जादवपुर यूनिवर्सिटी में ABVP-लेफ्ट छात्रों में हिंसक झड़प:कई घायल; दोनों पक्षों ने हिंसा और बाहरी लोगों को लाने के आरोप लगाए
कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी में बुधवार और गुरुवार की रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद कैंपस में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों के कई छात्र घायल हैं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। ABVP सदस्यों ने लेफ्ट संगठन के छात्रों पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं वामपंथी छात्र संगठनों ने ABVP पर बाहरी लोगों को कैंपस में लाने और तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। अलग-अलग छात्र संगठनों के मुताबिक, विवाद फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्टूडेंट्स यूनियन (FETSU) की जनरल मीटिंग को लेकर शुरू हुआ। बैठक के दौरान ABVP और वामपंथी संगठनों के सदस्यों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना से जुड़े कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें लोगों का एक समूह नारे लगाते हुए बंद कमरों या दूसरी जगहों में घुसने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप आगजनी और पत्थरबाजी के भी आरोप झड़प के दौरान कैंपस की एक बिल्डिंग के बाहर और कुछ अन्य जगहों पर आग लगाए जाने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों की ओर से मारपीट के साथ भीड़ की हिंसा और पत्थरबाजी के आरोप भी लगाए गए हैं। इन घटनाओं के कारण कैंपस में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। घायलों से मिलने पहुंचीं विधायक घटना में घायल छात्रों का इलाज KPC मेडिकल कॉलेज में कराया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधायक शर्बरी मुखर्जी ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। ABVP का पुलिस स्टेशन पर प्रदर्शन, आज विरोध का ऐलान ABVP केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य शुभब्रत अधिकारी ने बताया कि मामले में कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। ABVP से जुड़े कुछ सदस्य जादवपुर पुलिस स्टेशन में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ABVP ने बुधवार रात हुई घटना के विरोध में गुरुवार सुबह 11 बजे प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पुलिस की मौजूदगी के बीच यूनिवर्सिटी में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर चला JCB:बैरिकेड-फेंसिंग हटाए गए; दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर कार्रवाई हुई थी
नई दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बने कुछ ढांचों को अधिकारियों ने हटा दिया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, इन ढांचों की जांच में पाया गया कि वे हाई कमीशन के लिए तय और मंजूर सीमा से बाहर बने थे। इसके बाद संबंधित एजेंसियों ने गुरुवार को JCB की मदद से इन ढांचों को तोड़ दिया। कार्रवाई में हाई कमीशन के बाहर सड़क की लेन में लगाए गए बैरिकेड्स, लोहे की फेंसिंग और अन्य अस्थायी ढांचे भी हटाए गए। वीजा सेक्शन के पास लोगों की कतार संभालने के लिए लगाए गए स्ट्रक्चर भी इस कार्रवाई की चपेट में आए। मौके पर बड़ी मात्रा में मलबा दिखाई दिया। वीजा सेक्शन के बाहर बिखरा मलबा कार्रवाई के बाद मौके पर टूटी हुई लोहे की रेलिंग, गेट, धातु के फ्रेम, छत की चादरें, ईंटें और कंक्रीट-प्लास्टर के टुकड़े बिखरे नजर आए। बाहरी हिस्से की सफेद धातु की फेंसिंग और कॉरुगेटेड रूफिंग के कुछ हिस्से पूरी तरह हटा दिए गए। तस्वीरों में वीजा सेक्शन के सर्विस काउंटर भी दिखाई दिए। वहां ‘Window 1’, ‘Pakistani Passport Only’ और ‘Window-5 / Collection of Visa Applications’ जैसे बोर्ड लगे हुए थे। काउंटरों के आसपास टूटी फेंसिंग और निर्माण सामग्री पड़ी दिखाई दी। मुख्य इमारत और गेट सुरक्षित कार्रवाई हाई कमीशन की मुख्य इमारत पर नहीं हुई। परिसर का मुख्य प्रवेश द्वार, सफेद दीवारें, गुंबदनुमा डिजाइन और पाकिस्तानी प्रतीक वाला बड़ा गेट पहले की तरह मौजूद रहा। परिसर की बाहरी सीमा के कुछ हिस्सों में कांटेदार तार भी दिखाई दिए। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई का आधार यह था कि बाहर बने कुछ स्ट्रक्चर हाई कमीशन की स्वीकृत सीमा के बाहर थे। इन्हें हटाने के लिए संबंधित एजेंसियों ने JCB का इस्तेमाल किया। इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर भी हुई थी कार्रवाई दिल्ली में यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स और पार्किंग पोल हटा दिए थे। इसके बाद दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बने ढांचों को हटाया गया है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली में अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई की वजह मंजूर सीमा से बाहर बने अनधिकृत ढांचे को बताया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










