Maharashtra: 9वीं मंजिल से छलांग, महीनों कोमा और अब पलायन… मीरा रोड के हिंदू परिवार की दर्दनाक कहानी
Maharashtra: मुंबई से सटे मीरा रोड में एक परिवार आज डर और खौफ के बीच अपनी जिंदगी जी रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि अब यह परिवार अपने हाथों में सूटकेस लेकर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में घर छोड़ने को मजबूर हो गया है. परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ जो कुछ हुआ उसके बाद से लगातार धमकियां मिल रही हैं और अब उन्हें अपने ही इलाके में रहने से डर लगने लगा है. जिस घर में कभी सामान्य जिंदगी चलती थी, आज वहां सिर्फ डर, चिंता और असुरक्षा का माहौल दिखाई दे रहा है.
क्या है पूरा मामला? कैसे शुरू हुई एक परिवार की मुश्किलें?
यह मामला उस लड़की से जुड़ा है जो घटना के समय नाबालिग थी. परिवार और पीड़िता का आरोप है कि सौद खान नाम के युवक ने पहले दोस्ती और भरोसे का रिश्ता बनाया और फिर धीरे-धीरे पूरी कहानी बदल गई. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे रिसॉर्ट लेकर गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए. इसके बाद अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उस पर निकाह का दबाव बनाया जाने लगा.
पीड़िता का यह भी आरोप है कि कई बार उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया. उस पर इस्लाम कबूल करने, नमाज पढ़ने और बुर्का पहनने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई. परिवार का कहना है कि लगातार दबाव और कथित प्रताड़ना की वजह से लड़की पूरी तरह टूट चुकी थी.
क्यों लगाई थी 9वीं मंजिल से छलांग?
परिवार के मुताबिक लगातार तनाव और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर लड़की ने नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी थी. इस घटना में उसके हाथ, पैर और जबड़े में गंभीर चोटें आई थीं. हालत इतनी गंभीर थी कि वह कई महीनों तक कोमा में रही. उस समय परिवार की लड़ाई सिर्फ बेटी की जिंदगी बचाने की थी. कई महीनों तक अस्पताल और दुआओं के सहारे परिवार ने मुश्किल समय काटा. परिवार को लगा था कि मौत से लड़कर लौटने के बाद अब शायद जिंदगी सामान्य हो जाएगी, लेकिन मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई थीं.
कोमा से बाहर आने के बाद फिर क्यों बढ़ा डर?
परिवार का आरोप है कि लड़की के ठीक होने के बाद उन्हें फिर से धमकियां मिलने लगीं. इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि परिवार अपने ही घर में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है. हाथों में सूटकेस लिए परिवार अब प्रशासन से सुरक्षा और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की है?
पीड़िता की शिकायत के आधार पर मिरा रोड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉस्को एक्ट की धारा 4, 8 और 12, आईटी एक्ट की धारा 67 और बीएनएस की धारा 64, 115 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है. पूरे मामले पर मीरा रोड ज़ोन-वन के डीसीपी राहुल चव्हाण ने न्यूज़ नेशन को बताया की आरोपी एक पेशेवर अपराधी है और हाल ही में किसी दूसरे मामले में उसे तड़ीपार भी किया गया था. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की बात भी कही है.
यह भी पढ़ें- चर्चगेट स्टेशन पर देश की पहली फ्री लाइब्रेरी की हुई शुरुआत, पूर्व क्रिकेटर एबी डी विलियर्स ने किया उद्घाटन
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation


















