Responsive Scrollable Menu

विराट कोहली से मिलना चाहते हैं टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच, बोले- 'उम्मीद है कि मुझे उनसे मिलकर...'

Novak Djokovic On Virat Kohli: टेनिस के खेल में अपना लोहा मनवाने वाले दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का एक बयान इस वक्त काफी चर्चा में बना हुआ है. विंबलडन के दौरान नोवाक ने भारतीय स्टार क्रिकेटर विराट कोहली से मिलने की इच्छा जाहिर की है. उनका कहना है कि विराट से वह कभी सामने से तो नहीं मिले हैं, लेकिन उनके बीच कनेक्शन है और वह एक-दूसरे को हमेशा सपोर्ट करते हैं. इतना ही नहीं नोवाक ने तो ये भी कहा है कि वह जल्द ही भारत आने का प्लान बना रहे हैं, जहां उन्हें उम्मीद है कि उनकी मुलाकात विराट कोहली से होगी.

विराट कोहली से मिलना चाहते हैं नोवाक जोकोविच

लंदन में हो रहे विंबलडन 2026 में एक बार फिर नोवाक जोकोविच अपना जलवा दिखाते नजर आने वाले हैं. 29 जून को वह अपना पहला मैच चीन के वू यिबिंग (Wu Yibing) के खिलाफ खेलने वाले हैं. मगर, इससे पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया है. ये कहना गलत नहीं होगा कि जिस तरह विराट कोहली क्रिकेट के दिग्गज हैं, उसी तरह नोवाक ने टेनिस की दुनिया में खूब नाम कमाया है और इतिहास रचे हैं. ऐसे में अब नोवाक जोकोविच ने विराट कोहली से मिलने की इच्छा जाहिर की है.

विंबलडन के दौरान नोवाक जोकोविच ने विराट कोहली को लेकर कहा, "हम कभी आमने-सामने नहीं मिले हैं, लेकिन हमने मैसेज पर बात की है और पिछले कुछ सालों से संपर्क में हैं. एक-दूसरे को फॉलो करते रहे हैं, सपोर्ट करते रहे हैं और एक-दूसरे के करियर की तारीफ करते रहे हैं. उम्मीद है कि मुझे उनसे मिलकर टेनिस और क्रिकेट खेलने का मौका मिलेगा. मैं जल्द ही भारत आने का भी प्लान बना रहा हूँ, तो शायद तब हम मिल पाएंगे."

इंग्लैंड में एक्शन में नजर आएंगे विराट कोहली

भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अफगानिस्तान के साथ खेली गई वनडे सीरीज फिटनेस संबंधी कारणों से मिस कर दी थी. मगर, अब वह इंग्लैंड में एक्शन में नजर आ सकते हैं. दरअसल, चुनी गई टीम में विराट कोहली का नाम तो है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस पर आधारित होगा. माना जा रहा है कि भारत-इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली वनडे सीरीज में रन मशीन विराट कोहली मैदान पर उतर सकते हैं. अब देखने वाली बात होगी कि वह खेलेंगे या नहीं.

29 जून को विंबलडन 2026 में पहला मैच खेलेंगे नोवाक जोकोविच

नोवाक जोकोविच अपना विंबलडन 2026 अभियान 29 जून (सोमवार) को शुरू करेंगे. उनका पहला मुकाबला चीन के Wu Yibing के खिलाफ सेंटर कोर्ट पर खेला जाएगा. यह मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर के सत्र में निर्धारित है और दुनिया भर के टेनिस प्रशंसकों की नजरें इस पर रहेंगी. वैसे तो नोवाक का पलड़ा भारी माना जा रहा है, लेकिन पहला दौर हमेशा चुनौतीपूर्ण माना जाता है, क्योंकि खिलाड़ी को कोर्ट की परिस्थितियों और मैच की लय में ढलना होता है.

वू यीबिंग के पास दमदार सर्विस और अटैकिंग गेम है, इसलिए अगर वह अपनी लय पकड़ लेते हैं तो कुछ समय के लिए जोकोविच की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं. इतना ही नहीं, हाल ही में कंधे और घुटने की चोटों के कारण उनका प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है और वे बिना किसी बड़ी टूर्नामेंट प्रैक्टिस के मैदान में उतर रहे हैं.

बताते चलें, नोवाक जोकोविच ने अब तक अपने करियर में 24 पुरुष एकल ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, जो टेनिस इतिहास में किसी भी पुरुष खिलाड़ी द्वारा जीते गए सबसे अधिक ग्रैंड स्लैम हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन 10 बार, फ्रेंच ओपन 3 बार, विंबलडन 7 बार और यूएस ओपन 4 बार जीता है.

ये भी पढ़ें: दूसरे T20 में वैभव सूर्यवंशी को अगर मिला डेब्यू का मौका, तो जानिए किसकी जगह प्लेइंग-11 में होंगे शामिल

Continue reading on the app

'अब कपल वाला फील नहीं...', Akanksha Chamola लेंगी Gaurav Khanna से तलाक, एक्ट्रेस ने बताया एक साल से अलग रह रहे थे दोनों

Gaurav Khanna-Akanksha Chamola Divorce: टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला पिछले काफी समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. जी हां, बीते कई महीनों से दोनों के रिश्ते में अनबन और तलाक की खबरें सामने आ रही थीं. हालांकि, उस समय कपल ने इन रिपोर्ट्स को महज अफवाह बताया था. लेकिन अब पहली बार आकांक्षा चमोला ने खुद अपने रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा किया है. नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में बतौर कंटेस्टेंट पहुंचीं आकांक्षा ने कैमरे के सामने स्वीकार किया कि वो और गौरव खन्ना अब तलाक की प्रक्रिया में हैं. ऐसे में उनके इस बयान के बाद टीवी इंडस्ट्री और फैंस के बीच हलचल मच गई है.

'लॉक अप 2' में आकांक्षा ने किया बड़ा खुलासा

'लॉक अप 2' के पहले एपिसोड में सभी कंटेस्टेंट्स ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई राज खोले. इसी दौरान आकांक्षा चमोला ने अपनी शादी और रिश्ते को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि वो और गौरव खन्ना अब पति-पत्नी के रूप में साथ नहीं रहेंगे और दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है. आकांक्षा ने कहा कि ये फैसला अचानक नहीं लिया गया, बल्कि काफी सोच-विचार और लंबी बातचीत के बाद दोनों इस फैसले पर पहुंचे हैं.

पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं दोनों

शो में बातचीत के दौरान आकांक्षा ने ये भी बताया कि वो और गौरव पिछले लगभग एक साल से अलग-अलग रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस बात की जानकारी अब तक बहुत कम लोगों को थी और दोनों ने इसे निजी रखना ही बेहतर समझा. एक्ट्रेस के मुताबिक, पिछले एक साल से दोनों अपने रिश्ते को समझने और बचाने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कई बार बातचीत की, लेकिन आखिरकार दोनों इस नतीजे पर पहुंचे कि अलग हो जाना ही बेहतर रहेगा.

क्या है तलाक की असली वजह?

आकांक्षा चमोला ने साफ किया कि उनके और गौरव के बीच किसी तरह की कड़वाहट या लड़ाई नहीं है. उन्होंने कहा कि दोनों आज भी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं और दोस्त की तरह बात करते हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें महसूस हुआ कि पति-पत्नी के रूप में उनकी सोच और जीवन की प्राथमिकताएं काफी अलग हैं. दोनों की जिंदगी के लक्ष्य और भविष्य को लेकर नजरिया अलग है, जिसकी वजह से उन्होंने रिश्ते को रिस्पेक्टफुली खत्म करने का फैसला लिया. आकांक्षा ने कहा कि कई बार दो अच्छे इंसान भी एक अच्छे जीवनसाथी साबित नहीं हो पाते और उनके रिश्ते में भी कुछ ऐसा ही हुआ.

'बिग बॉस 19' के समय से शुरू हुई थी दूरी

आकांक्षा ने ये भी बताया कि उनके रिश्ते में दूरी 'बिग बॉस 19' के दौरान ही बढ़ने लगी थी. उस समय गौरव और उनके परिवार ने सुझाव दिया था कि दोनों कुछ समय अलग रहकर देखें ताकि उन्हें एक-दूसरे की अहमियत समझने का मौका मिल सके. उन्होंने बताया कि अलग रहने के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में रहे. वो सोशल मीडिया पर साथ दिखाई दिए, एक-दूसरे को सार्वजनिक तौर पर सपोर्ट भी करते रहे और इवेंट्स में भी साथ नजर आए. लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि रिश्ते में पहले जैसा पति-पत्नी वाला अपनापन अब नहीं बचा है.

आज भी है एक-दूसरे के लिए सम्मान

आकांक्षा ने साफ किया कि तलाक का फैसला किसी विवाद या धोखे की वजह से नहीं लिया गया है. दोनों के बीच आज भी सम्मान और दोस्ती का रिश्ता कायम है. उन्होंने कहा कि रिश्ते को जबरदस्ती निभाने के बजाय रिस्पेक्टफुली अलग होना ज्यादा सही विकल्प है.

बच्चे को लेकर भी अलग थी दोनों की सोच

गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला की शादी को लगभग नौ साल हो चुके हैं, लेकिन दोनों माता-पिता नहीं बने. इस टॉपिक पर पहले भी कई बार सवाल उठे थे. 'बिग बॉस 19' के दौरान गौरव खन्ना ने खुलासा किया था कि वो पिता बनना चाहते थे, लेकिन आकांक्षा फिलहाल मां बनने के लिए तैयार नहीं थीं. उन्होंने बताया था कि दोनों अपने-अपने करियर में व्यस्त हैं और ऐसे में बच्चे की सही परवरिश कर पाना आसान नहीं होगा. गौरव ने उस समय पत्नी के फैसले का सम्मान करते हुए कहा था कि आकांक्षा अपने करियर पर फोकस करना चाहती हैं और वह उनकी इस सोच का पूरा समर्थन करते हैं.

