राम मंदिर चढ़ावा विवाद: VHP अध्यक्ष आलोक कुमार ने अयोध्या DSP को लिखा पत्र, केजरीवाल-रामगोपाल और प्रियंका गांधी के बयानों की जांच की मांग
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बयानबाजी लगातार बढ़ती जा रही है। इस मामले ने देश के सनातियों को गहरा आघात पहुंचाया है। विपक्षी दल लगातार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और भाजपा सरकार पर निशाना साध रहा है और कई गंभीर आरोप लगा रहा है। इस बीच, विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने अयोध्या के डीएसपी आशुतोष तिवारी को एक पत्र लिखा है।
VHP के अध्यक्ष आलोक कुमार ने पत्र के जरिए आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, AAP सांसद संजय सिंह और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं के राम मंदिर चढ़ावा में कथित हेराफेरी मामले में दिए गए बयानों का जिक्र किया है। आलोक कुमार ने अयोध्या DSP से निवेदन किया है कि वे उनके बयान रिकॉर्ड करें, उनके आरोपों के लिए असल आधार, सोर्स और समर्थन दस्तावेज मांगें। उन्होंने मांग की है कि अगर जांच के दौरान इन नेताओं के लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाए। अगर जांच में यह आरोप झूठे या बेबुनियाद साबित होते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।
राम मंदिर से जुड़े दावों और बयानों की जांच होना आवश्यक: आलोक कुमार
आलोक कुमार ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर से जुड़े सभी दावों, आरोपों और बयानों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जांच से सच्चाई सामने आएगी और इस मुद्दे को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रम या संशय की स्थिति भी दूर होगी।
अयोध्या के डीएसपी को लिखे अपने पत्र पर आलोक कुमार ने कहा कि इससे जांच में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने इसे 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला बताया है, जबकि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कहा है कि मंदिर में हजारों करोड़ रुपये का दान आता है। यदि ऐसे गंभीर दावे किए गए हैं, तो निश्चित रूप से उनके पीछे कोई आधार, जानकारी या साक्ष्य होगा।
आलोक कुमार ने कहा, ये सभी वरिष्ठ, अनुभवी और जिम्मेदार पदों पर रहे लोग हैं। मुझे लगा कि पुलिस को उनसे उनके बयानों के समर्थन में उपलब्ध साक्ष्य, जानकारी या गवाहों के बारे में पूछना चाहिए। यदि उनके पास कोई प्रमाण है, तो उसे जांच में शामिल किया जा सकता है, जिससे निष्पक्ष और व्यापक जांच पूरी करने में मदद मिलेगी। मैंने इसी उद्देश्य से पत्र लिखा है। इसमें किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है, बल्कि जांच को सही बनाने का प्रयास किया गया है।
VHP की बैठक को दिल्ली में शिफ्ट करने पर आलोक कुमार की प्रतिक्रिया
VHP की केंद्रीय समिति की बैठक अयोध्या की जगह दिल्ली शिफ्ट होने पर भी आलोक कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस बात पर सवाल क्यों उठना चाहिए कि हम बैठक यहां अयोध्या में करें या दिल्ली में? सच तो यह है कि जून में वहां बैठक को लेकर रणनीति बनाई गई थी लेकिन स्थानीय विकास की वजह से कुछ दिक्कतें आईं, जिससे बैठक आगे की तारीख में बढ़ा दी गई। अब जब हम इसे दिल्ली में कर रहे हैं, तो मुझे नहीं लगता कि किसी को विश्व हिंदू परिषद से यह सवाल करने या सलाह देने का हक है कि हम बैठक अयोध्या में क्यों नहीं कर रहे हैं। हम इसे वहीं कर रहे हैं जहां हमारे लिए आसान है।
आमिर खान ने 61 की उम्र में की तीसरी शादी, कितनी छोटी हैं गौरी स्प्रैट? जानें कितना है दोनों के बीच एज गैप
Aamir Khan Gauri Spratt Age Difference: आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने शादी कर ली है. दोनों की शादी काफी इंटिमेट रही. सिर्फ फैमिली और करीबी दोस्त ही शामिल हुए. आमिर ने 61 की उम्र में तीसरी शादी की है. क्या आप गौरी की उम्र जानते हैं? आमिर और उनके बीच क्या एज गैप है? हम आपको यहां बताने जा रहे हैं.



Mp Breaking News





















