तेलंगाना में परिवार पंजी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, अवैध वोट बैंक बचाने का लगाया आरोप
हैदराबाद, 28 जुलाई भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. राम चंद्र राव ने राज्य सरकार द्वारा पूरे राज्य में ‘इलेक्ट्रॉनिक परिवार पंजी’ लागू करने के फैसले की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अपने ‘‘अवैध वोट बैंक’’ को बचाने के लिए जल्दबाजी में परिवार पंजी प्रमाणपत्र जारी करने की तैयारी कर रही है। राव ने इस बात पर बल दिया कि उनकी पार्टी राज्य की मतदाता सूची में एक भी अवैध रोहिंग्या, बांग्लादेशी या पाकिस्तानी नागरिक को रहने नहीं देगी। भाजपा नेता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कांग्रेस, बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) और एमआईएम (मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) ने दशकों तक अवैध वोट बैंक को संरक्षण दिया है।
अब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिखाई दे रही है। यही वजह है कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह अवैध तरीके से जल्दबाजी में परिवार पंजी प्रमाणपत्र जारी करने में जुटी है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा सड़कों पर और अदालतों में इस लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार है। राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर पूरे राज्य में इलेक्ट्रॉनिक ‘तेलंगाना परिवार पंजी’ का गठन किया है और ‘मी-सेवा’ मंच के जरिए परिवार पंजी प्रमाणपत्र जारी करने की सुविधा शुरू की है।
सरकारी आदेश के अनुसार, नागरिक सेवाओं की उपलब्धता को अधिक सुगम बनाने, परिवार संबंधी विवरणों के सत्यापन में एकरूपता सुनिश्चित करने तथा परिवारों का आसानी से उपलब्ध होने वाला आधिकारिक अभिलेख तैयार करने के उद्देश्य से सरकार ने परिवार पंजी लागू करने का निर्णय लिया है।
महाराष्ट्र: महालक्ष्मी एक्सप्रेस के डिब्बे से धुआं निकलने के बाद यात्रियों में मची अफरा-तफरी, कोई हताहत नहीं
ठाणे, 28 जुलाई कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कर्जत के पास मंगलवार सुबह धुआं निकलने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना मुंबई से करीब 90 किलोमीटर दूर कर्जत के मंकी हिल खंड में हुई, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार, धुआं संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण उठा था। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत प्रभावित डिब्बे की जांच की जिसके बाद ट्रेन आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई। कर्जत जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण मटकर ने कहा, ‘‘इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।’’ अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन के कर्जत स्टेशन से जाने का समय सुबह पांच बजकर 30 मिनट है, लेकिन इस घटना के कारण इसके रवाना होने में देरी हुई।
अधिकारियों द्वारा डिब्बे की जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने के बाद ट्रेन सुबह छह बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi



















