Responsive Scrollable Menu

Shubman Gill ने श्रीलंका के खिलाफ फॉलोऑन देने के फैसले का बचाव किया

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में फॉलोऑन देने का फैसला ‘उल्टा’ नहीं पड़ा क्योंकि यह फैसला स्थानीय मौसम और टीम के हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। पहली पारी में श्रीलंका को 290 रन पर आउट करने के बाद भारत ने मेजबान टीम को दोबारा बल्लेबाजी के लिए बुलाने का फैसला किया। श्रीलंका फॉलोऑन बचाने के लिए जरूरी स्कोर से 13 रन पीछे रह गया था।

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 229 रन कर दिया था, इसलिए फैसला सही नजर आ रहा था। लेकिन मेजबान टीम ने पांचवें और आखिरी दिन पूरा दिन बल्लेबाजी करते हुए मैच ड्रॉ करा लिया। गिल ने बृहस्पतिवार को मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि फॉलोऑन का फैसला उल्टा पड़ गया।

हम यह भी सोच रहे थे कि चौथे या पांचवें दिन मौसम कैसा रहेगा और बारिश की संभावना होगी या नहीं। हम उस जोखिम को लेना चाहते थे। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘सवाल यह था कि क्या हमें चौथे दिन दोबारा बल्लेबाजी करनी चाहिए और 200 रन बनाकर उन्हें करीब 400 रन का लक्ष्य देना चाहिए, या फिर फॉलोऑन देना चाहिए?

इसे भी पढ़ें: ऋषभ पंत बने WTC के 'रन किंग', शुभमन गिल को पछाड़कर रचा इतिहास!

यही फैसला हमारे सामने था। ’’ गिल के मुताबिक, उस समय टीम की स्थिति और जरूरतों के हिसाब से फॉलोऑन देना उचित फैसला था। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमने फॉलोऑन नहीं दिया होता और बारिश हो जाती, तो आप पूछ सकते थे कि हमने फॉलोऑन क्यों नहीं दिया।

लेकिन आपको उस स्थिति में सर्वश्रेष्ठ संभव फैसला लेना होता है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि फॉलोऑन का फैसला उल्टा पड़ा। ’’ गिल ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को भी उनके प्रदर्शन का श्रेय दिया।

इसे भी पढ़ें: Shubman Gill ने रचा इतिहास, Kapil Dev को पछाड़कर बने 3000 Test Runs बनाने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय

उन्होंने कहा, ‘‘वे सचमुच बढ़िया खेले। कुछ चीजें हमारे पक्ष में नहीं गईं। भारत में या किसी भी टर्निंग पिच पर आमतौर पर बल्लेबाजों के आउट होने के तीन प्रमुख तरीके होते हैं, पीछे या स्लिप में कैच लपका जाना, पगबाधा और बोल्ड करना।

इस मैच में कई पगबाधा की अपीलें भारत के पक्ष में नहीं गईं जिसके कारण टीम को अपनी रणनीति बदलनी पड़ी। ’’ पर क्या यह ड्रॉ हार जैसा महसूस हो रहा है क्योंकि भारत ने पहले से चौथे दिन तक दबदबा बनाया था? भारत ने इस टेस्ट की अपनी एकमात्र पारी में 500 से ज्यादा रन बनाए थे।

इसके बाद श्रीलंका को पहली पारी में 290 रन पर आउट किया और दूसरी पारी में उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को भी जल्दी पवेलियन भेज दिया। गिल ने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि यह हार जैसा महसूस हुआ। लेकिन निश्चित रूप से, जब आप पहली पारी में 500 रन बनाते हैं और दूसरी पारी में दो शुरुआती विकेट भी ले लेते हैं तो हमारे पास तीन दिनों में सिर्फ 18 विकेट लेने का काम रह जाता है।

इसे भी पढ़ें: IND vs SL: टीम इंडिया को बड़ा झटका, Kuldeep Yadav बाहर, सारांश जैन का 33 की उम्र में ऐतिहासिक Test Debut

आमतौर पर ऐसी स्थिति में आपको लगता है कि आप मैच जीत जाएंगे। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हम जिस स्थिति में थे, उसमें उन्होंने जिस तरह मैच ड्रॉ कराया, इसका श्रेय उन्हें जाता है। यह निश्चित रूप से निराशाजनक था।

हम जीत की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन हमें उनके जज्बे को भी श्रेय देना होगा। ’’ हालांकि दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा, लेकिन भारत ने सीरीज 1-0 से अपने नाम की।

Continue reading on the app

England vs Pakistan Test: Jordan Cox के अर्धशतक से संभली टीम, बनाए 180 रन

जॉर्डन कॉक्स और जेमी स्मिथ ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए इंग्लैंड को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन गुरुवार को यहां शुरुआती झटकों से उबारा। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुबह के सत्र में चार विकेट गंवा दिए थे। उसने चाय के विश्राम तक पांच विकेट पर 180 रन बनाए हैं।

इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में 26 ओवरों में केवल डैन लॉरेंस के विकेट के नुकसान पर 100 रन जोड़े। कॉक्स 102 गेंदों पर 55 रन और स्मिथ 53 गेंदों पर 44 रन बनाकर खेल रहे थे। यह दोनों छठे विकेट के लिए अभी तक 60 रन जोड़ चुके हैं।

इसे भी पढ़ें: England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

लॉरेंस की जगह बल्लेबाजी के लिए उतरे स्मिथ जब 15 रन पर थे तब विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने उनका कैच छोड़ दिया था। इससे पहले खुर्रम शहजाद की गेंद पर लॉरेंस को भी जीवनदान मिला जब गेंद मिडविकेट पर शान मसूद के हाथों से उछल गई। जब लॉरेंस 17 रन पर थे, तब मसूद ने इसकी भरपाई की।

इसे भी पढ़ें: ICC FTP में बदलाव की मांग, Sri Lanka चाहता है भारत और इंग्लैंड से अधिक टेस्ट

लॉरेंस ने अली उस्मान की गेंद को लेग साइड की ओर धकेला और दौड़ पड़े। लेकिन कॉक्स रन लेने में दिलचस्पी नहीं रखते थे और लॉरेंस मसूद के थ्रो से बचने के लिए बहुत देर से मुड़े। तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने सुबह के सत्र में आठ ओवरों में तीन विकेट लिए, लेकिन दोपहर के पांच ओवरों में उन्हें कोई खास सफलता नहीं मिली।

कॉक्स ने उस्मान की गेंदों पर लगातार चौके लगाकर टेस्ट क्रिकेट में लगातार दूसरा अर्धशतक बनाया।

Continue reading on the app

  Sports

Shubman Gill ने Sri Lanka टेस्ट ड्रॉ होने पर टीम के प्रयास को दिए पूरे 10 अंक

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बृहस्पतिवार को स्वीकार किया कि श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जीत हासिल नहीं कर पाना निराशाजनक था, लेकिन उन्होंने ड्रॉ हुए इस मुकाबले में अपने खिलाड़ियों के प्रयास और इरादे को ‘10 में से 10’ अंक दिए। भारत ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 229 रन कर दिया था। लेकिन मेजबान टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पूरा पांचवां दिन निकाल दिया और सोनल दिनुषा की नाबाद 133 रन की शानदार पारी की बदौलत मैच ड्रॉ करा लिया।

मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में गिल ने कहा, ‘‘यह काफी निराशाजनक होता है। शुरुआत में हमने काफी आक्रमण किया। लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पिच धीमी होती गई।

ऐसा नहीं था कि गेंद बिल्कुल भी मूव नहीं कर रही थी, लेकिन जब गेंद घूम रही थी, तब विकेट लेने के मौके नहीं थे। पिच पूरी तरह सपाट भी नहीं थी। ’’ गिल ने संकेत दिया कि श्रीलंकाई बल्लेबाजों के पूरी तरह रक्षात्मक रवैये ने भारतीय गेंदबाजों के लिए विकेट हासिल करना और मुश्किल बना दिया।

इसे भी पढ़ें: ऋषभ पंत बने WTC के 'रन किंग', शुभमन गिल को पछाड़कर रचा इतिहास!

