MP में 23-24 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर, आज पन्ना-सागर समेत 16 जिलों में हैवी रेन अलर्ट, जानें इंदौर-भोपाल में कैसा रहेगा मौसम
जैसे-जैसे अगस्त का महीना आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार भी तेज होती जा रही है। इसका ज्यादा असर पूर्वी हिस्से में देखने को मिल रहा है। पिछले एक हफ्ते से लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। जलस्तर बढ़ने से जबलपुर के बरगी डैम के 9 गेट खोल दिए गए हैं। उमरिया के जोहिला बांध के 3 गेट खोलकर भी पानी छोड़ा जा रहा है।
चित्रकूट की गुप्त गोदावरी से लगातार पानी बहने के चलते दोनों गुफाएं बंद कर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। डिंडोरी के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। गुरुवार को 15 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। अवदाब और मानसून ट्रफ लाइन के प्रभाव से फिलहाल 20 से 24 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मध्य और पश्चिमी हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के प्रबल संकेत हैं।
गुरुवार को एमपी में 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
- अति भारी वर्षा: पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़
- भारी वर्षा: विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, दतिया, भिंड, सतना, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, निवाड़ी, मैहर
इंदौर-भोपाल में हल्की बारिश
भोपाल, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनुपपुर, शाहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
MP में अब भी 12% कम बारिश, अबतक 583.4 मिलीमीटर पानी गिरा
- मध्य प्रदेश में 1 जून से 19 अगस्त 2026 के बीच सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
- प्रदेश में अब तक करीब 23 इंच (583.4 मिलीमीटर) बारिश हुई है जबकी 26.1 इंच ( 663.7 मिलीमीटर) बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से 3.1 इंच पानी कम गिरा है।
- पूर्वी मध्य प्रदेश औसत से 14% और पश्चिमी मध्य प्रदेश औसत से 10% कम पानी गिरा है।
- जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग की स्थिति बेहद कमजोर बनी हुई है।
- 39 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है, सिर्फ प्रदेश के अनूपपुर, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ जिलों में ही सामान्य से अधिक पानी गिरा है।
बैरागढ़ पुलिस ने 12 हजार के इनामी शातिर चोर को किया गिरफ्तार, चोरी के पैसों से खरीदी यामाहा बाइक की जब्त
भोपाल में बैरागढ़ पुलिस ने चोरी की वारदातों में शामिल एक 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों में कुल 12 हजार रुपए का इनाम था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम से खरीदी गई यामाहा बाइक बरामद की है। आरोपी ने संत नगर की एक दुकान से करीब दो लाख रुपए चोरी करने की बात भी कबूल की है।
राजधानी में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बैरागढ़ थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से फरार था और कई मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस अब उससे अन्य मामलों और संभावित वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
संत नगर की दुकान में दो लाख की चोरी का खुलासा
मामला 30 जून 2026 का है, जब संत नगर निवासी नीरज वासवानी ने बैरागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि काली मंदिर चौराहे के पास स्थित उनकी शिव शक्ति पान मसाला दुकान का ताला तोड़कर बदमाश रात में अंदर घुस गए थे। दुकान में रखे करीब दो लाख रुपए नकद चोरी कर लिए गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया और डीवीआर का वायर काट दिया। वहीं शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
दरअसल फुटेज में एक संदिग्ध का चेहरा आंशिक रूप से दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी तस्वीर के पंपलेट तैयार कर शहर के अलग-अलग इलाकों और व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किए। लगातार तलाश के बाद संदिग्ध की पहचान राहिद खान (19) निवासी मैदा मिल, अर्जुन नगर झुग्गी, थाना एमपी नगर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी दीपू चौहान के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
चोरी की रकम से खरीदी बाइक
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी दीपू चौहान भी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त जोन-4 की ओर से 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे भी पकड़कर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि चोरी की रकम का हिस्सा मिलने के बाद राहिद खान ने उससे यामाहा मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि राहिद खान केवल बैरागढ़ के मामले में ही नहीं, बल्कि भोपाल के गोविंदपुरा और टीटी नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज कई पुराने मामलों में भी वांछित था। गोविंदपुरा थाने के अलग-अलग मामलों में उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार, 2 हजार और 2 हजार रुपए के इनाम घोषित थे। इस तरह आरोपी पर कुल 12 हजार रुपए का इनाम था।
रवि कुमार की रिपोर्ट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News











