भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सांसद बिल हुइजेंगा संग ऊर्जा और रक्षा सहयोग पर की चर्चा
सागर कुलकर्णी वाशिंगटन, दो सितंबर अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने रिपब्लिकन पार्टी से सांसद बिल हुइजेंगा से मुलाकात की और उन्हें ऊर्जा आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने की नयी दिल्ली की पहल तथा रक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी के बारे में जानकारी दी। क्वात्रा ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दक्षिण और मध्य एशिया पर सदन की विदेश मामलों की समिति की उपसमिति के अध्यक्ष सांसद बिल हुइजेंगा के साथ सार्थक बातचीत हुई।’’ भारतीय राजदूत ने हुइजेंगा के साथ भारत-अमेरिका साझेदारी से जुड़े हालिया घटनाक्रम और प्रगति पर विचार विमर्श किया। इसमें रक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी सहयोग जैसे क्षेत्र शामिल रहे।
क्वात्रा ने कहा, ‘‘मैंने ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में हमारी बढ़ती साझेदारी, जिसमें आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाना शामिल है, और क्षेत्रीय मुद्दों पर हमारे बढ़ते सहयोग के बारे में उन्हें जानकारी दी। साथ ही दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए अमेरिकी कांग्रेस में द्विदलीय समर्थन को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।’’ ईरान युद्ध के कारण खाड़ी देशों से होने वाली ऊर्जा आपूर्ति में बाधाओं के बीच अमेरिका भारत के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) और तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) के एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में उभरा है।
नेपाल में भारी बारिश से तीन नदियां उफान पर, निचले इलाकों में अलर्ट
शिरीष बी प्रधान काठमांडू, दो सितंबर नेपाल के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के बाद तीन बड़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चले जाने के कारण बुधवार को अधिकारियों ने इस हिमालयी देश के मध्य, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की। जल एवं मौसम विज्ञान विभाग के बाढ़ पूर्वानुमान प्रभाग के अनुसार दो सितंबर को सुबह छह बजे तक सिंधुली जिले में सुन कोशी नदी, गोरखा में बूढ़ी गंडकी नदी और डडेलधुरा में महाकाली नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर था। प्रभाग ने मंगलवार को बताया कि लामजुंग जिले में मार्स्यांगदी नदी का जलस्तर रात 11 बजकर 15 मिनट पर भुकुंडेबेसी जलस्तर निगरानी केंद्र में खतरे के निशान के ऊपर दर्ज किया गया।
विभाग की ओर से जारी ताजा जानकारी के अनुसार, मार्स्यांगदी नदी में जलस्तर अब भी बढ़ रहा है। नदी में पानी का बहाव बढ़ने से बाढ़ का खतरा अधिक है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है इसलिए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
विभाग ने इन नदियों के किनारे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने को कहा है क्योंकि बाढ़ का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों ने नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने और पानी का स्तर और बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है। नेपाल में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है क्योंकि काठमांडू समेत देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








