कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ मैच ड्रॉ होने के बाद, भारत के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि उनकी टीम इससे ज़्यादा कुछ नहीं कर सकती थी। सोनल दिनुशा की नाबाद 133 रनों की पारी ने भारत को निराश किया; गुरुवार को सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में मैच के पांचवें दिन मेज़बान टीम के पारी घोषित करने के बाद भारत को ड्रॉ से ही संतोष करना पड़ा। मैच के बाद गिल ने कहा कि सच कहूँ तो, कुछ नहीं। मतलब, हमने लगातार तीन दिनों तक लगभग 250 ओवर फ़ील्डिंग की और हमने अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश की। उन्होंने शानदार खेल दिखाया। मुझे लगता है कि बल्लेबाज़ों ने बहुत अच्छा खेला; उनके पास काफ़ी हुनर था और थोड़ी किस्मत भी उनके साथ थी। इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे।
इस नतीजे का मतलब था कि भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ 1-0 से जीती, क्योंकि उसने पहला टेस्ट 165 रनों से जीता था। लगातार दूसरी जीत न मिल पाने के बावजूद, गिल ने श्रीलंका के कड़े मुक़ाबले को अपनी टीम के लिए एक अहम सबक के तौर पर देखा। उन्होंने आगे कहा हमारे लिए बहुत सी अच्छी बातें रहीं, यहाँ तक कि विरोधी टीम से भी सीखने को मिला। मुझे लगता है कि वे जिस मुश्किल स्थिति और भारी दबाव में थे, और जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह देखना ज़बरदस्त था। इससे हमें यह पता चलता है—और हम लंच और टी-ब्रेक के समय भी यही बात कर रहे थे—कि मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे।
गिल ने सीरीज़ के दौरान कुछ खास व्यक्तिगत प्रदर्शनों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल, मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ़ की और साथ ही टेस्ट मैच में तेज़ गेंदबाज़ों की मेहनत को भी सराहा। गिल ने कहा कि लेकिन इस सीरीज़ में हमारे लिए कई अच्छी बातें रहीं। पडिक्कल शानदार थे, केएल का खेल बहुत अच्छा रहा, मानव ने बेहतरीन गेंदबाज़ी की और प्रसिद्ध ने दोनों पारियों में ज़बरदस्त मेहनत की; दोनों तेज़ गेंदबाज़ों ने ऐसा किया। इसलिए मुझे लगता है कि हमने अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश की।
सीरीज़ जीतने के बाद, गिल ने कहा कि अब टीम का अगला फ़ोकस उन स्टैंडर्ड्स को बनाए रखने पर होगा जो टीम ने तय किए हैं। उन्होंने तैयारी, प्रदर्शन और व्यवहार में निरंतरता को टीम के लिए प्राथमिकता बताया। गिल ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि बहुत उत्साहित हूँ। मुझे लगता है कि यह हमारे लिए बहुत रोमांचक समय है। हमारे लिए यह बहुत ज़रूरी है कि हम मैदान के अंदर और बाहर, अपनी तैयारी और प्रदर्शन के साथ-साथ अपने काम करने के तरीक़े में भी निरंतरता बनाए रखें। और मुझे लगता है कि अब तक हमारे लिए कई अच्छी बातें रही हैं।
Continue reading on the app
भारत में सर्वाधिक महत्व जिस देव का है, वो देवाधिदेव भगवान शिव ही हैं, जो आज भी समूचे भारतवर्ष में उतने ही पूजनीय और वंदनीय हैं, जितने सदियों पहले। देशभर में भगवान शिव की पूजा-उपासना व्यापक स्तर पर होती है, इसीलिए ‘शिवरात्रि’ पर्व को भारत में राष्ट्रीय पर्व का दर्जा प्राप्त है। वैसे तो शिवरात्रि हर माह मनती है किन्तु इनमें से फाल्गुन महाशिवरात्रि और सावन शिवरात्रि की महत्ता सर्वाधिक है। सावन शिवरात्रि प्रायः माह की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को मनाई जाती है, जिसे भगवान शिव के प्रति भारतीयों की आस्था की प्रतीक ‘कांवड़ यात्रा’ का समापन दिवस भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भारत में सावन शिवरात्रि का बहुत महत्व है। हिंदू पंचांग के अनुसार, सावन की शिवरात्रि सावन महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाई जाती है और वर्ष यह तिथि 11 अगस्त को प्रातः 4 बजकर 43 मिनट से शुरू होकर 12 अगस्त रात्रि 01 बजकर 51 मिनट तक रहेगी। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार, यह पर्व 11 अगस्त को ही मनाया जाएगा और इसी दिन शिवलिंग का जलाभिषेक होगा। सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर ही कांवड़ यात्रा का भी समापन होता है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस साल सावन शिवरात्रि पर चतुर्ग्रही योग बन रहा है और इस दिन कर्क राशि में सूर्य, गुरु, बुध और चंद्रमा एक साथ बैठकर चतुर्ग्रही योग का निर्माण करने वाले हैं।
