Nagpur में Chlorine Gas का रिसाव होने से कई लोग अस्पताल में भर्ती, NDRF तैनात
नागपुर में रविवार देर रात एक जल शोधन संयंत्र में क्लोरीन गैस का रिसाव होने से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नागपुर महानगरपालिका (एनएमसी) ने बताया कि गोदहनी गांव स्थित जल शोधन संयंत्र में रविवार देर रात करीब एक बजे 900 किलोग्राम क्षमता वाले क्लोरीन गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ जिसके बाद कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महानगरपालिका के अनुसार, गैस आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल गई जिससे लोग घबरा गए तथा कई लोगों को खांसी की दिक्कत हुई और सांस लेने में परेशानी हुई। मानकापुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने 200 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और इलाके की घेराबंदी कर दी। एनएमसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया और कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया।
नगर निकाय के अग्निशमन कर्मी रिसाव की सूचना मिलने पर पानी के दो टैंकर और श्वसन उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे। नागपुर में पेयजल आपूर्ति करने वाली ऑरेंज सिटी वाटर प्राइवेट लिमिटेड (ओसीडब्ल्यू) के कर्मचारियों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को भी सहायता के लिए बुलाया गया। नगर निकाय ने बताया कि सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे रिसाव बंद किए जाने के बाद एनडीआरएफ की टीम, अग्निशमन कर्मियों और ओसीडब्ल्यू के कर्मचारियों ने क्लोरीन सिलेंडर को कास्टिक सोडा मिले पानी के एक टैंक में डाल दिया।
एक अधिकारी ने कहा कि कई लोग खुद अस्पताल पहुंचे, जबकि कई अन्य लोगों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
FTA पर नए समझौतों से जुड़ेगा 15 हजार अरब डॉलर का बाजार, बोले Piyush Goyal
राजेश राय
तोक्या, 24 अगस्त वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत कम से कम आठ-नौ और देशों के समूहों तथा अलग-अलग देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के लिए बातचीत कर रहा है। इनसे कुल 15 हजार अरब डॉलर की अतिरिक्त जीडीपी वाली अर्थव्यवस्थाओं तक भारत की पहुंच बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत के मुक्त व्यापार समझौतों से अंततः वैश्विक व्यापार का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा भारत के लिए खुल जाएगा और इससे देश को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भरोसेमंद भागीदार के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। गोयल ने यहां भारत और जापान के कारोबारी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का घरेलू बाजार बड़ा है और वह दुनिया के लिए अपने दरवाजे खोल रहा है। पिछले चार वर्षों में भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। उन्होंने कहा कि इन नौ समझौतों के तहत 38 विकसित देशों समेत कुल 60 हजार अरब डॉलर की जीडीपी वाली अर्थव्यवस्थाएं आती हैं। मंत्री ने कहा कि जापान और कोरिया समेत विभिन्न देशों तथा आसियान क्षेत्र के साथ पहले किए गए व्यापार समझौतों से 10 हजार अरब डॉलर की अतिरिक्त जीडीपी तक पहुंच बनी है। गोयल ने कहा, ‘‘आज भारत 70 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए तरजीही बाजार पहुंच के दरवाजे खोल रहा है। हम कम से कम आठ या नौ अन्य देशों के समूहों या देशों के साथ बातचीत कर रहे हैं, जिससे 15 हजार अरब डॉलर और जुड़ेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह हमारे मुक्त व्यापार समझौतों के जरिये वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत हिस्सा कवर हो जाएगा और भारत को वैश्विक मूल्य श्रृंखला का भरोसेमंद भागीदार बनने का अवसर मिलेगा।’’ गोयल दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 200 से अधिक प्रतिनिधियों वाले एक बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में डेटा सेंटर, विनिर्माण और कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे क्षेत्रों में निवेश के बड़े अवसर मौजूद हैं। मंत्री ने कहा कि बढ़ते आर्थिक संबंधों से भारत और जापान के बीच संतुलित व्यापार की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलनी चाहिए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








