ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में ED ने कई राज्यों में सीए और पेमेंट फर्मों पर की Raid
मुंबई, दो सितंबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को ऑनलाइन सट्टेबाजी कंपनी परिमैच और कुछ अन्य कंपनियों से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत कई राज्यों में नए सिरे से छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के दायरे में भुगतान कंपनियां, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और कंपनी सचिव (सीएस) भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र में पांच, दिल्ली-एनसीआर में चार, राजस्थान में दो और गुजरात में एक स्थान पर तलाशी ली गयी।
उन्होंने बताया कि जांच के दायरे में ऐसी भुगतान कंपनियां हैं, जिन पर आरोप है कि उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट और कंपनी सचिवों के जरिए सट्टेबाजी से हुई कमाई को कथित तौर पर नकदी में बदला। इसके बाद इन कंपनियों ने परिमैच की ओर से भुगतान प्रणाली के माध्यम से अवैध तरीके से धन विदेश भेजने और ‘‘फर्जी’’ प्रत्यक्ष विदेश निवेश (ओडीआई) के जरिए रकम बाहर भेजने में मदद की। यह मामला मुंबई पुलिस के साइबर पुलिस थाने में परिमैच डॉट कॉम के खिलाफ दर्ज एक प्राथमिकी से सामने आया।
प्राथमिकी में ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए उपयोगकर्ताओं से ‘‘धोखाधड़ी’’ करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय पहले भी कई जगहों पर तलाशी ले चुका है और संपत्तियां कुर्क कर चुका है।
Nepal Flood: भारत ने भेजी 5.5 टन दवाओं की पांचवीं खेप और बचाव दल
(फोटो के साथ) नयी दिल्ली, दो सितंबर भारत ने बुधवार को बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए पांच टन से अधिक आवश्यक दवाओं की पांचवीं खेप भेजी और साथ ही 11 सदस्यीय बचाव दल भी रवाना किया गया। नेपाली अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह हिमालयी देश में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,000 से अधिक हो गई है। बचावकर्मियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों से और शव बरामद किए जाने के बाद मृतकों की संख्या में यह बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन दलों ने 12,000 से अधिक लोगों को बचा लिया है, जबकि लगभग 4,000 लोग अब भी लापता हैं। खोज और बचाव अभियान जारी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘भारत का पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना हो गया है।
इसमें विशेष उपकरणों से लैस 11 सदस्यीय बचाव दल और 5.5 टन आवश्यक दवाएं भेजी गई हैं।’’ भारत अब तक नेपाल को कुल 68.5 टन राहत सामग्री पहुंचा चुका है। नयी दिल्ली ने खोज और बचाव अभियानों के लिए उपकरणों के साथ चिकित्सकों और पैरा चिकित्सकों की एक टीम तथा तकनीकी दल भी भेजा था। भारत ने राहत सामग्री की पहली खेप 26 अगस्त को भेजी थी, जिस दिन नेपाल में अचानक बाढ़ आई और तबाही मची थी।
यह खेप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने नेपाली समकक्ष बालेन्द्र शाह से बातचीत करने के कुछ घंटे बाद भेजी गई थी। मोदी ने शाह को स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