धार्मिक ग्रंथों में ‘शिव’ और ‘रात्रि’ के शाब्दिक अर्थ को परिभाषित करते हुए बताया गया है, जिसमें सारा जगत शयन करता है, जो विकार रहित है, वह शिव है अथवा जो अमंगल का ह्रास करते हैं, वे ही सुखमय, मंगलमय शिव हैं। जो सारे जगत को अपने अंदर लीन कर लेते हैं, वे ही करूणासागर भगवान शिव हैं। जो भगवान नित्य, सत्य, जगत आधार, विकार रहित, साक्षीस्वरूप हैं, वे ही शिव हैं। महासमुद्र रूपी शिव ही एक अखंड परम तत्व हैं, इन्हीं की अनेक विभूतियां अनेक नामों से पूजी जाती हैं, यही सर्वव्यापक और सर्वशक्तिमान हैं, यही व्यक्त-अव्यक्त रूप से ‘सगुण ईश्वर’ और ‘निर्गुण ब्रह्म’ कहे जाते हैं तथा यही परमात्मा, जगत आत्मा, शम्भव, मयोभव, शंकर, मयस्कर, शिव, रूद्र आदि कई नामों से संबोधित किए जाते हैं। ‘रात्रि’ शब्द ‘रा’ दानार्थक धातु से बना है अर्थात् जो सुखादि प्रदान करती है, वह ‘रात्रि’ है। रात्रि सदा आनन्ददायिनी होती है, अतः सबकी आश्रयदात्री होने के कारण उसकी स्तुति की गई है। इस प्रकार शिवरात्रि का अर्थ है, वह रात्रि, जो आनंद देने वाली है, जिसका शिव नाम के साथ विशेष संबंध है।
भगवान शिव को ‘कालों का काल’ और ‘देवों का देव’ अर्थात् ‘महादेव’ कहा गया है। देव-दानव, मानव-प्रेत, भगवान शिव इन सभी के आराध्य देव रहे हैं। ‘भोले बाबा’ के रूप में सर्वत्र पूजनीय भगवान शिव को समस्त देवों में अग्रणीय और पूजनीय इसलिए भी माना गया है क्योंकि वह अपने भक्तों पर बहुत जल्दी प्रसन्न होते हैं और दूध या जल की धारा, बेलपत्र व भांग की पत्तियों की भेंट से ही अपने भक्तों पर प्रसन्न हो जाते हैं तथा उनकी मनोकामना पूर्ण करते हैं। भगवान शिव को भारत की भावनात्मक एवं राष्ट्रीय एकता तथा अखण्डता का प्रतीक माना गया है। एक होते हुए भी शिव के नटराज, पशुपति, हरिहर, त्रिमूर्ति, मृत्युंजय, अर्द्धनारीश्वर, महाकाल, भोलेनाथ, विश्वनाथ, ओंकार, शिवलिंग, बटुक, क्षेत्रपाल, शरभ इत्यादि अनेक रूप हैं। ग्रंथों में भगवान शिव के बारे में यही उल्लेख मिलता है कि तीनों लोकों की अपार सुन्दरी और शीलवती गौरी को अर्धांगिनी बनाने वाले शिव प्रेतों और भूत-पिशाचों से घिरे रहते हैं। उनका शरीर भस्म से लिपटा रहता है, गले में सर्पों का हार शोभायमान रहता है, कंठ में विष है, जटाओं में जगत तारिणी गंगा मैया हैं और माथे में प्रलयंकर ज्वाला है। बैल (नंदी) को भगवान शिव का वाहन माना गया है और ऐसी मान्यता है कि स्वयं अमंगल रूप होने पर भी भगवान शिव अपने भक्तों को मंगल, श्री और सुख-समृद्धि प्रदान करते हैं।
कहा जाता है कि भगवान विष्णु ने भगवान शिव की अनुकम्पा प्राप्त करने के लिए उन्हें अपनी एक आंख समर्पित कर दी थी। इस बारे में कहा गया है कि भगवान विष्णु जब शिव को प्रसन्न करने के लिए 1008 कमल के फूलों से उनका अभिषेक कर रहे थे, तब आखिर में एक कमल कम रह गया। इस पर भगवान विष्णु ने तुरंत कटार से अपनी एक आंख निकाली और कम रहे कमल के स्थान पर शिव को अपनी आंख अर्पित कर दी। इससे शिव विष्णु पर इतने प्रसन्न हुए कि उन्होंने भगवान विष्णु को अपना दिव्य मंत्र प्रदान कर दिया:-
ॐ त्रयम्बकं यजामहे
सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम।
उर्वारूकमिव बन्धनात।
मृत्योर्मुक्षीय मामृतात।।
भगवान शिव के मस्तक पर अर्द्धचंद्र शोभायमान है। इसके संबंध में कहा जाता है कि समुद्र मंथन के समय समुद्र से विष और अमृत के कलश उत्पन्न हुए थे। इस विष का प्रभाव इतना तीव्र था कि इससे समस्त सृष्टि का विनाश हो सकता था, ऐसे में भगवान शिव ने इस विष का पान कर सृष्टि को नया जीवनदान दिया जबकि अमृत का पान चन्द्रमा ने कर लिया। विषपान करने के कारण भगवान शिव का कंठ नीला पड़ गया, जिससे वे ‘नीलकंठ’ के नाम से जाने गए। विष के भीषण ताप के निवारण के लिए भगवान शिव ने चन्द्रमा की एक कला को अपने मस्तक पर धारण कर लिया। यही भगवान शिव का तीसरा नेत्र है और इसी कारण भगवान शिव ‘चन्द्रशेखर’ भी कहलाए।
- योगेश कुमार गोयल
(लेखक 36 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार और ‘सागर से अंतरिक्ष तक: भारत की रक्षा क्रांति’ सहित कई पुस्तकों के लेखक हैं)
Continue reading on the app