कृति सेनन के कपड़ों पर दिए बयान से पलटीं कंगना:बोलीं- उन्हें कौन रोक रहा, जो मन करे पहनें; पहले कहा- बिकिनी में राखी क्यों बांधेंगी?
एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनोट कृति सेनन के रक्षाबंधन एडवर्टाइजमेंट पर दिए बयान से पलट गईं हैं। 'डीकोड लाइव' शो में कंगना ने कहा कि कृति को जो मन करे, वह पहन सकती हैं और उन्हें कोई नहीं रोक रहा है। इंटरव्यू में जब कंगना से कृति सेनन के कपड़ों पर दिए गए उनके पुराने बयान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "जिस तरह की फिल्मों में हम उन्हें देखते हैं, उन्हें कौन रोक रहा है कुछ पहनने से? किसने उन्हें रोका है, किसको क्या पड़ी है?" इसके साथ ही कंगना ने कहा कि रक्षाबंधन के मौके पर कोई भी महिला अपनी पसंद के कपड़े पहन सकती है। 'बिकिनी' वाले कमेंट से शुरू हुआ था विवाद इससे पहले कंगना रनोट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बिना नाम लिए कृति सेनन पर निशाना साधा था। कंगना ने लिखा था कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए हर तरह के कपड़ों के विकल्प मौजूद हैं, ऐसे में रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधते समय इस तरह के कपड़े क्यों चुने गए। कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा- “महिला होने के लिए यह शानदार समय है। हमारी अलमारियां कई तरह के कपड़ों से भरी हैं और आज की महिला ग्लोबल महिला है। कॉकटेल ड्रेस से लहंगा चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक, आज हमारे पास कपड़ों के इतने विकल्प हैं। फिर आप अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेंगी? आपके पास स्टाइलिंग के इतने विकल्प कहां गए? हा हा, यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब बनाया गया लगता है।” ज्वेलरी ब्रांड ने विज्ञापन वापस लिया सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद जीवा ज्वेलरी ब्रांड ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर विज्ञापन वापस ले लिया। कंपनी ने लिखा कि उनका इरादा भारतीय संस्कृति और त्योहारों का सम्मान करना है। कंपनी का मकसद त्योहार की खुशियों में पालतू जानवरों को भी शामिल करना था। अगर इस विज्ञापन से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो कंपनी को इसका दुख है और सम्मान के तौर पर इसे सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाया जा रहा है। एड में पहनावे और पेट डॉग की वजह से विवाद यह पूरा विवाद जीवा ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन एड के बाद शुरू हुआ था। इसमें कृति इंडो-वेस्टर्न ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज में नजर आई थीं। वीडियो में वे भाई के अलावा पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती दिखी थीं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति का अपमान बताते हुए एक्ट्रेस के कपड़ों को लेकर नाराजगी जताई थी और शिकायत दर्ज करने की मांग की थी। कुछ यूजर्स ने इस एडवर्टाइजमेंट को हिंदू धर्म और त्योहारों के प्रति असंवेदनशील करार दिया। एक यूजर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार के गलत चित्रण और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में एक्ट्रेस के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। ये खबर भी पढ़ें कृति सेनन एड विवाद पर राहुल-कंगना आमने-सामने:कंगना बोलीं- ट्रिपल तलाक पर क्यों चुप रहे; राहुल ने कहा- महिलाओं के कपड़ों पर ट्रोलिंग बंद करो अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनोट ने कृति सेनन के रक्षाबंधन एड विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने एक्ट्रेस कृति सेनन का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर ‘स्मैश द पेट्रियार्की’ का मैसेज लिखा था। पूरी खबर पढ़ें
भारत के न्यूजीलैंड दौरे के टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री:पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिके, 12 मैचों का दौरा अक्टूबर से
भारत के न्यूजीलैंड दौरे के लिए पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिक गए। यह न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्री-सेल में रिकॉर्ड शुरुआती मांग है। यह दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा और 1 दिसंबर तक चलेगा। दोनों टीमों के बीच 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट खेले जाएंगे। मैचों की संख्या के लिहाज से यह न्यूजीलैंड में अब तक का सबसे बड़ा घरेलू मल्टी-फॉर्मेट दौरा है। भारतीय टीम 2019-20 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगी। ईडन पार्क के व्हाइट-बॉल मैचों की सबसे ज्यादा मांग न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मुकाबलों के टिकट सबसे तेजी से बिक रहे हैं। यहां सीरीज का चौथा टी-20 और पहला वनडे खेला जाएगा। क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भी टिकटों की भारी मांग है। करीब 9 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरुआती दो टी-20 मैच 22 और 24 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसी मैदान पर दौरे का दूसरा और आखिरी टेस्ट भी खेला जाएगा। यह मुकाबला 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा और इसके टिकटों की बिक्री भी तेजी से हो रही है। वेलिंगटन में भी टिकटों की मजबूत मांग वेलिंगटन में होने वाले मुकाबलों के लिए भी शुरुआती बिक्री मजबूत रही है। हेनरी स्टेडियम में सीरीज का तीसरा टी-20 और दूसरा वनडे खेला जाएगा। वहीं, पहला टेस्ट सेलो बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से शुरू होगा। NZC बोला- भारत को खेलते देखना दुर्लभ मौका न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग एंड कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा कि फैंस ने टिकट जल्दी खरीदने की अपील पर अच्छी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहले दो दिनों में रिकॉर्ड बिक्री से पता चलता है कि बड़ी संख्या में फैंस ने समय रहते अपनी सीट बुक कर ली है। क्रिचली ने कहा कि न्यूजीलैंड के फैंस के लिए भारत के खिलाफ क्रिकेट मैच का माहौल देखने और दुनिया के बड़े क्रिकेट सितारों को लाइव देखने का यह खास मौका है। पिछले सीजन जितनी ही रखी टिकटों की कीमत NZC ने इस सीजन टिकटों की कीमत में बढ़ोतरी नहीं की है। बोर्ड के मुताबिक, क्रिकेट नेशन एक्सेस कोड का इस्तेमाल करने पर टिकट 30 न्यूजीलैंड डॉलर से कम में मिल रहा है। फैंस के लिए ‘द फोर’ और ‘द सिक्स’ ग्रुप टिकट पैकेज के साथ-साथ अलग-अलग वेन्यू के टिकट बंडल भी उपलब्ध हैं। इनका उद्देश्य ज्यादा दर्शकों को मैच देखने के लिए आकर्षित करना है। 7 सितंबर से आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री क्रिकेट नेशन की मेंबर सेल के बाद आम दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी। हालांकि, जो फैंस क्रिकेट नेशन के लिए साइन अप करेंगे, उन्हें प्री-सेल में पहले टिकट खरीदने का मौका मिलेगा। उन्हें इस दौरान 15% की छूट भी मिलेगी। 12 मैचों का पूरा दौरा, 6 साल बाद टेस्ट सीरीज भारत और न्यूजीलैंड तीनों फॉर्मेट के कुल 12 मुकाबले खेलेंगे। यह न्यूजीलैंड की मेजबानी में मैचों की संख्या के लिहाज से सबसे बड़ा भारत दौरा है। भारतीय टीम करीब छह साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगी। पिछली बार 2019/20 में भारत ने वहां टेस्ट सीरीज खेली थी। इस बार दोनों टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व और क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में होंगे। इस दौरे की वनडे सीरीज अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम होगी। टिकट पैकेज का गणित, ‘द फोर’ में 4 और ‘द सिक्स’ में 6 टिकट, दोनों में अलग छूट न्यूजीलैंड क्रिकेट ने ग्रुप में मैच देखने वाले दर्शकों के लिए द फोर में और द सिक्स टिकट विकल्प शुरू किए हैं। ये सामान्य टिकट से अलग पैकेज हैं, जिनमें एक साथ कई टिकट खरीदने पर डिस्काउंटेड कीमत मिलती है। द फोर में 4 वयस्कों के टिकट और द सिक्स में 6 वयस्कों के टिकट शामिल हैं। --------------- क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… अफगानिस्तान में होगी IPL जैसी लीग, 27 दिसंबर से पहला सीजन, 3 टीमों के नाम घोषित अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने IPL जैसी अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) टी-20 का ऐलान किया है। टूर्नामेंट का पहला सीजन 27 दिसंबर से शुरू होगा। दुबई में हुए कार्यक्रम में एक्सल यूनाइटेड काबुल, बलख जवानन और कंधार वारियर्स फ्रेंचाइजी के नाम सामने आए। इसी कार्यक्रम में लीग की ट्रॉफी ‘कोह-ए-जफर’ को भी लॉन्च किया गया। पढ़ें पूरी खबर
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 









