Jharkhand: CM Hemant Soren का आवास घेरेंगे अभ्यर्थी, 20 अगस्त को प्रदर्शन
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने शनिवार को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली और 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने की घोषणा की। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई करने में विफल रहा है। छात्रों के आंदोलन का शनिवार को 22वां दिन है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची में निकाली गई तिरंगा यात्रा में हजारों छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी शामिल हुए।
इनमें दो ऐसे प्रदर्शनकारी भी शामिल थे जो व्हीलचेयर पर हैं और अनशन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और रिफॉर्म की मांग कर रहे हैं। जेएसएससी-जेपीएससी रिफॉर्म मंच के नेता रविंद्र पासवान ने कहा, ‘‘हम 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
हम मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हैं, क्योंकि झामुमो और कांग्रेस दोनों हमारे साथ राजनीति कर रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुन रहे हैं तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी को झामुमो नीत गठबंधन से समर्थन वापस लेना चाहिए।’’ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। उनकी प्रमुख मांगों में जिन परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी मिली है, उन्हें रद्द करना और भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराना शामिल है।
छात्रों ने अनियमितताओं की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति से कराने की मांग की है। जेएसएससी-जेपीएससी रिफॉर्म मंच ने संदिग्ध मानी जा रही जेएसएससी-सीजीएल और कुछ जेपीएससी परीक्षाओं को रद्द करने की भी मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड के छात्रों से 20 अगस्त को प्रस्तावित घेराव में शामिल होने के लिए रांची पहुंचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्र नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों का समर्थन किया था, लेकिन उसके बाद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की कि यदि झामुमो सरकार उनकी चिंताओं पर कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस को अपना समर्थन वापस लेना चाहिए।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से हुई, जहां छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। यात्रा अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए।
जेएलकेएम नेता देवेंद्र मांझी, जो पिछले 14 दिनों से अनशन पर हैं, ने आरोप लगाया कि वह मार्च में शामिल नहीं हों इसके लिए पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल से बाहर निकलने से रोका। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी प्रसारित हुए, जिनमें कथित तौर पर मांझी और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प देखी गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता और हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
जेएसएससी-जेपीएससी रिफॉर्म मंच ने कहा, “स्वतंत्रता का अर्थ केवल अंग्रेजों से आजादी नहीं है, बल्कि अवसरों की असमानता, भ्रष्टाचार और अन्याय से मुक्ति भी है।” मंच ने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने की अपील की। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक चंपई सोरेन ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए उसे “तानाशाह सरकार” बताया और पूछा कि वह कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की सिफारिश करने से क्यों बच रही है। जमशेदपुर के भुइयांडीह में पत्रकारों से बातचीत में चंपई सोरेन ने कहा कि सैकड़ों छात्र अपने घरों से दूर स्वतंत्रता दिवस पर भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा, “अगर आप नौकरी बेचने वाले गिरोह का हिस्सा नहीं हैं तो सीबीआई जांच की सिफारिश करने में क्या परेशानी है?” वहीं, राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कदम उठाने की बात कही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में कहा कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों ने नौकरी के इच्छुक युवाओं की पूरी पीढ़ी के भरोसे को प्रभावित किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्रभाव और पद की परवाह किए बिना कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बिना प्रमाण किसी को दोषी घोषित करने के प्रति भी सतर्क किया और कहा कि न्याय तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। सरकार की ओर से उठाए गए कदमों में वार्षिक परीक्षा कैलेंडर को समयबद्ध तरीके से जारी करना, तकनीक आधारित सुरक्षित परीक्षाएं आयोजित करना, उत्तर कुंजी और ओएमआर शीट समय पर जारी करना तथा भर्ती प्रक्रिया में कई स्तरों पर जवाबदेही तय करना शामिल है। राज्य सरकार ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए छात्रों, शिक्षकों, शिक्षा विशेषज्ञों और अभिभावकों से सुझाव लेने के उद्देश्य से “छात्रों की आवाज छात्रों के साथ” अभियान भी शुरू किया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सरकारी विभागों में खाली पदों को भरना नहीं है, बल्कि भर्ती एजेंसियों और अन्य माध्यमों से रोजगार के व्यापक अवसर पैदा करना भी है। सोरेन ने पेपर लीक को राष्ट्रीय समस्या बताते हुए कहा कि निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षाएं सुनिश्चित करना झारखंड की जिम्मेदारी है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी कथित परीक्षा अनियमितताओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों का लीक होना उन छात्रों के मनोबल और भविष्य को प्रभावित करता है, जो मेहनत और प्रतिभा के बल पर सफलता हासिल करना चाहते हैं।
Baba Ramdev ने Modi government को चेताया, भर्ती परीक्षाओं में घपला न रुका तो करेंगे प्रदर्शन
योग गुरु बाबा रामदेव ने शनिवार को नरेन्द्र मोदी सरकार को शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने जल्द ही इस ‘घपले’ को ठीक नहीं किया, तो यह आंदोलन और तेज हो सकता है और उन्हें भी दोबारा विरोध करना पड़ सकता है। रामदेव ने ‘जेन जी’ से हिंसा और कानून-व्यवस्था तोड़ने वाली गतिविधियों में शामिल न होने की अपील की और कहा कि विरोध-प्रदर्शन संविधान के दायरे में रहकर ही किए जाने चाहिए।
यहां ‘पतंजलि योगपीठ’ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संवाददाताओं से बात करते हुए रामदेव ने कहा कि छात्र स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में चयन प्रक्रिया पर ‘‘भ्रष्टाचार और धन बल’’ का असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘देश में हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल है।
बच्चे शिकायत कर रहे हैं कि उनके स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। कुछ जगहों पर नकल हो रही है, तो कहीं प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं।’’ योग गुरु ने कहा, ‘‘सरकारी नौकरी के साक्षात्कार में 99 प्रतिशत तक भ्रष्टाचार होता है।
जाति और धर्म के आधार पर चयन किया जा रहा है। यह बहुत गलत और संविधान के खिलाफ है।’’ रामदेव ने कहा, ‘‘एक तरफ हम ‘सत्यमेव जयते’ और ‘यतो धर्मस्ततो जय:’ की बात करते हैं, तो दूसरी तरफ एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने के बाद ही भर्तियां हो रही हैं। अगर हर कोई विरोध करने लगे, तो देश कैसे चलेगा?
इसलिए, अपना तरीका सुधारें; वरना आंदोलन और तेज हो जाएगा।’’ योग गुरु ने कहा कि सरकार को इन समस्याओं को तुरंत ठीक करना चाहिए, वरना वह भी विरोध शुरू कर देंगे। उन्होंने चेतावनी दी, ‘‘मैं विरोध प्रदर्शन की आड़ में अराजकता और कानून-व्यवस्था तोड़ने का समर्थन नहीं करता। लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि देश में बहुत सारे घपले हो रहे हैं।
कृपया इसे ठीक करें, वरना बाबा रामदेव को फिर से विरोध करना पड़ेगा।’’ योग गुरु 2011 में दिल्ली के रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ किए गए अपने पुराने विरोध प्रदर्शन का जिक्र कर रहे थे। रामदेव ने कहा, ‘‘हमें पूरे देश में नफरत की सभी दीवारों को गिराना होगा। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर, आइए हम ‘बांटो और राज करो’ की नीति को खत्म करने का संकल्प लें।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
