Shershaah और Raazi ने बदला देशभक्ति फिल्मों का ट्रेंड, राष्ट्रवाद के साथ मानवीय पहलुओं को दी जगह
अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे भारत में देशभक्ति की कहानियों का अंदाज भी बदल रहा है। वीरता के अतिरंजित किस्सों, युद्धभूमि पर जीत और जोशीले राष्ट्रवाद से इतर अब ऐसी कहानियां भी जगह बना रही हैं, जो देशभक्ति को कहीं अधिक मानवीय, सहज और रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़कर सामने रखती हैं। सिनेमा घरों से लेकर ओटीटी मंचों और टेलीविजन तक यह बदलाव दिखाई दे रहा है।
हालांकि, बड़े बजट की फिल्में अब भी दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। ‘बॉर्डर 2’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्में बड़े पैमाने के युद्ध दृश्यों, एक्शन और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कथानक पर जोर देती हैं, वहीं ‘इक्कीस’, ‘अमरन’ और ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ जैसी फिल्में और वेबसीरीज सैनिकों और उनके परिवारों की भावनात्मक यात्रा को कहानी के केंद्र में रखती हैं। पिछले एक दशक में देशभक्ति की बदलती सिनेमाई को आकार देने वाली कुछ प्रमुख फिल्में और वेबसीरीज इस प्रकार हैं: ‘राजी’ (2018): मेघना गुलजार की यह जासूसी फिल्म हरिंदर सिक्का के उपन्यास ‘कॉलिंग सहमत’ पर आधारित थी।
इसे भी पढ़ें: Awarapan 2 Public Review: सिनेमाघरों में रिलीज हुई Emraan Hashmi की फिल्म, फैंस को मिला एक खास सरप्राइज
आलिया भट्ट ने सहमत की भूमिका निभाई, जो 1971 में पाकिस्तानी सैन्य परिवार में विवाह के बाद भारत के लिए जासूसी करती है। फिल्म ने देश के लिए बलिदान के साथ जासूसी के व्यक्तिगत और नैतिक दुष्परिणामों को भी सामने रखा। ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ (2019): आदित्य धर की यह फिल्म 2016 की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से प्रेरित थी।
विक्की कौशल अभिनीत फिल्म ने सैन्य कार्रवाई को जोशीले अंदाज में पेश किया और ‘हाउ इज द जोश?’ संवाद को बेहद लोकप्रिय बना दिया। ‘द फैमिली मैन’ (2019): मनोज बाजपेयी अभिनीत इस सीरीज ने जासूसी को मध्यमवर्गीय पारिवारिक जीवन के साथ जोड़ा। श्रीकांत तिवारी देश की सुरक्षा के साथ पत्नी और बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने की जद्दोजहद करता है।
‘शेरशाह’ (2021): सिद्धार्थ मल्होत्रा अभिनीत यह फिल्म कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर आधारित है। कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि में सैनिक की वीरता के साथ उनकी निजी जिंदगी और मंगेतर डिंपल चीमा के साथ रिश्ते को भी प्रमुखता दी गई। ‘अमरन’ (2024): शिवकार्तिकेयन और साई पल्लवी अभिनीत इस तमिल फिल्म में मेजर मुकुंद वरदराजन की सैन्य यात्रा के साथ उनके परिवार और पत्नी इंदु की भूमिका को भी केंद्र में रखा गया है।
इसे भी पढ़ें: Independence Day 2026: आजादी के जश्न में घोलें देशभक्ति का स्वाद, ट्राई करें ये 3 स्पेशल Tricolour Recipes
फिल्म सैनिक के बलिदान के साथ पीछे छूट जाने वालों की पीड़ा को भी सामने लाती है। ‘स्काई फोर्स’ (2025): अक्षय कुमार और वीर पहाड़िया अभिनीत यह फिल्म 1965 के युद्ध में भारतीय वायुसेना की कार्रवाइयों पर आधारित है। हवाई युद्ध और सैन्य वीरता पर केंद्रित यह फिल्म बड़े पैमाने की युद्ध फिल्मों के प्रति दर्शकों की रुचि को दर्शाती है।
‘धुरंधर’ (2026): रणवीर सिंह की दो भागों वाली जासूसी पर आधारित फिल्म में जस्कीरत सिंह रंगी के हमजा अली मजारी नाम से पाकिस्तान में गुप्त अभियान चलाने की कहानी है। कंधार विमान हाईजैक, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी घटनाओं की पृष्ठभूमि वाली यह फिल्म जासूसी और बड़े पैमाने की कार्रवाई को जोड़ती है। ‘इक्कीस’ (2026): श्रीराम राघवन की यह फिल्म सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है।
इसे भी पढ़ें: Independence Day 2026: ऑफिस और स्कूल के लिए Creative Decoration Ideas, जानें तिरंगे के साथ कैसे सजाएं अपना वर्कस्पेस
1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि में यह युवा सैनिक के साहस और बलिदान को अपेक्षाकृत संयमित और मानवीय दृष्टिकोण से पेश करती है। यह दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म भी थी। ‘बॉर्डर 2’ (2026): जे. पी. दत्ता की 1997 की फिल्म की अगली कड़ी में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी हैं।
अनुराग सिंह निर्देशित यह फिल्म 1971 के युद्ध को बड़े पैमाने और भव्यता के साथ पेश करती है। ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ (2026): नेटफ्लिक्स की यह सीरीज 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की भूमिका पर केंद्रित है। सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल और अभय वर्मा अभिनीत सीरीज में लड़ाकू पायलटों के साहस के साथ उनकी दोस्ती, स्क्वाड्रन की संस्कृति और सैन्य जीवन के भावनात्मक दबाव को भी उभारा गया है।
स्वतंत्रता दिवस पर Saif Ali Khan पहुंचे कमान अमन सेतु, जवानों के साथ खेला क्रिकेट
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अभिनेता सैफ अली खान की जम्मू-कश्मीर यात्रा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। तस्वीरों में सैफ अली खान उरी सेक्टर स्थित ऐतिहासिक कमान अमन सेतु पर नजर आ रहे हैं, जहां उन्होंने वहां तैनात जवानों से मुलाकात की और उनके साथ कुछ वक्त भी बिताया। सैफ की ये तस्वीरें उनके आधिकारिक फैन अकाउंट से शेयर की गई हैं। तस्वीरों में अभिनेता सैनिकों के साथ बातचीत करते और उस जगह के बारे में जानकारी लेते दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह रही कि सैफ ने इस दौरान सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं की, बल्कि जवानों के साथ समय बिताकर वहां के माहौल को करीब से समझने की कोशिश भी की।
इसे भी पढ़ें: Independence Day के मद्देनजर Jammu & Kashmir में High Alert, नियंत्रण रेखा से राजमार्गों तक सुरक्षा का कड़ा पहरा
जवानों के साथ क्रिकेट भी खेलते दिखे सैफ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैफ ने जवानों से बातचीत करने के अलावा उनके साथ क्रिकेट भी खेला। यह बात इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि क्रिकेट सैफ के परिवार से हमेशा से किसी न किसी रूप में जुड़ा रहा है। उनके पिता और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी देश के जाने-माने क्रिकेटरों में रहे हैं। ऐसे में सैफ का जवानों के साथ मैदान पर क्रिकेट खेलना उनकी इस यात्रा का एक हल्का-फुल्का और यादगार पल रहा होगा। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के बाद फैंस भी इस विजिट को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। हालांकि, सैफ की इस यात्रा को लेकर उनकी ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
क्या है कमान अमन सेतु?
कमान अमन सेतु जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में स्थित एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थान है। यह पुल झेलम नदी के ऊपर बना हुआ है और इसे ‘ब्रिज ऑफ पीस’ यानी शांति का पुल भी कहा जाता है। यह इलाका लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के करीब है और भारत तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के बीच संपर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सीमा बिंदुओं में गिना जाता है। कमान अमन सेतु का नाम सामने आते ही आमतौर पर भारत-पाकिस्तान के बीच रिश्तों और सीमा क्षेत्र की याद आती है। ऐसे में सैफ का यहां पहुंचना और जवानों के साथ वक्त बिताना उनकी यात्रा का खास हिस्सा रहा।
इसे भी पढ़ें: Haiwaan Teaser: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म हैवान के टीजर बढ़ाई कहानी की दिलचस्पी
सैफ की अगली फिल्म में दिखेगा बिल्कुल अलग अंदाज
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान जल्द ही फिल्म ‘हैवान’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसने सैफ के किरदार को लेकर काफी उत्सुकता पैदा कर दी। टीजर में सैफ एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। यह उनके करियर में पहली बार है जब वह इस तरह का किरदार निभाने जा रहे हैं। यानी पर्दे पर भी सैफ इस बार अपने पुराने अंदाज से हटकर कुछ नया करने की कोशिश करते नजर आएंगे। ‘हैवान’ सैफ के लिए एक और वजह से खास है। यह उनकी निर्देशक प्रियदर्शन के साथ पहली फिल्म है। फिल्म में सैफ के साथ अक्षय कुमार भी मुख्य भूमिका में हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। टीजर में सैफ का किरदार रहस्यमय और गंभीर नजर आया है, जबकि अक्षय कुमार की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। फिलहाल सैफ की उरी यात्रा की तस्वीरों ने फैंस का ध्यान खींचा है। एक तरफ अभिनेता ने कमान अमन सेतु पर जवानों के साथ वक्त बिताया, वहीं दूसरी तरफ उनकी अगली फिल्म में एक ऐसा किरदार देखने को मिलेगा, जो उनके लिए भी काफी अलग अनुभव होने वाला है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









.jpg)
