जीतू-पटवारी के भाई को हिरासत में ले सकती है पुलिस:नाना ने क्रिकेट बेटिंग ID ली थी; दुबई से सट्टा नेटवर्क ऑपरेट, अलग-अलग देशों में सर्वर
मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी एक बार फिर इंदौर पुलिस के रडार पर हैं। सट्टा-मटका केस में पुलिस उन्हें दोबारा हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। नाना के मोबाइल से मिले सट्टा एप के डिजिटल सुरागों का कनेक्शन दुबई तक पहुंचा है। पुलिस के मुताबिक, नाना के मोबाइल में दो ऑनलाइन सट्टा एप मिले थे। नाना ने क्रिकेट बेटिंग के लिए सौम्य प्रीत शिंदे से ID ली थी, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। इन्हीं सुरागों से मनीष पमनानी, पिंकेश माहेश्वरी और बंटी असरानी समेत कई लोगों के कनेक्शन सामने आए हैं। राजेंद्र नगर पुलिस ने शुक्रवार को राहुल निंबोला, सौम्य प्रीत शिंदे और धर्मेंद्र खींची को गिरफ्तार किया। मामले में अब तक 12 आरोपी पकड़े जा चुके हैं और पुलिस ने संगठित सट्टा संचालन के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। नाना के मोबाइल से खुली नई कड़ी इंदौर डीसीपी जोन-2 नरेंद्र रावत के मुताबिक, पुलिस ने नाना के मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य कड़ियों को खंगाला तो बड़े सट्टेबाजों के नाम सामने आए। इनमें मनीष पमनानी, पिंकेश माहेश्वरी और बंटी असरानी सहित अन्य लोगों से जुड़े लिंक की जांच की जा रही है। जांच में सामने आया कि नाना पटवारी को क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए एप्लीकेशन और आईडी उपलब्ध कराने की कड़ी सौम्य प्रीत शिंदे तक पहुंची। पुलिस ने शुक्रवार को शिंदे को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, शिंदे ने अपने मोबाइल नंबर और आईडी से नाना को सट्टा खेलने से संबंधित एप और लिंक उपलब्ध कराए थे। इसी कड़ी के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क के दूसरे सदस्यों की भूमिका खंगालना शुरू किया। दुबई और दूसरे देशों से ऑपरेट हो रहा नेटवर्क डीसीपी जोन-2 के मुताबिक, जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क का विदेशी कनेक्शन भी सामने आया है। गिरोह के कुछ सदस्य दुबई और दूसरे देशों में बैठे सट्टेबाजों के सीधे संपर्क में थे। विदेशी सट्टेबाज एप और वेबसाइट की लिंक अपने एजेंटों और बुकियों तक पहुंचाते थे। इसके बाद एजेंट और बुकी व्हाट्सऐप के जरिए लोगों को आईडी और लिंक उपलब्ध कराकर ऑनलाइन सट्टे से जोड़ते थे। सट्टा एप के जरिए लोगों को शुरुआत में जीत का अनुभव कराया जाता था। इससे उन्हें ज्यादा रकम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। शुक्रवार को 3 गिरफ्तारियां, कई कनेक्शन मिले डीसीपी जोन-2 ने बताया- शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में राहुल निंबोला राजेंद्र नगर क्षेत्र का रहने वाला है। सौम्य प्रीत शिंदे की भूमिका नाना तक सट्टा एप और आईडी पहुंचाने की कड़ी के रूप में सामने आई है। वहीं, धर्मेंद्र खींची रावजी बाजार क्षेत्र का पुराना बदमाश बताया गया है। धर्मेंद्र खींची और राहुल निंबोला के विदेश में बैठे सट्टेबाजों से सीधे संपर्क की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा जूनी इंदौर के किक्का के कनेक्शन को भी पुलिस खंगाल रही है। अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार एसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के साथ BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। संगठित तरीके से सट्टा संचालन और आईटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। विदेशी सर्वर और ऑनलाइन गेमिंग एप के लिंक दंडोतिया के मुताबिक, नाना पटवारी के जब्त मोबाइल से ऑनलाइन गेमिंग और जुआ एप के सर्वर विदेश में होने से जुड़े कुछ विदेशी लिंक भी सामने आए हैं। क्राइम ब्रांच इन तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के आपसी कनेक्शन के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। नाना पटवारी का नाम नेटवर्क की कड़ियों से जुड़ने के बाद पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। जांच में जिसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलेंगे, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच में कुछ और नाम भी सामने आए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ………………………………….. ये खबर भी पढ़ें… जीतू-पटवारी के भाई के फोन में मिली सटोरियों की ID इंदौर के राजेंद्र नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों के तार कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से जुड़े हैं। कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।पूरी खबर पढ़ें
सीजेपी चीफ अभिजीत दीपके के खिलाफ FIR:शिक्षकों को धमकाने और सरकारी काम में रुकावट डालने का आरोप, लातूर के स्कूल में बिना अनुमति घुसे थे
महाराष्ट्र के लातूर जिले में पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन पर बिना अनुमति सरकारी स्कूल में घुसने, सरकारी काम में रुकावट डालने और शिक्षकों को धमकाने का आरोप है। यह FIR औसा पुलिस स्टेशन में जिला परिषद उर्दू स्कूल की शिक्षिका सय्यद शमशादबानो खैरातअली (53) की शिकायत पर दर्ज की गई। शिकायत के मुताबिक, घटना औसा के पास जावली स्थित जिला परिषद उर्दू स्कूल में हुई। यह जगह मुंबई से 500 किलोमीटर से ज्यादा दूर है। दीपके लातूर जिले के स्कूलों में जाकर उनकी समस्याएं बता रहे हैं। यह दौरा CJP के चल रहे ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का हिस्सा था। बिना अनुमति स्कूल में घुसकर छात्रों से सवाल पूछे शिकायत के मुताबिक, अभिजीत दिपके और उनके साथी बिना अनुमति स्कूल में घुस गए। वे छात्रों के बीच बैठ गए और उनसे कई सवाल पूछे। शिकायत में कहा गया है कि इससे पढ़ाई और सरकारी काम में रुकावट आई। CJP नेता ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। दूसरे स्कूल के छात्रों को बैठाने का आरोप शिकायत के अनुसार, दीपके ने स्कूल को बदनाम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दौरे के दौरान दूसरे स्कूल के छात्रों को लाकर कक्षाओं में बैठाया गया था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्होंने शिक्षकों को निलंबित कराने की धमकी दी। BNS की इन धाराओं में FIR पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। इनमें सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल, घर में बिना अनुमति घुसना, आपराधिक धमकी और आपराधिक मानहानि से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है। ----------------- ये खबर भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी शुरू करेगी 'क्या बोलती पब्लिक' कैंपेन:अभिजीत दीपके गांव-शहरों में युवाओं से बात करेंगे; बेरोजगारी और महंगी शिक्षा होगी मुद्दा कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके सितंबर से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान शुरू करेंगे। दीपके ने गुरुवार को महाराष्ट्र के संभाजीनगर में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि हम गांव-शहर जाकर युवाओं से बात करेंगे। साथ ही, बेरोजगारी और महंगी शिक्षा को मुद्दा बनाएंगे। पढ़ें पूरी खबर…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 









