Kal Ka Mausam: कल यूपी बिहार समेत 21 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, IMD का महाअलर्ट जारी
कल का मौसम, 17 जून: देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल गया है. मौसम विभाग ने आम लोगों के लिए बड़ी चेतावनी जारी करते हुए कल यानी 17 जून को देश के 21 राज्यों में भारी बारिश और खतरनाक आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस दौरान देश के कई हिस्सों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं.
फसलों को पहुंच सकता है नुकसान
इस बदलते मौसम के कारण पूर्वी राज्यों में फसलों को बड़ा नुकसान पहुंचने की आशंका है, इसलिए किसानों को खेतों में न जाने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही मछुआरों को भी समुद्र और नदी के तटों से दूर रहने को कहा गया है. अगर आप अगले कुछ दिनों में कहीं घूमने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले मौसम का यह ताजा अपडेट जरूर जान लें.
पंजाब से बिहार तक बना हुआ है कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग की इस ताजा भविष्यवाणी ने उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक के लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. इस समय पंजाब से लेकर बिहार तक एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अलावा हरियाणा और उसके आस-पास के इलाकों में हवा का एक मजबूत ऊपरी चक्रवाती संचरण सक्रिय है. इसी वजह से देश के एक बड़े हिस्से में अचानक मौसम पलटी मार रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि तेज आंधी के कारण कुछ इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर गिर सकते हैं. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे घने जंगल वाले रास्तों और कमजोर इमारतों के पास जाने से बचें, अन्यथा वे बड़ी मुश्किल में पड़ सकते हैं.
दिल्ली में आंधी के साथ गिरेगा पानी
देश की राजधानी दिल्ली में कल मौसम का रूप बदला हुआ नजर आएगा. दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में 17 जून को हल्की बारिश के साथ जोरदार आंधी चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लोगों को आंधी के समय घरों के अंदर रहने की सलाह दी है. हालांकि, इस बारिश के बाद दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिलेगी और 20 जून तक यहां का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है.
यूपी के कई जिलों में येलो अलर्ट
पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां के कई जिलों में सतही हवाओं और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. यूपी के मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, एटा, इटावा, हमीरपुर, कानपुर, बांदा, झांसी, ललितपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, वाराणसी और प्रयागराज में कल 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है. इस दौरान राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 16, 2026
मुख्य बिंदु
❖ एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 से 22 जून 2026 के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसी अवधि में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।… pic.twitter.com/DRLT1a32gd
बिहार में भारी बारिश का तांडव
बिहार में अगले तीन दिनों तक मौसम बेहद खराब रहने वाला है. मौसम विभाग ने 17 से 19 जून तक राज्य के गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गोपालगंज, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मधेपुरा, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और आसमान में बिजली कड़कने के साथ वज्रपात होने का भी बड़ा खतरा है. कल पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा.
झारखंड में 17 से 19 जून के बीच तक तूफान की चेतावनी
झारखंड में भी मौसम का हाल बिहार जैसा ही रहने वाला है. राज्य के खूंटी, रांची, सिमडेगा, बोकारो, धनबाद, देवघर, जमशेदपुर, गिरिडीह, सरायकेला, दुमका, पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में 17 से 19 जून के बीच मूसलाधार बारिश और तूफान की चेतावनी है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलेंगे. राजधानी रांची में कल अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा.
पहाड़ी राज्यों में बढ़ेगी मुसीबत
पहाड़ों पर घूमने गए पर्यटकों के लिए आने वाले दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं. उत्तराखंड में 17 से 19 जून तक भारी बारिश और आंधी का दौर चलेगा. बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चंपावत में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी, जिससे भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है. कल देहरादून में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है.
हिमाचल में भी दिखेगा मौसम का कहर
हिमाचल प्रदेश में भी 17 से 20 जून तक मौसम का कहर देखने को मिल सकता है. शिमला, सोलन, बिलासपुर, मंडी, सिरमौर, कुल्लू, ऊना, किन्नौर और कांगड़ा में मध्यम से भारी बारिश की आशंका जताई गई है. पहाड़ों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में ठंडक काफी बढ़ जाएगी, जहां कल अधिकतम तापमान महज 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है.
जम्मू-कश्मीर में आंधी का आंधी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का डरावना अलर्ट जारी किया है. जम्मू, कठुआ, अनंतनाग, पुलवामा, किश्तवाड़, डोडा, रामबन, बारामूला, पुंछ और उधमपुर में 17 से 19 जून तक भारी बारिश की संभावना है. श्रीनगर में कल अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
पंजाब भयंकर बारिश तो राजस्थान में चलेंगी 65 की रफ्तार से हवाएं
मैदानी राज्य पंजाब में भी कल यानी 17 जून को भारी बारिश का दौर शुरू होगा. मोगा, फरीदकोट, जालंधर, फाजिलका, रूपनगर, गुरदासपुर, पटियाला, अमृतसर, कपूरथला और बठिंडा में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और पानी गिरने का अलर्ट है. वहीं, राजस्थान के जयपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, बीकानेर, अजमेर, Udaipur, जैसलमेर, बूंदी, अलवर, करौली, सीकर, जोधपुर और श्रीगंगानगर में 60 से 65 किलोमीटर की रफ्तार से धूलभरी आंधी के साथ बारिश होगी. जयपुर में कल अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
MP और बंगाल में भी खराब रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश के भोपाल, दमोह, सतना, गुना, ग्वालियर, उज्जैन, खरगोन, मुरैना, श्योपुर, इंदौर, छतरपुर, विदिशा, रीवा, मांडला और कटनी में कल बारिश और आंधी का येलो अलर्ट रहेगा. भोपाल में कल अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. पश्चिम बंगाल के हुगली, मालदा, दुर्गापुर, नॉर्थ 24 परगना, जलपाईगुड़ी, झारग्राम, नादिया, कोलकाता, हावड़ा, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार में भी आंधी-पानी का अनुमान है. कोलकाता में कल तापमान 36 और 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.
असम में कैसा होगा हाल?
पूर्वोत्तर के राज्य असम के कोकराझार, गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, लखीमपुर, बाजाली, बारपेटा, डिमा हासाओ, जोरहाट, गोलाघाट, कामरूप और ग्वालपाड़ा में 65 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. सभी प्रभावित राज्यों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: Delhi Weather: दिल्ली-NCR में शुरू हुई झमाझम बारिश, 26 डिग्री तक आया पारा
NIA ने LeT से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, अमृतसर में संपत्ति ज़ब्त
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को पंजाब के अमृतसर में एक आवासीय संपत्ति ज़ब्त की. एजेंसी के अनुसार यह संपत्ति प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन Lashkar-e-Taiba (LeT) से जुड़े एक ऑपरेटिव के नेटवर्क का हिस्सा थी.
गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत कार्रवाई
NIA ने हाउस नंबर-33, होली सिटी, होली एन्क्लेव फेज-I, अमृतसर को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम [UAPA] की धारा 25(1) के तहत ज़ब्त किया. यह कार्रवाई RC-26/2020/NIA/DLI (सलाया ड्रग बरामदगी मामले) में की गई, जिसमें इस संपत्ति को UAPA की धारा 2(g)(ii) के तहत "आतंकवाद से अर्जित आय" (Proceeds of Terrorism) माना गया है.
अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का महत्वपूर्ण सदस्य
NIA के अनुसार, ज़ब्त की गई संपत्ति आरोपी अंकुश कपूर के पिता के नाम पर पंजीकृत थी. जांच में अंकुश कपूर को भारत में सक्रिय उस अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का महत्वपूर्ण सदस्य पाया गया, जिसके तार इटली, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, थाईलैंड, UAE और पाकिस्तान सहित कई देशों से जुड़े हुए थे.
नशीले पदार्थों की तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग
एजेंसी की जांच में सामने आया कि अंकुश कपूर के संबंध दुबई स्थित एक ऐसे आरोपी से थे, जो प्रतिबंधित संगठन LeT से जुड़ा हुआ था. NIA के मुताबिक, अंकुश की भूमिका नशीले पदार्थों की तस्करी, परिवहन, भंडारण और वितरण से संबंधित साजिश में अहम थी. इसके अलावा वह ड्रग तस्करी से अर्जित धन को विभिन्न देशों में मौजूद नेटवर्क सदस्यों तक पहुंचाने और मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों में भी शामिल था.
भारत में आतंकवादी गतिविधियों को वित्तीय सहायता
जांच में यह भी पाया गया कि मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन का उपयोग एक जटिल वित्तीय नेटवर्क के माध्यम से भारत में आतंकवादी गतिविधियों को वित्तीय सहायता देने और उन्हें समर्थन प्रदान करने के लिए किया जा रहा था.
टेरर फंडिंग और आपराधिक साजिश के आरोप
NIA ने पहले ही अंकुश कपूर के खिलाफ आतंक वित्तपोषण (टेरर फंडिंग), आपराधिक साजिश, गैरकानूनी गतिविधियों और आतंकवादी नेटवर्क को समर्थन देने से संबंधित आरोप लगाए हैं. उस पर NDPS Act और IPC की विभिन्न धाराओं के तहत भी मामले दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें - ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम राज्य की सबसे अहम नशा-विरोधी पहलों में से एक बन चुकी है: डॉ. बलबीर सिंह
वित्तीय और लॉजिस्टिक ढांचे को ध्वस्त करने का अभियान
इस मामले में अब तक 26 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जबकि जांच अभी भी जारी है. एजेंसी का कहना है कि यह कार्रवाई देश में आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन देने वाले वित्तीय और लॉजिस्टिक ढांचे को ध्वस्त करने के व्यापक अभियान का हिस्सा है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation





















