BJP की नई टीम में Vasundhara Raje बनीं उपाध्यक्ष, सतीश पूनिया बने महासचिव
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सोमवार को कहा कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नयी टीम ‘‘अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक कौशल का संगम’’ है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि भाजपा की राजस्थान इकाई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मदन राठौड़ ने कहा कि नयी राष्ट्रीय टीम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और अंत्योदय’ की भावना से काम करते हुए पार्टी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
राठौड़ ने कहा कि पदाधिकारियों का संगठनात्मक अनुभव देशभर के साथ-साथ राजस्थान के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भी लाभकारी साबित होगा। वसुंधरा राजे ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में संगठन की सेवा का एक और अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी मिलकर विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में सफल होंगे।
भाजपा की राजस्थान इकाई के 2019 से 2023 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी ने उन्हें अब तक जो भी जिम्मेदारी सौंपी, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि नयी भूमिका में भी संगठन की अपेक्षाओं को पूरा करने और सकारात्मक परिणाम देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे।
Smriti Irani बनीं भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव, PM Modi और नितिन नवीन का जताया आभार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त होने पर, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने संगठन और राष्ट्र की सेवा करने का एक और मौका देने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया। ईरानी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक साधारण भाजपा कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर सेवा करने की जिम्मेदारी मिलने तक का यह सफर बेहद विनम्रता से भरा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी तथा संगठन और राष्ट्र की सेवा करने का एक और मौका दिया।’’ ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाने का संकल्प सिर्फ भविष्य की एक सोच नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प में योगदान देना जिम्मेदारी और सौभाग्य, दोनों है।
ईरानी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के लिए संगठन में हर जिम्मेदारी ‘‘सबसे पहले’’ सेवा करने का एक अवसर होती है, जो ‘‘राष्ट्र प्रथम’’ के सिद्धांत से प्रेरित होती है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी भावना और हमारे वरिष्ठ नेतृत्व के निरंतर मार्गदर्शन के साथ, मैं नयी प्रतिबद्धता के साथ यह जिम्मेदारी संभालने, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और राष्ट्र-निर्माण व मां भारती की सेवा के बड़े मिशन में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।’’ ईरानी ने कहा, ‘‘मैं देश भर में अपने सभी सहयोगियों और नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










.jpg)