फैंस के लिए बड़ा झटका

गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते थे. दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते थे, जिन्हें फैंस खूब पसंद करते थे. ऐसे में उनके अलग होने की खबर ने फैंस को हैरान कर दिया है. हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को गरिमा के साथ संभालते हुए ये साफ कर दिया है कि उनके बीच कोई दुश्मनी नहीं है और वो आपसी सम्मान के साथ अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें: Welcome to the Jungle BO Collection: अक्षय कुमार की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस उड़ाया गर्दा, दूसरे दिन कर डाली इतनी कमाई

Continue reading on the app

  Sports

India vs Australia: क्या टीम इंडिया फिर दोहराएगी मुंबई जैसा कारनामा? सेमीफाइनल की राह में सबसे बड़ी परीक्षा

India women vs Australia women: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार को लॉर्ड्स में होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच माना जा रहा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट जैसा है। जीतने वाली टीम सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर मुश्किल हो सकता।

ऑस्ट्रेलिया पूरे टूर्नामेंट में चैंपियन जैसी क्रिकेट खेलता नजर आया। दूसरी ओर भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन के साथ कुछ कमजोरियां भी दिखाई हैं। हालांकि पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रचा था। ऐसे में टीम इंडिया के पास आत्मविश्वास की कमी नहीं होगी। भारत के पास 2025 वनडे विश्व कप सेमीफाइनल के इतिहास को दोहराने का मौका है, तब हरमनप्रीत एंड कंपनी ने सबसे बड़ा रन चेज करते हुए ऑस्ट्रेलिया को मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी और फिर खिताब भी जीता था। 

फील्डिंग भारत की सबसे बड़ी चिंता
भारत की सबसे बड़ी चिंता उसकी फील्डिंग रही है। चार ग्रुप मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने 11 कैच छोड़े हैं। राधा यादव अकेले चार कैच टपका चुकी हैं, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ नंदनी शर्मा ने भी आसान मौके गंवाए। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी खराब फील्डिंग का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। अगर भारत ने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यही गलती दोहराई तो उसकी कीमत भारी पड़ सकती है।

बल्लेबाजी भी कमजोर लग रही
बल्लेबाजी में भी भारत को लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं मिला है। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने अच्छी शुरुआत दी है। लेकिन मिडिल ऑर्डर कई बार लय बनाए रखने में नाकाम रहा। टीम इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक बार 170 रन का आंकड़ा पार कर सकी है। उपकप्तान स्मृति मंधाना ने मैच से पहले साफ कहा कि पूरी बल्लेबाजी इकाई बड़े मैच में आक्रामक क्रिकेट खेलने को तैयार है। उनके मुताबिक टीम सिर्फ जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी और हर खिलाड़ी रन बनाने के लिए उत्साहित है।

लिचफील्ड की वापसी से ऑस्ट्रेलिया को मिलेगी ताकत
ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी खबर यह है कि स्टार बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। क्वाड इंजरी के कारण तीन मैच नहीं खेलने वाली लिचफील्ड भारत के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रखती हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ आठ टी20 मैचों में 168 रन बनाए हैं, जबकि वनडे में 12 मैचों में 753 रन ठोक चुकी हैं। ऐसे में उनकी वापसी भारत की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजों के लिए बहुत आसान नहीं मानी जाती। यहां महिला टी20 में औसत पहली पारी का स्कोर करीब 146 रन है। 31 मैचों में 21 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है। मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश की संभावना बेहद कम है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया भारी
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 38 टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने 27 और भारत ने 11 मैच जीते हैं। टी20 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया 5-2 से आगे है। लेकिन बड़े मुकाबलों में भारत कई बार ऑस्ट्रेलिया को चौंका चुका है। यही वजह है कि लॉर्ड्स में एक और रोमांचक मुकाबले की पूरी उम्मीद है।

भारत महिला (संभावित-11): शेफ़ाली वर्मा, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह, नंदनी शर्मा। 

ऑस्ट्रेलिया महिला (संभावित-11): बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), अलाना किंग, किम गार्थ। 

Sun, 28 Jun 2026 09:29:55 +0530

  Videos
See all

Ketan Murder: केतन अग्रवाल मर्डर से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर #viral #siyagoyal #shorts #pune #tmktech #vivo #v29pro
2026-06-28T04:34:09+00:00

Ketan Murder: लोहगढ़ फोर्ट पर सिया-चेतन ने बताया सच? #shorts #viral #ytshorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-06-28T04:35:56+00:00

Breaking News: Britain में भारतीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी #tmktech #vivo #v29pro
2026-06-28T04:32:34+00:00

Ketan Agerwal Murder Case: सिया और चेतन की लव स्टोरी का क्रिकेट कनेक्शन #ketanagrawal #siyagoyal #tmktech #vivo #v29pro
2026-06-28T04:41:00+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers