Rava Besan Dhokla: बाजार जैसा सॉफ्ट और स्पंजी रवा बेसन ढोकला घर पर बनाएं, टेस्ट सब करेंगे पसंद
Rava Besan Dhokla: नाश्ते में अगर कुछ हल्का, स्वादिष्ट और झटपट तैयार होने वाला खाने का मन हो तो रवा बेसन ढोकला एक बेहतरीन विकल्प है। सूजी यानी रवा और बेसन से तैयार यह ढोकला मुलायम, स्पंजी और स्वाद में बेहद लाजवाब होता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत या किसी खास कुकिंग स्किल की जरूरत नहीं पड़ती। सही मात्रा में सामग्री और बैटर की कंसिस्टेंसी का ध्यान रखें तो घर पर भी ढोकला बाजार जैसा फूला हुआ बन सकता है।
रवा बेसन ढोकले की खासियत इसका हल्का खट्टा-मीठा स्वाद और ऊपर से डाली जाने वाली मसालेदार तड़के की खुशबू है। इसे सुबह के नाश्ते के अलावा शाम की चाय के साथ भी परोसा जा सकता है। हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है। आइए जानते हैं रवा बेसन ढोकला बनाने की आसान रेसिपी।
रवा बेसन ढोकला बनाने के लिए सामग्री
- रवा (सूजी) - 1 कप
- बेसन - 1/2 कप
- दही - 1/2 कप
- पानी - जरूरत के अनुसार
- अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट - 1 छोटा चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- हल्दी - 1/4 छोटा चम्मच
- चीनी - 1 छोटा चम्मच
- नींबू का रस - 1 बड़ा चम्मच
- ईनो फ्रूट सॉल्ट - 1 छोटा चम्मच
- तेल - 1 बड़ा चम्मच
- तड़के के लिए
- तेल - 1 बड़ा चम्मच
- राई - 1 छोटा चम्मच
- तिल - 1 छोटा चम्मच
- हरी मिर्च - 2 बारीक कटी हुई
- करी पत्ते - 8-10
- थोड़ा पानी और चीनी
रवा बेसन ढोकला बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बड़े बाउल में रवा और बेसन डालें। इसमें दही, नमक, हल्दी, चीनी, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन स्मूद बैटर तैयार करें। इसे करीब 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि रवा अच्छी तरह फूल जाए।
अब ढोकला बनाने वाली प्लेट या थाली को थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें। स्टीमर में पानी गर्म होने के लिए रख दें। बैटर को एक बार अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत लगे तो थोड़ा पानी डालकर कंसिस्टेंसी ठीक करें। सबसे आखिर में ईनो डालें और ऊपर से एक-दो चम्मच पानी डालकर हल्के हाथ से बैटर को एक ही दिशा में मिलाएं। ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर तक न फेंटें।
तुरंत बैटर को चिकनी की हुई थाली में डालें और स्टीमर में रख दें। मध्यम आंच पर करीब 15-20 मिनट तक भाप में पकाएं। ढोकला पक गया है या नहीं, यह देखने के लिए बीच में टूथपिक या चाकू डालकर देखें। अगर वह साफ बाहर निकल आए तो ढोकला तैयार है। इसे कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काट लें।
तड़का लगाए बिना अधूरा है ढोकले का स्वाद
अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई डालें। राई चटकने लगे तो तिल, हरी मिर्च और करी पत्ते डालकर हल्का भूनें। इसमें थोड़ा पानी और चीनी डालकर एक उबाल आने दें। तैयार तड़के को ढोकले के ऊपर समान रूप से डालें। इससे ढोकला और भी स्वादिष्ट व रसदार हो जाएगा।
ढोकला स्पंजी बनाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
बैटर को बहुत ज्यादा पतला न रखें और रवा को फूलने के लिए पर्याप्त समय दें। ईनो हमेशा स्टीम करने से ठीक पहले डालें। ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर तक न रखें, वरना ढोकला उतना फूला हुआ नहीं बनेगा। स्टीमर में पानी पहले से गर्म होना चाहिए। ढोकले को तेज आंच के बजाय मध्यम आंच पर पकाने से उसकी बनावट बेहतर रहती है। तैयार ढोकले को हरी चटनी और मीठी चटनी के साथ सर्व करें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)
Papad Ki Sabji: राजस्थान की मशहूर पापड़ की सब्जी घर पर बनाएं, स्वाद ऐसा कि दाल-बाटी भी लगेगी फीकी!
Swine Flu Symptoms: सामान्य से दिखने वाले ये लक्षण कहीं स्वाइन फ्लू तो नहीं? इन उपायों से खुद को रखें सेफ
Monsoon Spice Storage: बरसात में मसालों को रखें सूखा और फ्रेश, काम आएंगे ये 5 आसान टिप्स
Monsoon Spice Storage Tips: बारिश के मौसम में किचन की कई चीजों पर नमी का असर पड़ने लगता है और मसाले भी इससे अछूते नहीं हैं। नमी के कारण मसाले गीले होकर अपनी खुशबू और स्वाद खो सकते हैं। कई बार डिब्बे खोलने पर मसालों में गांठें पड़ जाती हैं, जिससे उन्हें इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है।
ऐसे में मसालों को सही जगह और सही तरीके से स्टोर करना बेहद जरूरी है। कुछ आसान सावधानियों को अपनाकर आप मॉनसून में भी अपने मसालों को लंबे समय तक सूखा और फ्रेश रख सकते हैं।
1. मसालों को हल्का भूनकर करें स्टोर
धनिया, जीरा, राई और साबुत लाल मिर्च जैसे साबुत मसालों को स्टोर करने से पहले हल्का भून सकते हैं। इससे उनमें मौजूद अतिरिक्त नमी कम करने में मदद मिलती है। भूनने के बाद मसालों को पूरी तरह ठंडा करें और फिर एयरटाइट डिब्बे में रखें।
2. प्लास्टिक की जगह कांच की एयरटाइट बरनी चुनें
मॉनसून में मसालों को खुली पैकिंग या ढीले ढक्कन वाले डिब्बों में रखने से बचें। कांच की एयरटाइट बरनी मसालों को हवा और नमी से बचाकर रखने में मदद कर सकती है। बरनी में मसाला भरने से पहले उसे पूरी तरह सूखा जरूर लें।
3. हींग और लौंग आएंगे काम
पिसे हुए मसालों को एयरटाइट डिब्बे में रखने के साथ आप उसमें थोड़ी मात्रा में हींग या कुछ लौंग रख सकते हैं। ये पारंपरिक किचन टिप्स मसालों को सूखा रखने में मदद कर सकते हैं।
4. मसालों को ठंडी और सूखी जगह पर रखें
मॉनसून में मसालों की बरनियों को गैस चूल्हे, सिंक या ऐसी जगह रखने से बचें जहां भाप और नमी ज्यादा रहती हो। किचन की सूखी अलमारी मसालों को रखने के लिए बेहतर जगह हो सकती है।
5. गीली चम्मच से मसाला न निकालें
मसाले निकालते समय हमेशा सूखी और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें। गीली चम्मच से डिब्बे में नमी पहुंच सकती है, जिससे मसाले जल्दी गीले पड़ सकते हैं। खासकर हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और गरम मसाला जैसे पाउडर मसालों के लिए यह सावधानी जरूरी है।
इन बातों का भी रखें खास ध्यान
- मसालों की बरनियों को सीधे धूप और बारिश की नमी से दूर रखें।
- एक साथ बहुत ज्यादा मसाले भरने की बजाय जरूरत के हिसाब से छोटी मात्रा स्टोर करें।
- मसाला निकालने के तुरंत डिब्बे का ढक्कन बंद कर दें।
- किसी मसाले में नमी या खराब होने के स्पष्ट संकेत दिखें, तो उसका इस्तेमाल न करें।
मॉनसून के दौरान मसालों को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए सबसे जरूरी है कि उन्हें नमी, भाप और पानी से दूर रखा जाए। एयरटाइट बरनी, सूखी चम्मच और सही स्टोरेज जगह जैसी छोटी-छोटी सावधानियां मसालों की खुशबू और स्वाद को बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें: मौसम बदलते ही बढ़ने लगा सर्दी-जुकाम का खतरा? डाइट में शामिल करें ये 5 आयुर्वेदिक जूस
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi








