फरीदाबाद के स्कूल में तीसरी मंजिल से कूदकर 11वीं की छात्रा ने जान दी
फरीदाबाद, एक सितंबर हरियाणा के फरीदाबाद में 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने मंगलवार को अपने स्कूल की इमारत की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर जान दे दी। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि एक शिक्षक से सजा मिलने के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाध्यापक आर के शर्मा ने छात्रा को सजा दिए जाने के आरोपों से इनकार किया।
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने कहा, ‘‘जिन हालात में छात्रा ने यह कदम उठाया, उन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी। जांच जारी है।’ पुलिस के मुताबिक, मृत छात्रा के माता-पिता ने दावा किया कि उसे शिक्षक ने इसलिए डांटा था क्योंकि ‘‘वह बिना किसी को बताए बिरयानी खाने चली गई थी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि सजा के तौर पर छात्रा को स्कूल में लगातार चार घंटे तक खड़ा रखा गया।
पुलिस ने बताया कि इससे आहत होकर छात्रा ने अपनी जान दे दी। पुलिस ने बताया कि गिरने के बाद छात्रा को अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
गुजरात के महुधा में कार चालक पर हमले के बाद 50 अवैध ढांचे हटाए गए
खेड़ा, एक सितंबर गुजरात के खेड़ा जिले के महुधा कस्बे में ऑटो-रिक्शा चालक से कहासुनी के बाद एक कार चालक की कथित तौर पर पिटाई किए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को प्रशासन ने राज्य राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण कर बनाए गये करीब 50 ढांचों को हटा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों की आवाजाही सुचारू करना था।
खेड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय पटेल ने बताया कि सोमवार शाम फीनव भागोल इलाके में घटनास्थल के निकट अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पटेल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘महुधा के फीनव भागोल इलाके में सोमवार शाम कार चालक जिग्नेशभाई पटेल का एक ऑटो-रिक्शा चालक से विवाद हो गया था।
इसके बाद रिक्शा चालक ने अपने रिश्तेदारों को बुलाया और जिग्नेशभाई पर हमला किया।’’ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले में जिग्नेशभाई पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महुधा थाने में मारपीट के संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गये हैं। पटेल ने बताया कि मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों और 25 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