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘जब तक आप शॉट खेलने और रन बनाने की कोशिश नहीं करते, तब तक विकेट लेना मुश्किल होता है। हमने हर संभव कोशिश की और मुझे नहीं लगता कि हमारे प्रयास में कोई कमी थी। हमारे स्पिनरों ने तीन दिनों तक लगातार 50-60 ओवर गेंदबाजी की।

’’ उन्होंने कहा, ‘‘इन परिस्थितियों में तीन दिन तक लगातार क्षेत्ररक्षण करना आसान नहीं होता। मैं प्रयास और इरादे के लिए 10 में से 10 अंक दूंगा। उन्होंने भी बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।

’’ गिल ने कहा, ‘‘चौथे दिन हमें लगा कि हमने मौके बनाए थे। अगर थोड़ा और दबाव बनाया जाता तो विकेट मिल सकते थे और शायद नतीजा बेहतर होता। लेकिन जब तक हमारे पास विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (डब्ल्यूटीसी) के लिए क्वालीफाई करने का मौका है, तब तक सब ठीक है।

’’ भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इस टेस्ट में अपेक्षाकृत धीमी गति से गेंदबाजी की और कई बार छोटे रन-अप के साथ गेंदबाजी करते नजर आए। पहली पारी में कैच लेने की कोशिश के दौरान उनके जोर से जमीन पर गिरने के बाद उनकी चोट को लेकर भी सवाल उठे। इस पर गिल ने स्पष्ट किया कि सिराज चोटिल नहीं हैं।

इसे भी पढ़ें: Shubman Gill ने रचा इतिहास, Kapil Dev को पछाड़कर बने 3000 Test Runs बनाने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय

उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले, सिराज चोटिल नहीं हैं। गॉल में पहले मैच में भी उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। वह आखिरी बार जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले थे इसलिए वह लगभग दो महीने बाद खेल रहे थे।

किसी खिलाड़ी को अपनी लय में लौटने में समय लगता है। ’’ गिल ने कहा, ‘‘ पहले टेस्ट में भी हमें लगा था कि उनकी गति कम थी, लेकिन कभी कभार जब आप ज्यादा खेलते हो तो अपनी लय वापस हासिल कर सकते हैं। लेकिन जहां तक चोट का सवाल है तो कोई चिंता की बात नहीं है।

’’ जब सिराज अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे, तब साथी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी बखूबी संभाली। गिल ने उनके प्रदर्शन और प्रगति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह हमारे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: IND vs SL: टीम इंडिया को बड़ा झटका, Kuldeep Yadav बाहर, सारांश जैन का 33 की उम्र में ऐतिहासिक Test Debut

जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं हो रही होतीं, तो खासकर इस सत्र में वह हमारे भरोसेमंद गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने मौके बनाए हैं और कप्तान के तौर पर मैं यही चाहता हूं। जब विकेट की गारंटी नहीं हो, तब हमें ऐसे गेंदबाज की जरूरत होती है जिस पर भरोसा किया जा सके।

उन्होंने यह काम शानदार तरीके से किया। ’’ गिल को उम्मीद है कि उनकी टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके मैदान पर दो टेस्ट मैच की सीरीज और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट मैच की सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करके डब्ल्यूटीसी के फाइनल में जगह बना सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अब भी लगता है कि हमारे पास डब्ल्यूटीसी फाइनल में क्वालीफाई करने का अच्छा मौका है।

अगर हम न्यूजीलैंड सीरीज में अच्छा खेलते हैं और फिर उम्मीद के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया सीरीज तक ऐसी स्थिति में पहुंच जाते हैं जहां हमें सिर्फ सीरीज जीतनी हो तो मुझे लगता है कि हम डब्ल्यूटीसी के लिए क्वालीफाई करने की अच्छी स्थिति में होंगे।

Fri, 28 Aug 2026 09:22:23 +0530

  Videos
See all

Chandra Grahan 2026 : आज चंद्र ग्रहण है, भारत में सूतक लगेगा या नहीं? | Top News | Lunar Eclipse | #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-28T04:47:14+00:00

Nepal Flood : कुदरत के कहर के बीच सिलेंडर की लूट! | Nepal Flash Flood | N18G | Top News | #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-28T04:15:20+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers