फूड कंपनियों की मनमानी अब नहीं चलेगी: अब 9 साइज में खाद्य तेल की पैकिंग होगी, ग्राहकों को क्या फायदा होगा?
Edible Oil Packaging size: खाने के तेल खरीदते समय अक्सर ग्राहकों को अलग-अलग पैक साइज के कारण कीमतों की सही तुलना करने में परेशानी होती है। कोई कंपनी 910 मिलीलीटर का पैक बेचती है तो कोई 950 मिलीलीटर का, जिससे यह समझना मुश्किल हो जाता है कि वास्तव में कौन-सा तेल सस्ता है। अब इस समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया।
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने लीगल मेट्रोलॉजी के तहत खाद्य तेलों के लिए मानक पैक साइज तय कर दिए। सरकार का कहना है कि इससे ग्राहकों को अलग-अलग ब्रांड्स के दामों की आसानी से तुलना करने में मदद मिलेगी और खरीदारी अधिक पारदर्शी बनेगी।
सरकार ने खाद्य तेलों और वसा की नेट मात्रा और मानक पैक साइज तय करने संबंधी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर में संशोधन किया है। इसके तहत कंपनियों, पैकर्स और आयातकों को नए नियम लागू करने के लिए 3 महीने का समय दिया गया है।
Making informed choices just got easier.
— Pralhad Joshi (@JoshiPralhad) June 6, 2026
The Department of Consumer Affairs has introduced standard pack sizes for edible oils under the Legal Metrology framework, bringing greater transparency and uniformity to the marketplace.
Earlier, the availability of multiple… pic.twitter.com/BRWnhWp4ov
नई व्यवस्था के तहत प्रमुख खाद्य तेलों के लिए नौ मानक पैक साइज निर्धारित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
200 मिली/ग्राम
500 मिली/ग्राम
1 लीटर/किलोग्राम
2 लीटर/किलोग्राम
3 लीटर/किलोग्राम
4 लीटर/किलोग्राम
5 लीटर/किलोग्राम
15 लीटर/किलोग्राम
20 लीटर/किलोग्राम
ये नियम पाम ऑयल, सोयाबीन तेल, सूरजमुखी तेल, सरसों तेल, मूंगफली तेल, तिल तेल, राइस ब्रान ऑयल, कॉटनसीड ऑयल, कॉर्न ऑयल और ब्लेंडेड एडिबल ऑयल पर लागू होंगे।
ग्राहकों को क्या फायदा होगा?
सरकार का मानना है कि एक जैसे पैक साइज होने से उपभोक्ता आसानी से अलग-अलग कंपनियों के उत्पादों की कीमतों की तुलना कर सकेंगे। इससे बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्राहकों को बेहतर विकल्प चुनने में मदद मिलेगी। नए नियम के अनुसार अगर तेल की मात्रा लीटर में दिखाई जाती है तो पैकेट पर उसका वजन भी साफ-साफ लिखना होगा। यह प्रावधान लीगल मेट्रोलॉजी (पैकेज्ड कमोडिटीज) नियम, 2011 के तहत लागू होगा।
छोटे पैक पर नहीं होगा असर
सरकार ने 200 मिलीलीटर या 200 ग्राम से छोटे पैक और कम इस्तेमाल होने वाले कुछ विशेष खाद्य तेलों को इस नियम से छूट दी है। इसका उद्देश्य कम कीमत वाले छोटे पैक की उपलब्धता बनाए रखना है।
उद्योग ने किया स्वागत
इंडियन वेजिटेबल ऑयल प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधाकर देसाई ने इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में गैर-मानक पैक साइज की वजह से बाजार में भ्रम की स्थिति बन गई थी। नया नियम बाजार को व्यवस्थित करेगा और सभी कंपनियों के लिए समान प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करेगा। सरकार का मानना है कि यह कदम उपभोक्ताओं के हित में है और खाद्य तेल बाजार को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद करेगा।
आप पर क्या असर होगा?
