बॉम्बे और कराची के हलवे का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मुंह में पानी आने लगता है। यह चमकीला रबर की तरह खिंचने वाला और मुंह में घुल जाने वाला होता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को यह बहुत पसंद आता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि इसको घर में बनाना काफी मुश्किल है और यह बाजार जैसा नहीं बनेगा। लेकिन आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको इसकी आसान रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं। ऐसे में आप भी पहली बार में एकदम हलवाई जैसा हलवा बना सकती हैं।
सामग्री
कॉर्नफ्लोर - आधा कप
चीनी - डेढ़ कप
देसी घी - एक चौथाई कप
पानी - 2 कप
नींबू का रस - 1 छोटी चम्मच
फूड कलर - 2 चुटकी (ऑरेंज, लाल या हरा - जो आपको पसंद हो)
कटे हुए मेवे - 2-3 बड़े चम्मच (काजू, बादाम, मगज के बीज)
इलायची पाउडर - आधा छोटा चम्मच
ऐसे बनाएं बॉम्बे-कराची हलवा
सबसे पहले एक बड़े बाउल में आधा कप कॉर्नफ्लोर लें। फिर इसमें एक कप पानी डालकर इसको अच्छे से मिक्स करें। ध्यान रखें कि इसमें कोई गांठ न हो। फिर गैस पर एक भारी तली वाली कड़ाही रखें। अब इसमें एक कप पानी और डेढ़ कप चीनी डालें। गैस की आंच को मीडियम रखें और चीनी को पानी में पूरी तरह से घुलने दें। इसमें ताल वाली चाशनी नहीं बननी चाहिए। बस चीनी को पिघलाकर पानी में एक उबाल लाना है।
जैसे ही चाशनी उबलने लगे, इसमें 1 चम्मच नींबू का रस मिला दें। नींबू का रस चीनी को जमने से रोकता है और हलवे में भी मार्केट जैसी चमक लाता है। फिर गैस को स्लो करें और कॉर्नफ्लोर वाले घोल को चम्मच से चलाकर धीरे-धीरे कढ़ाही में डालते जाएं। वहीं दूसरे हाथ से इसको लगातार चलाते जाएं, जिससे कि इसमें गांठ न पड़े। कुछ ही मिनटों में मिश्रण गाढ़ा और जेली जैसा हो जाएगा।
इस दौरान इसको चलाते रहना जरूरी है, वरना यह जल भी सकता है। जह हलवा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें एक-एक चम्मच करके देसी घी डालें। एक चम्मच घी डालें और उसको पूरी तरह से हलवे मिक्स होने दें और फिर दूसरा चम्मच घी डालें। इससे हलवा चिपकेगा नहीं और हलवे को शानदार चमक मिलेगी। जब हलवा सारा घी सोख लेगा, तो थोड़े से पानी में घोलकर अपना मनपसंद फूड कलर डालें। इसके साथ ही बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें।
जब हलवे का मिश्रण कड़ाही के किनारों को छोड़ने लगे और एक जगह पर एकत्र होने लगे, तो गैस को पूरी तरह से बंद कर दें। फिर एक ट्रे में थोड़ा सा घी लगाकर इसको चिकना कर दें। अब कढ़ाही से गरमागरम मिश्रण को ट्रे में निकालकर बराबर फैला दें। इसके ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स सजा दें। इसको कमरे के तापमान पर 2 से 3 घंटे के लिए सेट होने का छोड़ दें। जब यह अच्छे से सेट हो जाए, तो चाकू से अपने मनचाहे आकार में काट लें।
जानें हलवा न बिगड़ने के खास टिप्स
यह हलवा बनाते समय गैस की आंच को शुरू से लेकर लास्ट तक स्लो रखना है। तेज आंच पर कॉर्नफ्लोर कच्चा रह जाएगा और इसका स्वाद बिगड़ जाएगा।
इस रेसिपी में सबसे ज्यादा मेहनत आपके हाथों की हैं। आपको लगातार इसको चलाते रहना है, तभी हलवा रबर जैसा लचीला और मुलायम बनेगा।
घी को इसमें थोड़ा-थोड़ा करके ही डालें। इससे हलवा घी को अंदर तक अच्छे से सोख लेता है और उसका टेक्सचर सही आता है।
Continue reading on the app