विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 19 लाख की ठगी, ज्योतिषी बनकर छिपा मास्टरमाइंड गिरफ्तार
विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के कथित मास्टरमाइंड भारत मिश्रा उर्फ प्रीतम कुमार मिश्रा उर्फ राजेश प्रसाद (52) को गिरफ्तार किया है. आरोपी अपनी पहचान बदलकर नोएडा में ज्योतिषी बनकर रह रहा था.
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 27 बेरोजगार युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे करीब 19 लाख रुपये की ठगी की. आरोपियों ने पीड़ितों को फर्जी वीजा और नकली हवाई टिकट भी थमा दिए थे.
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
EOW के मुताबिक, मामला वर्ष 2022-23 का है. गौतम कुमार थापा समेत 27 पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिल्ली के जनकपुरी स्थित DDA मार्केट में Sky-Blue Overseas Consultancy नाम से एक कार्यालय खोलकर विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का दावा किया जा रहा था.
आरोपियों ने नौकरी की प्रक्रिया का हवाला देकर युवाओं से उनके मूल पासपोर्ट जमा कराए और मेडिकल जांच, वीजा प्रोसेसिंग तथा एयर टिकट के नाम पर प्रति व्यक्ति हजारों रुपये वसूले. कुल मिलाकर करीब 19 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से ठगे गए.
फर्जी पहचान से खोला था ऑफिस
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी भारत मिश्रा और उसके साथियों ने मकान मालिक से लेकर ग्राहकों तक, सभी से अपनी असली पहचान छिपाई थी. उन्होंने फर्जी पहचान पत्रों के जरिए कार्यालय किराए पर लिया था.
पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया. इसके बाद उन्हें फर्जी वीजा और नकली एयर टिकट सौंप दिए गए. जैसे ही आरोपियों ने सभी से पैसे और पासपोर्ट हासिल कर लिए, वे रातों-रात कार्यालय बंद कर फरार हो गए और अपने मोबाइल फोन भी बंद कर दिए.
तकनीकी जांच से मिला सुराग
डीसीपी अमित वर्मा की निगरानी में EOW ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और उनके देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया.
तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और बैंक खातों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि भारत मिश्रा नोएडा के सेक्टर-80 स्थित शिव धाम एन्क्लेव में नाम बदलकर रह रहा है और ज्योतिष का काम कर रहा है.
नोएडा से दबोचा गया आरोपी
दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने 1 जुलाई को नोएडा में छापेमारी कर भारत मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं मिला है.
फिलहाल EOW आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों का पता लगाया जा सके, ठगी की रकम बरामद की जा सके और पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके.
यह भी पढ़ें - द्वारका पुलिस ने 1.5 करोड़ के 604 Vivo मोबाइल किए बरामद, Amazon की खेप से चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
समंदर में सुरक्षा पीएम मोदी की टॉप प्रायोरिटी, अलग-अलग देशों से बात कर रहा भारत
पीएम मोदी भारतीय सेना को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं. (फोटो-IANS)




News Nation
NDTV


