अब ग्राहकों को 910 मिली, 950 मिली या दूसरे अलग-अलग पैक साइज के झंझट में नहीं पड़ना होगा। एक जैसे पैक साइज होने से वे आसानी से ब्रांड्स के दामों की तुलना कर सकेंगे और बेहतर सौदा चुन पाएंगे। सरकार के मुताबिक, यह बदलाव सिर्फ ग्राहकों के लिए ही नहीं बल्कि उद्योग के लिए भी फायदेमंद होगा। पैकेजिंग में एकरूपता आने से बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी, नियमों का पालन आसान होगा और सभी कंपनियों को बराबरी के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा।
(प्रियंका कुमारी)
CBSE 10th Second Board Exam Result 2026: इसी महीने जारी होंगे परिणाम, छात्र देख सकेंगे अपना स्कोरकार्ड
CBSE 10th Second Board Exam Result 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्द ही कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा (Second Board Exam) 2026 के परिणाम घोषित करने वाला है। यह परीक्षा 15 मई से 21 मई 2026 के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 6.68 लाख छात्र शामिल हुए थे। हालांकि बोर्ड ने अभी तक रिजल्ट की तारीख और समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, परिणाम 14 जून 2026 तक जारी किए जा सकते हैं।
परिणाम चेक करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट्स
छात्र अपने अंक और ग्रेड की जांच करने के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों का उपयोग कर सकते हैं। परिणाम देखने के लिए निम्नलिखित पोर्टल उपलब्ध रहेंगे:
- cbse.gov.in
- results.nic.in
- results.digilocker.gov.in
- umang.gov.in
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र वेबसाइट पर अपना डिजिटल रिजल्ट देख सकेंगे, लेकिन मार्कशीट की हार्ड कॉपी उन्हें अपने स्कूलों से ही प्राप्त करनी होगी।
ऑनलाइन रिजल्ट देखने की आसान प्रक्रिया
छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर जाकर इन चरणों का पालन करें:
- सबसे पहले वेबसाइट पर 'CBSE 10th Second Board Exam Result 2026' लिंक पर क्लिक करें।
- लॉग-इन पेज पर अपनी आवश्यक जानकारी भरें।
- सबमिट करते ही आपका स्कोरकार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा।
- भविष्य के संदर्भ के लिए रिजल्ट को डाउनलोड कर लें।
अन्य माध्यमों से रिजल्ट चेक करने का तरीका
- IVRS: दिल्ली के छात्र 24300699 पर और अन्य क्षेत्रों के छात्र 011-24300699 पर कॉल कर सकते हैं।
- UMANG App: ऐप पर 'Education' श्रेणी में जाकर 'CBSE' चुनें, फिर वर्ष, कक्षा, रोल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज कर परिणाम देखें।
- SMS: छात्र अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से CBSE10, रोल नंबर, जन्म तिथि, स्कूल नंबर और सेंटर नंबर लिखकर 7738299899 पर मैसेज भेजें।
स्कोरकार्ड में शामिल जानकारी
परिणाम में परीक्षा का नाम, बोर्ड, कक्षा, छात्र और माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, विषय कोड, थ्योरी और प्रैक्टिकल के अंक, ग्रेड और फाइनल पास/फेल स्टेटस जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दर्ज होगी।
री-वैल्यूएशन की सुविधा
यदि कोई छात्र अपने परिणामों से असंतुष्ट है, तो बोर्ड उन्हें री-वैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) का विकल्प भी देता है। परिणाम घोषित होने के बाद, छात्र CBSE की वेबसाइट पर 'Post Result Services' या 'Verification & Re-evaluation' विकल्प चुनकर आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के लिए छात्र को अपने एडमिट कार्ड आईडी, रोल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करने होंगे। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने लॉग-इन क्रेडेंशियल्स तैयार रखें ताकि रिजल्ट आते ही बिना किसी देरी के उसे देख सकें।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi