Himanta Biswa Sarma ने Assam में कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिस को दिए निर्देश
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और पुलिस को अपराध रोकने एवं जांच में सुधार के लिए ज़्यादा मज़बूत, आधुनिक तथा जन-केंद्रित तरीका अपनाने का निर्देश दिया। एक सरकारी परिपत्र से यह जानकारी सामने आयी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि शर्मा ने कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के अहम पहलुओं की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह तथा पुलिस एवं गृह विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ बातचीत बाल विवाह, बहुविवाह, अपराध नियंत्रण, होम गार्ड और ग्राम रक्षा दल में सुधार, डायल 112, बटालियन परियोजना, पुलिस आवास और पुलिस थाने के अधिकार-क्षेत्र को तर्कसंगत बनाने जैसे मुद्दों पर केंद्रित रही।’’ इसमें कहा गया है कि शर्मा ने अपराध रोकने, जांच को मज़बूत करने और दोषियों को समय पर सज़ा दिलाने के लिए एक मज़बूत, आधुनिक और जनोन्मुखी पुलिस प्रणाली की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। असम सरकार ने छह जुलाई को विधानसभा को बताया था कि 2016 में राज्य में पहली बार भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से, राज्य भर में दर्ज लगभग 10 लाख मामलों में से पुलिस ने सिर्फ 54 प्रतिशत मामलों में ही आरोपपत्र दाखिल किये।
इस बीच, मुख्य सचिव रवि कोटा ने बताया कि उन्होंने दिन में असम राइफल्स (पूर्व) के महानिरीक्षक मेजर जनरल इंदरजीत सिंह भिंडर के साथ बातचीत की। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमने आपसी हित के मामलों पर विचार-विमर्श किया, जिसमें सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और विकास के क्षेत्रों में नागरिक-सुरक्षा समन्वय और संस्थागत तालमेल को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
MMRDA ने Thane में Metro निर्माणस्थल से मलबा गिरने के बाद ठेकेदार पर 12.5 करोड़ का जुर्माना लगाया
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक स्कूल वैन में सवार लोग उस वक्त बाल-बाल बच गए, जब उपरिगामी मेट्रो निर्माणस्थल से मलबा गिरने के कारण उसका टायर पंक्चर हो गया। हालांकि, एमएमआरडीए ने कहा कि निर्माण स्थल पर बैरिकेड के बाहर कुछ सामग्री बिखर गई थी और कोई पत्थर सीधे किसी वाहन से नहीं टकराया। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने दहिसर-मीरा भयंदर लाइन के निर्माण कार्य में शामिल ठेकेदारों और सलाहकारों पर 12.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
दहिसर-मीरा भयंदर मेट्रो लाइन (फेज 2) के नानासाहेब धर्माधिकारी मेट्रो स्टेशन स्थल के पास पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपरिगामी ढांचे से पत्थर और कंक्रीट के स्लैब का एक हिस्सा मुख्य सड़क पर गिरा। इसके टुकड़े स्कूल वैन के पिछले हिस्से पर गिरे, जिससे टायर पंचर हो गया और ड्राइवर का कुछ देर के लिए नियंत्रण बिगड़ गया, हालांकि उसने बाद में गाड़ी रोक दी।
उन्होंने दावा किया कि गाड़ी में कई बच्चे सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और उस जगह की घेराबंदी कर दी, जहां मलबा गिरा था।
एमएमआरडीए ने एक बयान में कहा कि यह घटना तब हुई जब ‘ओवरहेड क्रेन’ से ले जाया जा रहा सामान गलती से पास के पैदल पार पथ (एफओबी) क्षेत्र में रखे ग्रेनाइट पत्थरों से टकरा गया। इस टक्कर से ग्रेनाइट के कई स्लैब अपनी जगह से हट गए और नीचे गिर गये। इससे यह स्पष्ट हो गया कि ग्रेनाइट का कोई भी पत्थर किसी वाहन पर नहीं गिरा और न ही सीधे किसी वाहन से टकराया।
हालांकि, इसमें बताया गया है कि घेरे के बाहर बिखरे मलबे के कारण वहां से गुजर रही एक गाड़ी के टायर पंचर हो गए; साथ ही यह भी कहा गया है कि उस समय गाड़ी खाली थी और किसी को चोट नहीं आई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











