PM Modi ने UK के समकक्ष Andy Burnham से की बात, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर बनी सहमति
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के उनके समकक्ष एंडी बर्नहम ने शुक्रवार को भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को ‘‘नयी ऊंचाइयों’’ पर ले जाने और हाल ही में लागू हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौते से मिलने वाले व्यापार और निवेश के अवसरों का पूरा लाभ उठाने का संकल्प लिया। मोदी और बर्नहम ने फोन पर बातचीत के दौरान दोनों देशों के संबंधों के अहम पहलुओं पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने बर्नहम को शीर्ष पद संभालने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों से लोगों के आपसी संबंधों जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने और भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सहमत हुए।’’ मोदी ने कहा, ‘‘हम दोनों देशों के लोगों की साझा समृद्धि और कल्याण के लिए हाल ही में लागू हुए भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते से मिलने वाले व्यापार और निवेश के अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए भी मिलकर काम करेंगे।’’ इस बीच, ब्रिटेन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बर्नहम ने बातचीत की शुरुआत ब्रिटेन-भारत साझेदारी की मजबूती और ब्रिटेन के स्थानीय समुदायों पर इसके महत्वपूर्ण प्रभाव का जिक्र करते हुए की। इसमें कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन-भारत संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की अपनी महत्वाकांक्षाएं बताईं, जिसमें ब्रिटेन-भारत विजन 2035 कार्य ढांचा और लोगों से लोगों के बीच मजबूत संबंध शामिल हैं।’’ बयान के अनुसार, बर्नहम ने ब्रिटिश समाज में भारतीय समुदायों के योगदान की सराहना की जबकि मोदी ने दोनों नेताओं के अपने गृह नगरों - मैनचेस्टर और गुजरात के अहमदाबाद (जिसे उन्होंने भारत का मैनचेस्टर कहा) - के संबंधों का जिक्र किया। इसमें आगे कहा गया कि व्यापार के मुद्दे पर मोदी ने हाल ही में शुरू किए गए मुक्त व्यापार समझौते के महत्व पर जोर दिया जिससे दोनों देशों के लोगों के लिए अवसर पैदा होंगे।
Jantar Mantar पर पत्थरों से भरे ट्रक मामले में न्यायिक जांच की मांग: Congress
कांग्रेस ने बीते 20 जुलाई को छात्रों के संसद मार्च के समय जंतर-मंतर के निकट कथित तौर पर पत्थरों से भरा ट्रक खड़ा किए जाने के मामले में शुक्रवार को न्यायिक जांच की मांग की और आरोप लगाया कि यह गंभीर सुरक्षा चूक का मामला है तथा सरकार का खेल उजागर हो चुका है। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि 20 जुलाई को पत्थरों से भरा एक ट्रक पहले जंतर-मंतर के पास खड़ा देखा गया और बाद में उसे भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यालय के सामने खड़ा कर दिया गया, जहां वह 25 जुलाई तक खड़ा रहा। उन्होंने कुछ वीडियो दिखाए और इनका हवाला देते हुए सवाल किया कि संसद मार्च वाले दिन यह ट्रक वहां कैसे पहुंचा और इसे वहां किसके निर्देश पर खड़ा किया गया?
चिब ने कहा, ‘‘हमारा सवाल है कि पत्थरों से भरे डंपर को भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यालय के सामने किस मंशा से खड़ा किया गया था। यह एक बड़ी सुरक्षा चूक का मामला भी है।’’ उन्होंने कहा कि क्या सरकार चाहती थी कि प्रदर्शन के दौरान इन पत्थरों का इस्तेमाल हो और इसके बाद बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाए। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि इस मामले में उच्च न्यायालय में सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता ने कहा था कि यह डंपर प्रदर्शनकारियों से जुड़ा हुआ है, जबकि बाद में 28 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि यह डंपर एक सड़क दुर्घटना के बाद जब्त किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘ये दोनों बातें विरोधाभासी हैं।’’ चिब ने आरोप लगाया कि अब सरकार का पूरा खेल उजागर हो चुका है। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ने इस मामले में स्वतंत्र एवं न्यायिक जांच कराने, डंपर की आवाजाही से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा पूरे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की। चिब ने यह आरोप भी लगाया कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उनपर दबाव बनाया जा रहा है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi

















