सिक्योरिटी को चकमा देकर जॉन अब्राहम से मिलने पहुंचा फैन:बॉडीगार्ड ने पकड़ा तो एक्टर ने रोककर मुलाकात की, देखें वीडियो
बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम से मिलने के लिए एक फैन स्टेज पर पहुंच गया। यह घटना तब हुई, जब रविवार यानी 21 जून को वर्ल्ड मोटरसाइकिल डे के मौके पर वह बेंगलुरु में आयोजित एक इवेंट में शामिल हुए। इवेंट के दौरान जॉन ने बाइक पर एंट्री ली और वहां मौजूद लोगों से बाइक्स के प्रति अपने लगाव के बारे में बात की। इवेंट के दौरान एक फैन सिक्योरिटी को चकमा देकर स्टेज पर जॉन से मिलने पहुंच गया। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि फैन के स्टेज पर पहुंचते ही एक बॉडीगार्ड ने उसे पकड़कर नीचे ले जाने की कोशिश की। इस दौरान जॉन अब्राहम ने बॉडीगार्ड को रोकने की कोशिश की और फैन से कुछ देर मुलाकात की। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने जॉन के व्यवहार की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, "जॉन सच में जमीन से जुड़े इंसान हैं।" दूसरे ने लिखा, "जॉन बहुत अच्छे इंसान हैं।" एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "आप इंसानियत, दयालुता और अपने फैंस के लिए प्यार की मिसाल हैं। आपने अपने फैन का दिन बना दिया।" हालांकि, कुछ यूजर्स ने इसे पेड पीआर स्टंट बताया। एक यूजर ने लिखा, "इसमें मुझे कुछ भी असली नहीं लगा, आजकल पीआर टीमें बहुत क्रिएटिव हो गई हैं।" वहीं दूसरे ने कमेंट किया, "पता नहीं इस एक्ट के लिए कितने पैसे दिए गए। अब सब कुछ लाइक्स, व्यूज और चर्चा के लिए किया जाता है।" जॉन आखिरी बार फिल्म 'तेहरान' में नजर आए थे वर्क फ्रंट की बात करें तो जॉन अब्राहम आखिरी बार फिल्म 'तेहरान' में नजर आए थे, जो पिछले साल 14 अगस्त को ओटीटी पर रिलीज हुई थी। वहीं, इससे पहले वह फिल्म 'द डिप्लोमैट' में नजर आए थे। यह फिल्म 14 मार्च 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का कुल बजट लगभग 20 करोड़ रुपए था। वहीं, दुनिया भर में इसकी कुल कमाई लगभग 51.46 करोड़ रुपए रही थी। अब वह रोहित शेट्टी के प्रोडक्शन में बन रही राकेश मारिया की बायोपिक में दिखाई देंगे, जिसके इसी साल रिलीज होने की उम्मीद है। इसके अलावा वह हर्षवर्धन राणे के साथ 'फोर्स 3' पर भी काम कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग जारी है।
'₹370 बिरयानी' पर कॉमेडियन-वेब डेवलपर को नहीं मिली माफी:गुरुग्राम पुलिस महिला आयोग लेकर पहुंची, कहा- कॉमेडी के नाम पर अपमानजनक कंटेंट बर्दाश्त नहीं
गुरुग्राम में स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान महिलाओं पर की गई ‘₹370 की बिरयानी’ टिप्पणी के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा की माफी स्वीकार करने से इनकार कर दिया। सोमवार शाम ACP विष्णु प्रसाद दोनों आरोपियों को लेकर दिल्ली स्थित महिला आयोग के कार्यालय पहुंचे। सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक सामग्री को कॉमेडी के नाम पर बढ़ावा देना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मामले के तीनों आरोपियों- प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और मधुर विरली को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए। वहीं, ACP विष्णु प्रसाद ने बताया, "हमें 22 जून को आयोग से आरोपियों को पेश करने के निर्देश मिले थे। हमने ईमेल के माध्यम से उन्हें समय पर सूचना दे दी थी। सभी को आयोग के समक्ष पेश कर दिया गया है। इस संबंध में डीएलएफ फेज-2 थाने में FIR दर्ज की जा चुकी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, इसलिए थोड़ा समय दीजिए।" 12 अप्रैल को शो में टिप्पणी की थी 12 अप्रैल को गुरुग्राम में स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे का एक लाइव क्राउड-वर्क कॉमेडी शो आयोजित किया गया था। शो के दौरान दर्शकों से बातचीत करते हुए वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने अपने एक डेटिंग अनुभव का जिक्र किया। हिमांशु ने कहा था कि उन्होंने एक महिला के साथ डेट पर करीब 360-370 रुपए की चिकन बिरयानी का खर्च किया था। इसके बाद उन्होंने महिला को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे। हिमांशु की इस टिप्पणी पर कॉमेडियन प्रणित मोरे हंस पड़े। उन्होंने इसे "पीक गुरुग्राम कंटेंट" बताया और मजाकिया जवाब देने पर हिमांशु को इनाम राशि भी दी। शो का यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कंपनी ने हिमांशु जांगड़ा को नौकरी से निकाला वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस टिप्पणी को महिलाओं का अपमान करने वाला बताया और इसका विरोध शुरू हो गया। मामला बढ़ने पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया। विवाद के बीच हिमांशु जांगड़ा की कंपनी स्टारविक डिजाइन ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से निकाल दिया। कंपनी के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि वायरल वीडियो में कही गई बातें आपत्तिजनक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी ऐसे विचारों का समर्थन नहीं करती और न ही चाहती है कि इस तरह की सोच युवाओं को प्रभावित करे। वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया और हरियाणा पुलिस से रिपोर्ट मांगी। आयोग की शिकायत पर गुरुग्राम के DLF फेज-2 थाने में FIR दर्ज की गई। अब जानिए विवाद के बाद प्रणीत और हिमांशु ने क्या कहा…. प्रणीत ने कहा- लोग मुझसे नफरत कर रहे प्रणीत मोरे ने वीडियो जारी कर कहा- ₹370 की बिरयानी वाले वीडियो के बाद मुझे लोग काफी नफरत कर रहे थे। मैं इसका हकदार हूं। शो के दौरान एक व्यक्ति ने कई आपत्तिजनक बातें कही थीं। लोग हंस रहे थे, जिससे मैं भी माहौल में बह गया और सही फैसला नहीं ले पाया। मैं चाहता तो उसे तभी रोक सकता था या विरोध कर सकता था, लेकिन ऐसा न करके मैंने उसे एक प्लेटफॉर्म दिया, जिससे मामला और बढ़ गया। इससे जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, मैं उनसे माफी मांगता हूं। हिमांशु ने कहा- मेरी कहानी पूरी सच नहीं थी हिमांशु जांगड़ा ने वीडियो जारी कर कहा- मैंने उस दिन जिस लड़की का जिक्र किया था, मैंने उसे सच में डेट किया था, लेकिन शो में सुनाई गई कहानी पूरी तरह सच नहीं थी। मैंने कहानी के कुछ हिस्सों को मनोरंजन के उद्देश्य से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। कुछ शब्दों का इस्तेमाल गलत था और इसके लिए माफी मांगता हूं। मेरी ऐसी कोई सोच या मंशा नहीं थी। मैंने हमेशा अपनी महिला सहकर्मियों के साथ अच्छे प्रोफेशनल रिलेशन बनाए हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 



















