगह और लगातार सैन्य तैयारियों ने नौसैनिकों पर शारीरिक और मानसिक दबाव बढ़ाया. अमेरिकी मीडिया में जहाज पर रहने की परिस्थितियों और सैनिकों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठे हैं. थाईलैंड पहुंचने के बाद अमेरिकी सैनिकों को करीब पांच दिन का आराम मिलने की उम्मीद है. उन्हें लाम चाबांग से पटाया ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है.
हजारों अमेरिकी सैनिकों के पटाया पहुंचने से स्थानीय कारोबारियों को भी फायदा होने की उम्मीद है. होटल, रेस्तरां, परिवहन और पर्यटन से जुड़े कारोबारों में गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पटाया प्रशासन ने हालांकि सुरक्षा को लेकर भी व्यापक तैयारियां की हैं. बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। स्थानीय कारोबारियों को अमेरिकी सैनिकों से मनमाने दाम वसूलने से बचने की सलाह भी दी गई है. पटाया और अमेरिकी सेना का रिश्ता नया नहीं है. वियतनाम युद्ध के दौर से ही यह शहर अमेरिकी सैनिकों के आराम और मनोरंजन के प्रमुख ठिकानों में रहा है. हालांकि समय के साथ पटाया की पहचान एक बड़े अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित हुई है.
यूएसएस अब्राहम लिंकन को अगस्त में यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन ने मध्य पूर्व में राहत दी थी. इसके बाद अब वह अमेरिका लौटने की दिशा में है और थाईलैंड का पड़ाव उसके लंबे अभियान के बीच एक तरह का विश्राम स्थल बन गया है. अमेरिकी नौसेना ने इसे अमेरिका और थाईलैंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य संबंधों का हिस्सा बताया है.
INPUT: IANS
Corn Curry Recipe: होटल जैसी क्रीमी कॉर्न करी घर पर बनाएं, स्वाद ऐसा कि सबसे मिलेगी खूब तारीफ
Corn Curry Recipe: आप अगर रोज-रोज एक जैसी सब्जी खाकर बोर हो गए हैं और डिनर में कुछ खास बनाने का मन है, तो होटल स्टाइल कॉर्न करी एक शानदार विकल्प हो सकती है। स्वीट कॉर्न के हल्के मीठे स्वाद के साथ मसालेदार और क्रीमी ग्रेवी का कॉम्बिनेशन इस सब्जी को खास बनाता है। इसे घर पर बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत या महंगे सामान की जरूरत नहीं पड़ती।
कॉर्न करी की खासियत इसकी गाढ़ी, मुलायम और स्वाद से भरपूर ग्रेवी है, जो रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ खूब जमती है। अगर आप भी घर पर रेस्टोरेंट जैसी कॉर्न करी बनाना चाहते हैं, तो बस ग्रेवी तैयार करते समय कुछ आसान ट्रिक्स का ध्यान रखें। इससे करी का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाएंगे।
कॉर्न करी बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप स्वीट कॉर्न
- 2 बड़े चम्मच तेल या घी
- 1 बारीक कटा प्याज
- 2 बारीक कटे टमाटर
- 8-10 काजू
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
- 2 बड़े चम्मच फ्रेश क्रीम
- नमक स्वादानुसार
- 1 कप पानी
- हरा धनिया सजाने के लिए
कॉर्न करी बनाने का तरीका
सबसे पहले तैयार करें कॉर्न
स्वीट कॉर्न को उबाल लें। अगर फ्रोजन कॉर्न इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे कुछ मिनट गर्म पानी में पकाना पर्याप्त है। कॉर्न को बहुत ज्यादा न पकाएं, वरना इसके दाने अपना हल्का क्रंच खो सकते हैं। उबले हुए कॉर्न को अलग रख दें।
तैयार करें होटल जैसी ग्रेवी
कड़ाही में थोड़ा तेल या घी गर्म करें। इसमें काजू डालकर हल्का भूनें और निकाल लें। अब इसी कड़ाही में जीरा डालें। इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड पकाएं।
अब कटे हुए टमाटर और थोड़ा नमक डालें। टमाटर के नरम होने तक पकाएं। गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा करें और भुने हुए काजू के साथ ब्लेंड करके एकदम मुलायम पेस्ट बना लें। यही स्टेप करी को होटल जैसी क्रीमी ग्रेवी देने में मदद करेगा।
मसालों को अच्छी तरह भूनें
कड़ाही में थोड़ा तेल डालकर तैयार पेस्ट को डालें। अब हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मध्यम आंच पर मसाले को अच्छी तरह भूनें। जब मसाले से तेल हल्का अलग होने लगे, तब समझें कि ग्रेवी अच्छी तरह पक चुकी है।
अब इसमें लगभग एक कप पानी डालकर ग्रेवी की कंसिस्टेंसी अपने हिसाब से रखें। उबले हुए कॉर्न डालें और 5-7 मिनट धीमी आंच पर पकने दें, ताकि कॉर्न में मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए।
आखिर में डालें क्रीम और कसूरी मेथी
गैस धीमी करके फ्रेश क्रीम डालें और अच्छी तरह मिला दें। ध्यान रखें कि क्रीम डालने के बाद करी को तेज आंच पर ज्यादा देर तक न उबालें। अंत में कसूरी मेथी और गरम मसाला डालें। ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं।
गरमा-गरम कॉर्न करी को रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसें। काजू और क्रीम की वजह से इसकी ग्रेवी स्वादिष्ट और रिच बनती है, जबकि स्वीट कॉर्न करी में हल्का मीठा और मजेदार स्वाद जोड़ता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
Haribhoomi








