Swaroop Khan is Alive: गूगल ने मशहूर सिंगर को बताया मृत, स्वरूप खान बोले- 'मैं जिंदा हूं... मुझे मृत घोषित कर दिया'
Swaroop Khan is Alive: इंडियन आइडल से मशहूर हुए राजस्थानी लोकगायक स्वरूप खान हाल ही में एक अजीब और परेशान करने वाली स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्हें गूगल सर्च और विकिपीडिया पर मृत दिखाया जा रहा था जिसे देख उनके फैंस हैरान रह गए और चिंता का माहौल बन गया। इस घटना पर सिंगर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जब दोस्त ने भेजी मौत की खबर...
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में स्वरूप खान ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि सबसे पहले उनके एक दोस्त ने यह जानकारी उन्हें और उनके मैनेजर को भेजी थी। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने यह देखा तो शुरुआत में उन्हें हंसी आ गई।
गायक ने कहा, "मैं बिल्कुल स्वस्थ और जिंदा बैठा था, लेकिन इंटरनेट पर मुझे मृत बताया जा रहा था। पहले तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा भी हो सकता है।"
विकिपीडिया से फैली गलत जानकारी
स्वरूप खान ने बताया कि यह गलत सूचना संभवतः विकिपीडिया के जरिए फैली, जिसे बाद में गूगल के सर्च रिजल्ट्स ने भी दिखाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि जांच करने पर पता चला कि किसी ने विकिपीडिया पर गलत जानकारी अपडेट कर दी थी।
उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने तुरंत इस मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित प्लेटफॉर्म्स से संपर्क कर जानकारी को सही करवाया। राहत की बात यह रही कि अगले ही दिन रात तक यह गलती सुधार दी गई।
"बिना सच्चाई जाने किसी को मृत कैसे घोषित किया जा सकता है?"
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वरूप खान ने कहा कि उन्हें इस बात से बेहद दुख पहुंचा। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना किसी पुष्टि के किसी व्यक्ति को मृत घोषित कर देना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है।
उन्होंने कहा, "मुझे सबसे ज्यादा राहत इस बात की है कि यह खबर मेरे परिवार तक पहले नहीं पहुंची। अगर मेरे परिजन यह पढ़ लेते तो वे बेहद परेशान हो जाते।"
कौन हैं स्वरूप खान?
बताते चलें, स्वरूप खान मूल रूप से राजस्थान से ताल्लुक रखते हैं। वह राजस्थानी लोक गायक हैं। स्वरूप ने साल 2010 में इंडियन आइडल सीजन 5 में अपनी आवाज से अलग पहचान बनाई थी। बाद में उन्हें बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग का भी मौका मिला और ठरकी छोकरो (पीके, 2014), घूमर (पद्मावत, 2018) जैसे गानों में अपनी आवाज दी।
Kangana Ranaut: 'ब्रिटिश दौर से बाहर नहीं निकला ड्रेस कोड?' कंगना रनौत ने नर्स की यूनिफॉर्म पर उठाए सवाल
Kangana Ranaut On Nurses Uniform: अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने किसी राजनीतिक या फिल्मी मुद्दे पर नहीं, बल्कि नर्सों की यूनिफॉर्म को लेकर अपनी राय साझा की है। उनका मानना है कि समय के साथ कई पेशों की कार्यशैली और जरूरतें बदली हैं, इसलिए यूनिफॉर्म को लेकर भी नए सिरे से सोचने की जरूरत हो सकती है।
फिल्म से जुड़ा है विषय
कंगना जल्द ही फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं। किरदार की तैयारी और उससे जुड़े अनुभवों के दौरान उन्होंने नर्सों की वर्दी और उसके इतिहास को करीब से समझने की कोशिश की।
क्या बोलीं कंगना?
एक बातचीत के दौरान कंगना ने कहा कि नर्सों की मौजूदा यूनिफॉर्म में उन्हें पुराने पश्चिमी प्रभाव की झलक दिखाई देती है। उनके अनुसार, कई ऐसे डिजाइन एलिमेंट्स हैं जो दशकों से लगभग वैसे ही बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत सोच है और इसे किसी आलोचना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
सुविधा पर दिया जोर
कंगना का कहना है कि किसी भी पेशे की यूनिफॉर्म का सबसे बड़ा उद्देश्य काम करने वाले व्यक्ति को सुविधा देना होना चाहिए। अगर समय के साथ जरूरतें बदलती हैं तो ड्रेस कोड में भी बदलाव पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि नर्सों की राय को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में आवश्यक सुधार किए जा सकते हैं।
भारतीय पहचान की बात
अभिनेत्री ने कहा कि यदि नर्सिंग समुदाय को लगता है कि उनकी यूनिफॉर्म में कुछ बदलाव होने चाहिए तो उसे भारतीय परिस्थितियों, मौसम और कार्यस्थल की जरूरतों के हिसाब से और बेहतर बनाया जा सकता है। उनका मानना है कि आधुनिकता के साथ स्थानीय पहचान को भी महत्व दिया जाना चाहिए।
यह भी पढ़े- तलाक के 12 साल बाद फिर दुल्हन बनेंगी जेनिफर विंगेट? सिंगापुर के बिजनेसमैन संग करेंगी शादी!
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi