CPI M नेताओं ने AN Shamseer पर टिप्पणी करने पर Vellappally Natesan को आड़े हाथ लिया
विपक्ष के नेता पिनराई विजयन समेत मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेताओं ने पार्टी नेता एवं केरलम विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ए एन शमशीर के खिलाफ टिप्पणी को लेकर एसएनडीपी योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन की शनिवार को आलोचना की। श्री नारायण धर्म परिपालन (एसएनडीपी) योगम के महासचिव नटेसन ने शुक्रवार को अलप्पुझा में एक कार्यक्रम के दौरान शमशीर की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शमशीर ‘‘सच्चे कम्युनिस्ट’’ नहीं हैं, बल्कि उनकी सोच इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) जैसी है।
नटेसन ने कहा था कि विजयन जैसे वरिष्ठ नेताओं ने वर्षों के संघर्ष और त्याग के बाद अपना वर्तमान मुकाम हासिल किया है, जबकि शमशीर ने बिना किसी तरह के संघर्ष के नेतृत्व में जगह बना ली। इसके जवाब में, शमशीर ने नटेसन का नाम लिये बिना फेसबुक पर संत-समाज सुधारक श्री नारायण गुरु की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, ‘‘असमानता और अज्ञानता मानवता के सबसे बड़े शत्रु हैं।” त्रिशूर में संवाददाता सम्मेलन में विजयन ने कहा कि नटेसन की टिप्पणी ‘‘पूरी तरह बेतुकी’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘माकपा में कोई भी ‘शॉर्टकट’ के जरिए नेता नहीं बनता।
कोई व्यक्ति वर्षों तक संगठन में काम करने के बाद ही अपनी पहचान बनाकर नेता बनता है।” उन्होंने कहा कि पार्टी ने ऐसी टिप्पणियों को खारिज कर दिया है। माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने कहा कि नटेसन को यह तय करने की जरूरत नहीं है कि शमशीर कौन हैं या उनकी क्या पहचान है। यह पूछे जाने पर कि क्या माकपा नटेसन के प्रति अपना रुख बदल रही है, गोविंदन ने कहा कि पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और उसने ऐसे मामलों पर स्पष्ट एवं दृढ़ रुख अपनाया है।
माकपा की कन्नूर जिला इकाई के सचिव के. के. रागेश ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसा लगता है कि नटेसन को विश्वास है कि पूरा समुदाय उनके कहे अनुसार सोचता और कार्य करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नटेसन की टिप्पणियां अक्सर सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने वाली होती हैं। रागेश ने आरोप लगाया कि शमशीर के खिलाफ नटेसन की टिप्पणी उनकी ‘‘सांप्रदायिक नफरत’’ से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि माकपा नेता शमशीर ने राजनीतिक जीवन में हिंदू और मुस्लिम दोनों सांप्रदायिक ताकतों के हमलों का सामना किया है। उन्होंने कहा, ‘‘शमशीर छात्र आंदोलन के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल हुए और वह थालास्सेरी से दो बार विधायक चुने गए। उन्होंने विजयन के नेतृत्व वाली दूसरी सरकार में विधानसभा अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था।’’ रागेश ने शमशीर के खिलाफ नटेसन के रुख को ‘‘निंदनीय’’ बताते हुए पार्टी नेताओं के खिलाफ लगाए जा रहे निराधार आरोपों और ‘‘दुष्प्रचार’’ के विरोध में व्यापक जन आंदोलन का आह्वान किया।
Meerut Murder Case में सौतन समेत 3 गिरफ्तार, बेटे के विवाद में की थी हत्या
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक महिला की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में मृतका के पति की दूसरी पत्नी भी शामिल है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल एक कार भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार के अनुसार, 19 अगस्त को सरधना क्षेत्र में गन्ने के खेत में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और महिला की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस ने मृतका की तस्वीर सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और फेसबुक पर प्रसारित कराई। 21 अगस्त को भावनपुर थाना क्षेत्र के सियाल गांव निवासी जुनैद ने तस्वीर देखकर महिला की पहचान अपनी बहन शीबा (25) के रूप में की। इसके बाद जुनैद की शिकायत पर सरधना थाने में पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि सादिक की पहली पत्नी आसिया से पांच बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं है। पुत्र की इच्छा में सादिक ने शीबा से दूसरी शादी की थी और दोनों का करीब 18 माह का एक बेटा है। पुलिस ने कहा कि शीबा के पुत्र होने के बाद आसिया बच्चे को अपने पास रखना चाहती थी और शीबा की हत्या का दबाव बना रही थी।
आरोप है कि साजिश रचकर शीबा को घूमाने के बहाने कार में बैठाया गया और कार में उसके साथ मारपीट करने के बाद ईंट से सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को कुशावली-सलावा मार्ग स्थित गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। पुलिस और स्वाट टीम ने शनिवार को आरोपी शादाब तथा आरोपी महिलाओं वसीला और आसिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में वांछित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







