IPL 2026: लगातार दूसरा खिताब जीतने के बाद वृंदावन पहुंचे विराट कोहली-अनुष्का शर्मा, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद
Virat kohli visited premanand maharaj: आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा वृंदावन पहुंचे। दोनों ने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज के आश्रम में जाकर उनका आशीर्वाद लिया। उनकी यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे।
विराट और अनुष्का वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे। दोनों बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए। उन्होंने साधारण कपड़े पहने हुए थे और चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। आश्रम से बाहर निकलते हुए उनकी कई तस्वीरें सामने आईं, जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
विराट-अनुष्का वृंदावन पहुंचे
यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे हों। दोनों अक्सर वृंदावन जाते हैं और जीवन, आध्यात्म और मानसिक संतुलन से जुड़े उनके विचारों को सुनते हैं। क्रिकेट और मनोरंजन जगत की व्यस्त जिंदगी के बीच यह जोड़ी आध्यात्मिक मार्गदर्शन को काफी महत्व देती है।
संत प्रेमानंद का लिया आशीर्वाद
इस बीच, अनुष्का शर्मा ने भी आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद विराट के साथ एक खास तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। तस्वीर में अनुष्का विराट के माथे पर प्यार से किस करती नजर आ रही हैं, जबकि दोनों ट्रॉफी को थामे हुए हैं। यह तस्वीर फैंस के बीच काफी चर्चा में रही।
वहीं RCB के जश्न का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें विराट कोहली डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। अनुष्का अपने मोबाइल फोन से उनका वीडियो रिकॉर्ड कर रही थीं। इस दौरान पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी कोहली के साथ जश्न में शामिल दिखाई दिए।
Virat Kohli and Anushka Sharma at Vrindavan. pic.twitter.com/hwlLTJ3Ple
— Virat Kohli Fan Club (@Trend_VKohli) June 2, 2026
अगर फाइनल मुकाबले की बात करें तो RCB ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली थी। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे थे। कोहली ने चौका और छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
मैच के बाद कोहली ने कहा था कि मौजूदा आरसीबी टीम में बेहतरीन संतुलन, अनुभव और आत्मविश्वास है। उन्होंने बताया कि इस बार टीम पर पिछले साल जैसा दबाव नहीं था, क्योंकि खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था। कोहली के अनुसार, टीम ने पूरे टूर्नामेंट में योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया और इसी वजह से लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने में सफल रही।
Endorsement Fee: IPL 2026 के बाद दोगुनी हुई वैभव सूर्यवंशी की फीस, जानिए कितनी बढ़ी ब्रांड वैल्यू
Vaibhav Sooryavanshi Endorsement Fee: आईपीएल 2026 में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में सनसनी मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब मैदान के साथ-साथ विज्ञापन जगत में भी तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। महज 15 साल की उम्र में वैभव की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि उनकी ब्रांड एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी हो गई है।
बिहार के इस युवा स्टार ने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 776 रन बनाए। पूरे सीजन में उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जिसने क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों को प्रभावित किया। इसी दमदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) समेत कई बड़े पुरस्कार अपने नाम किए।
IPL से पहले 1 करोड़ रुपये लेते थे वैभव
रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले वैभव सूर्यवंशी एक ब्रांड एंडोर्समेंट डील के लिए करीब 1 करोड़ रुपये फीस लेते थे। उन्होंने कॉम्प्लान और रेड बुल जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ इसी रेंज में विज्ञापन समझौते किए थे।
हालांकि आईपीएल में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद उनकी मार्केट वैल्यू में जबरदस्त उछाल आया है। अब उनकी एंडोर्समेंट फीस बढ़कर 1.5 करोड़ से 2 करोड़ रुपये प्रति डील तक पहुंच गई है। कई प्रमुख कंपनियां उन्हें अपने ब्रांड से जोड़ने के लिए लगातार संपर्क कर रही हैं।
राजस्थान रॉयल्स के साथ 1.10 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट
वैभव फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के साथ 1.10 करोड़ रुपये के सालाना कॉन्ट्रैक्ट पर जुड़े हुए हैं। आईपीएल नियमों के तहत उनकी सैलरी में तत्काल बदलाव संभव नहीं है और इसके लिए उन्हें अगले सीजन तक इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि विज्ञापन बाजार में उनकी मांग लगातार बढ़ रही है।
सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल वैभव के ब्रांड पोर्टफोलियो का प्रबंधन उनके माता-पिता कर रहे हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी भी परिवार को इस संबंध में सहयोग दे रही है।
भविष्य में मिल सकती है रिकॉर्ड बोली
वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कई क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में यदि वह आईपीएल नीलामी में उतरते हैं तो उन्हें 30 करोड़ रुपये तक की रिकॉर्ड बोली मिल सकती है।
हालांकि क्रिकेट जगत के दिग्गजों का मानना है कि वैभव के सामने अभी लंबा करियर पड़ा है। उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सुनील गावस्कर जैसे महान खिलाड़ियों से की जा रही है, लेकिन इतनी कम उम्र में बढ़ती लोकप्रियता और व्यावसायिक अवसरों का संतुलन बनाए रखना उनके लिए बड़ी चुनौती भी होगा।
फिलहाल इतना तय है कि आईपीएल 2026 ने वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ क्रिकेट का नहीं, बल्कि विज्ञापन जगत का भी उभरता हुआ सुपरस्टार बना दिया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi




















