Responsive Scrollable Menu

Prashant Kishor ने Madhubani SSP से मुलाकात कर जेल में युवक की मौत की 10 दिनों में जांच मांगी

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को जिले की रामपट्टी जेल में एक व्यक्ति की मौत के मामले में मधुबनी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की। रोशन यादव (19) नामक युवक ने सोमवार को कथित तौर पर जेल के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, उसके परिजनों ने पुलिस के दावे पर सवाल उठाए हैं और शरीर पर मिले कई निशानों का हवाला देते हुए उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

अधिकारियों के अनुसार, यादव के खिलाफ शस्त्र अधिनियम से जुड़ा मामला दर्ज किया गया था जिसके बाद से वह 27 मई से जेल में बंद था। उन्होंने बताया कि मई के अंत में उसे कुछ समय के लिए रिहा किया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसे फिर गिरफ्तार कर लिया गया। बांकीपुर के विधायक किशोर ने कहा, एसएसपी मामले के हर पहलू की 10 दिनों के भीतर गहन जांच करने और मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने पर सहमति जताई है।

यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो हम इस मामले को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और मुख्य सचिव के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिलाधिकारी मामले की जांच करेंगे। जन सुराज नेता ने कहा, ‘‘हालांकि बड़ा सवाल यह है कि रहिका पुलिस ने गिरफ्तारी क्यों की?

परिजनों को लिखित सूचना क्यों नहीं दी गई? उसे अदालत में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए बिना हिरासत में क्यों रखा गया? और उसे कथित तौर पर पीटा और प्रताड़ित क्यों किया गया?’’ अधिकारियों ने बताया कि परिवार ने पहले पुलिस थाने और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर जेल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई और यादव की मौत की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

यादव की मां और बहन आठ अगस्त को रामपट्टी जेल में उससे मिलने गई थीं और उनका दावा था कि वह सामान्य नजर आ रहा था।

Continue reading on the app

Jharkhand: CM Hemant Soren का आवास घेरेंगे अभ्यर्थी, 20 अगस्त को प्रदर्शन

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने शनिवार को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली और 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने की घोषणा की। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाए जाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई करने में विफल रहा है। छात्रों के आंदोलन का शनिवार को 22वां दिन है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची में निकाली गई तिरंगा यात्रा में हजारों छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी शामिल हुए।

इनमें दो ऐसे प्रदर्शनकारी भी शामिल थे जो व्हीलचेयर पर हैं और अनशन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और रिफॉर्म की मांग कर रहे हैं। जेएसएससी-जेपीएससी रिफॉर्म मंच के नेता रविंद्र पासवान ने कहा, ‘‘हम 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

हम मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हैं, क्योंकि झामुमो और कांग्रेस दोनों हमारे साथ राजनीति कर रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुन रहे हैं तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी को झामुमो नीत गठबंधन से समर्थन वापस लेना चाहिए।’’ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। उनकी प्रमुख मांगों में जिन परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी मिली है, उन्हें रद्द करना और भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराना शामिल है।

छात्रों ने अनियमितताओं की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति से कराने की मांग की है। जेएसएससी-जेपीएससी रिफॉर्म मंच ने संदिग्ध मानी जा रही जेएसएससी-सीजीएल और कुछ जेपीएससी परीक्षाओं को रद्द करने की भी मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड के छात्रों से 20 अगस्त को प्रस्तावित घेराव में शामिल होने के लिए रांची पहुंचने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्र नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों का समर्थन किया था, लेकिन उसके बाद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की कि यदि झामुमो सरकार उनकी चिंताओं पर कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस को अपना समर्थन वापस लेना चाहिए।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से हुई, जहां छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। यात्रा अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए।

जेएलकेएम नेता देवेंद्र मांझी, जो पिछले 14 दिनों से अनशन पर हैं, ने आरोप लगाया कि वह मार्च में शामिल नहीं हों इसके लिए पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल से बाहर निकलने से रोका। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी प्रसारित हुए, जिनमें कथित तौर पर मांझी और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प देखी गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता और हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।

जेएसएससी-जेपीएससी रिफॉर्म मंच ने कहा, “स्वतंत्रता का अर्थ केवल अंग्रेजों से आजादी नहीं है, बल्कि अवसरों की असमानता, भ्रष्टाचार और अन्याय से मुक्ति भी है।” मंच ने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने की अपील की। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक चंपई सोरेन ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए उसे “तानाशाह सरकार” बताया और पूछा कि वह कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की सिफारिश करने से क्यों बच रही है। जमशेदपुर के भुइयांडीह में पत्रकारों से बातचीत में चंपई सोरेन ने कहा कि सैकड़ों छात्र अपने घरों से दूर स्वतंत्रता दिवस पर भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में रहने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा, “अगर आप नौकरी बेचने वाले गिरोह का हिस्सा नहीं हैं तो सीबीआई जांच की सिफारिश करने में क्या परेशानी है?” वहीं, राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कदम उठाने की बात कही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में कहा कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों ने नौकरी के इच्छुक युवाओं की पूरी पीढ़ी के भरोसे को प्रभावित किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्रभाव और पद की परवाह किए बिना कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बिना प्रमाण किसी को दोषी घोषित करने के प्रति भी सतर्क किया और कहा कि न्याय तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। सरकार की ओर से उठाए गए कदमों में वार्षिक परीक्षा कैलेंडर को समयबद्ध तरीके से जारी करना, तकनीक आधारित सुरक्षित परीक्षाएं आयोजित करना, उत्तर कुंजी और ओएमआर शीट समय पर जारी करना तथा भर्ती प्रक्रिया में कई स्तरों पर जवाबदेही तय करना शामिल है। राज्य सरकार ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए छात्रों, शिक्षकों, शिक्षा विशेषज्ञों और अभिभावकों से सुझाव लेने के उद्देश्य से “छात्रों की आवाज छात्रों के साथ” अभियान भी शुरू किया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सरकारी विभागों में खाली पदों को भरना नहीं है, बल्कि भर्ती एजेंसियों और अन्य माध्यमों से रोजगार के व्यापक अवसर पैदा करना भी है। सोरेन ने पेपर लीक को राष्ट्रीय समस्या बताते हुए कहा कि निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षाएं सुनिश्चित करना झारखंड की जिम्मेदारी है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी कथित परीक्षा अनियमितताओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों का लीक होना उन छात्रों के मनोबल और भविष्य को प्रभावित करता है, जो मेहनत और प्रतिभा के बल पर सफलता हासिल करना चाहते हैं।

Continue reading on the app

  Sports

WTC: बांग्लादेश की जीत से भारतीय टीम को झटका, WTC पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर खिकसी

WTC Points Table: बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराकर इतिहास रच दिया. टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया के घर में ये पहली जीत है. इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में बड़ी छलांग लगाई है. वहीं, बांग्लादेश की इस जीत से टीम इंडिया अब टेबल में 5वें स्थान पर आ गई है. Sun, 16 Aug 2026 11:31:14 +0530

  Videos
See all

Deepika Padukone Baby Bump: एयरपोर्ट पर Ranveer Singh ने दीपिका पादुकोण को किया ड्रॉप, दिखा बेबी बंप #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-16T06:12:51+00:00

Big Breaking News : 5 बार के MLA Ashish Banerjee की मौत, सुसाइड नोट ने बढ़ाए सवाल | TMC #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-16T06:14:50+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers