Gandak Barrage के सभी 36 फाटक खोले, Bihar में Nepal की बाढ़ के बाद अलर्ट
बिहार सरकार ने पड़ोसी देश नेपाल के कई जिलों में बुधवार को अचानक आई बाढ़ के बाद गंडक नदी में जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए पूरे तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा है। स्थिति से निपटने के लिए वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज के सभी 36 फाटक खोल दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि बुधवार दोपहर तक वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से करीब 86 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था और जलप्रवाह लगातार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एहतियाती कदम के तौर पर बैराज के सभी 36 फाटक खोल दिए गए हैं तथा अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में तकनीकी टीम तैनात की गई है। गंडक नदी के बेसिन में आने वाले सभी जिलों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी फाटक खोलने से पानी का प्रवाह सुचारु रहेगा और बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, सभी विभागों को संभावित आपात स्थिति को देखते हुए आवश्यक सामग्री का भंडारण करने, तटबंधों का नियमित निरीक्षण करने और चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल संसाधन मंत्री ने बताया कि नेपाल के देवघाट गेज स्टेशन पर नारायणी नदी का जलस्तर 4.77 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि चेतावनी स्तर 7.30 मीटर और खतरे का निशान नौ मीटर है।
उन्होंने कहा कि यदि जलस्तर में तेजी से वृद्धि होती है तो करीब साढ़े तीन घंटे में उसका प्रभाव गंडक बैराज तक पहुंच सकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित जिलों में विशेष सतर्कता बरतने और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गंडक नदी से जुड़े पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों में निगरानी बढ़ाने को कहा है।
उन्होंने नेपाल से आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखने और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से लोगों को लगातार आवश्यक सूचनाएं और संभावित खतरे की चेतावनी देता रहे, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तैयार रखा जाए तथा जिला प्रशासन इनके साथ समन्वय कर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासनिक और तकनीकी टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें तथा किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे नेपाल से बढ़ा जलप्रवाह गंडक बैराज तक पहुंच गया, जिससे जलप्रवाह में करीब 20 हजार क्यूसेक की वृद्धि दर्ज की गई। सिंह ने कहा, ‘‘जलप्रवाह के रात करीब 11 बजे चरम पर पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद इसमें कमी आने लगेगी।
अधिकतम जलप्रवाह करीब दो लाख क्यूसेक रहने का अनुमान है।’’ सचिव ने बताया कि इस वर्ष अब तक का सर्वाधिक जलप्रवाह 14 जुलाई 2026 को 2.24 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया था, जबकि 28 सितंबर 2024 को 5.625 लाख क्यूसेक का रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए स्थिति सामान्य रहने की उम्मीद है। फिर भी बैराज, तटबंधों और नियंत्रण कक्ष में सभी टीमें पूरी तरह सतर्क हैं।’’ सचिव ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करने, लगातार निगरानी रखने, आवश्यक सामग्री का भंडारण करने तथा तटबंधों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, संवेदनशील क्षेत्रों में जिला प्रशासन लाउडस्पीकर और माइक्रोफोन के माध्यम से समय पर लोगों को सतर्क कर रहा है। अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ऐसी बाढ़ होती है, जो बहुत कम समय में भारी बारिश, बादल फटने, पहाड़ी क्षेत्रों से तेज जलप्रवाह या बांध से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण आती है।
Poonch में अनियंत्रित कार खाई में गिरने से 6 लोगों की मौत, 3 घायल हुए
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक जताया है।
उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित लोगों को तुरंत हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना सुरनकोट के शेलधर इलाके में हुई। घायलों में शामिल एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने पीटीआई-को बताया, आज शाम एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब एक कार (मारुति ईको) सेरी चौहाना गांव की ओर जा रही थी।
रास्ते में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी, जिससे छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहम्मद शफीक (32), नजाकत हुसैन (34), शिराज अहमद (30), मोहम्मद फरीद (21), मुसर्रत नाज (19) और जुल्फत बी (25) के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में पांच वर्षीय इरशान अहमद, मोहम्मद अमीन (30) और ताहिर अहमद (25) घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पुंछ ले जाया गया।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। पुंछ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. परवेज खान ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा, अतिरिक्त एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को तुरंत मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि चार पुरुषों और दो महिलाओं के शवों को जिला अस्पताल लाया गया है।
उपराज्यपाल (एलजी) सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पुंछ में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
जिला प्रशासन को प्रभावितों को तुरंत सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने भी एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उमर अब्दुल्ला ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है, पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पोस्ट में कहा गया कि सीएमओ हर संभव मदद पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






.jpg)

