महाराष्ट्र: महालक्ष्मी एक्सप्रेस के डिब्बे से धुआं निकलने के बाद यात्रियों में मची अफरा-तफरी, कोई हताहत नहीं
ठाणे, 28 जुलाई कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कर्जत के पास मंगलवार सुबह धुआं निकलने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना मुंबई से करीब 90 किलोमीटर दूर कर्जत के मंकी हिल खंड में हुई, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार, धुआं संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण उठा था। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत प्रभावित डिब्बे की जांच की जिसके बाद ट्रेन आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई। कर्जत जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण मटकर ने कहा, ‘‘इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।’’ अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन के कर्जत स्टेशन से जाने का समय सुबह पांच बजकर 30 मिनट है, लेकिन इस घटना के कारण इसके रवाना होने में देरी हुई।
अधिकारियों द्वारा डिब्बे की जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने के बाद ट्रेन सुबह छह बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई।
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में अमरनाथ यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 39 श्रद्धालु घायल
श्रीनगर, 28 जुलाई जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन क्षेत्र में मंगलवार को अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं की एक बस सड़क से फिसलते हुए एक घर के ऊपर जा गिरी, जिससे कम से कम 39 यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना हरिगनीवान क्षेत्र में उस समय हुई, जब एक मोड़ पर बस चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से फिसल कर एक मकान पर जा गिरी।
उन्होंने बताया कि हादसे में मकान को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन बस नीचे लुढ़क कर सिंध नदी में गिरने से बच गई। दुर्घटना के समय घर में कोई नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि गुफा मंदिर में दर्शन कर लौट रहे सभी 39 श्रद्धालु इस हादसे में घायल हुए हैं।
स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। सिन्हा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘गांदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से फोन बात कर आज सुबह गनिवान में सड़क दुर्घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रहे 39 श्रद्धालु घायल हुए हैं और फिलहाल एसकेआईएमएस में उनका उपचार किया जा रहा है।’’ उपराज्यपाल ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों को हर संभव मदद और बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सिन्हा ने कहा, ‘‘मैं भगवान शिव से घायल भक्तों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।




prabhasakshi
















