विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत का जलवा : पहले ही दिन 6 में से 5 स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास, देश में उत्साह
स्पर्श शर्मा- अहमदाबाद-रायपुर। भारत की मेजबानी में खेले जा रहे पहले विश्व योगासन चैंपियनशिप में मेजबान टीम ने शानदार शुरुआत की है। मेजबान भारत ने पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दिन दांव पर लगे छह में से पांच स्वर्ण पदक जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। एका एरिना में आयोजित इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआती मुकाबलों से ही दबदबा कायम रखा।
अभय बर्मन और रितु मंडल ने जीता स्वर्ण पदक
पश्चिम बंगाल के अभय बर्मन और रितु मंडल ने पारंपरिक योगासन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत के स्वर्णिम अभियान की शुरुआत की। सीनियर पुरुष वर्ग में अभय बर्मन ने 63.42 अंक हासिल कर विश्व योगासन चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण भारत के नाम किया। इंडोनेशिया के अर्कान रियांतो 57.23 अंकों के साथ रजत और उज्बेकिस्तान के एलन 53.21 अंकों के साथ कांस्य पदक विजेता बने।
स्वर्ण जीतना मेरे जीवन का यादगार पल- अभय
अपनी उपलब्धि पर अभय बर्मन ने कहा कि, विश्व योगासन चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण भारत के लिए जीतना मेरे जीवन का यादगार पल है। घरेलू दर्शकों के सामने खेलना मेरे लिए अतिरिक्त प्रेरणा लेकर आया। इसके बाद सीनियर महिला वर्ग में रितु मंडल ने 64.33 अंक लेकर भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया। कजाखस्तान की ऐझान कुआनिशबायेवा ने रजत और हांगकांग की लैम न्गा मान ने कांस्य पदक जीता।
खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक अवसर- रितु
रितु मंडल ने कहा कि, यह प्रतियोगिता योगासन खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक अवसर है। 12 वर्ष की उम्र से शुरू किए गए सफर के बाद 20 वर्ष की उम्र में भारत के लिए पदक जीतना बेहद खास है। भारत को एकमात्र झटका सीनियर ए पुरुष वर्ग में लगा, जहां सिंगापुर के नाथानियल टैन लियोंग आन ने 55.37 अंकों के साथ स्वर्ण जीतकर भारतीय क्लीन स्वीप रोक दी। तंजानिया के करिमु स्वाफी को रजत मिला जबकि भारत के सुमिर ग्नावली ने कांस्य पदक जीता।
रोशन थापा ने भारत को दिलाया एक और स्वर्ण पदक
हालांकि भारत ने तुरंत वापसी की और सीनियर ए महिला वर्ग में रितु ठाकुर ने 63.50 अंक लेकर स्वर्ण अपने नाम किया। अर्जेंटीना की नबिला सोल बर्राजा दूसरे और केन्या की अवोर साउलिन्हा तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर बी पुरुष वर्ग में रोशन थापा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65.67 अंक हासिल किए और भारत को एक और स्वर्ण पदक दिलाया। बांग्लादेश के मोहम्मद मामून खान बाबू को रजत तथा किर्गिस्तान के दानिल रिकोव को कांस्य पदक मिला।
ट्विस्टिंग बॉडी में ज्योति ने जीता स्वर्ण पदक
दिन का समापन भारत की ज्योति देउरकर ने ट्विस्टिंग बॉडी व्यक्तिगत सीनियर बी महिला वर्ग में स्वर्ण जीतकर किया। उन्होंने 46.14 अंक प्राप्त किए। ओमान की ओलिमुथु नवामणि को रजत और जापान की साओरी क्युएई को कांस्य मिला।
प्रतियोगिता में सहयोग हुआ प्राप्त
विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 योगासन को वैश्विक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रतियोगिता को युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, गुजरात खेल प्राधिकरण, गुजरात पर्यटन और गुजरात योगासन खेल संघ का सहयोग प्राप्त है। भारत ने इस प्रतियोगिता में 122 सदस्यीय दल उतारा है, जो छह आयु वर्गों में हिस्सा ले रहा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
IND vs AFG: कौन हैं मानव सुथार? राजस्थान के ऑलराउंडर ने भारत के लिए किया टेस्ट डेब्यू, अश्विन को मानते हैं आयडल
Who is Manav Suthar: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेले जा रहे इकलौते टेस्ट में युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर दी। 23 साल के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर को मैच से पहले स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने टेस्ट कैप सौंपी। कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और इसी के साथ मानव का भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर सपना पूरा हो गया।
3 अगस्त 2002 को राजस्थान के श्रीगंगानगर में जन्मे मानव सुथार घरेलू क्रिकेट में राजस्थान की तरफ से खेलते हैं। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
मानव ने 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन में राजस्थान के लिए बेहतरीन गेंदबाजी की थी। उन्होंने सिर्फ 6 मैचों में 39 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज का तमगा हासिल किया था। यही प्रदर्शन उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
इंडिया-ए की तरफ से भी छोड़ी गहरी छाप
सिर्फ घरेलू क्रिकेट ही नहीं, मानव ने इंडिया-ए के लिए भी खुद को साबित किया। 2025 में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में उन्होंने 8 विकेट लिए और संयुक्त रूप से सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज रहे। इस दौरान उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 5/107 रही। इसके अलावा 2023 एसीसी इमर्जिंग एशिया कप में भी मानव ने पांच मैचों में 10 विकेट लेकर टूर्नामेंट के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया था।
आंकड़े बताते हैं कितने खास हैं मानव
मानव सुथार का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली है। उन्होंने 29 फर्स्ट क्लास मैच में 129 विकेट झटके हैं और 945 रन भी बनाए हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 25 मैचों में 34 विकेट और 350 रन दर्ज हैं। वहीं टी20 क्रिकेट में उन्होंने 29 मैचों में 25 विकेट लिए हैं।
IPL में भी मिला मौका
मानव को पहली बार आईपीएल 2024 नीलामी में गुजरात टाइटंस ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। उन्हें उस सीजन में एक मैच खेलने का मौका मिला। इसके बाद आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में गुजरात ने उन्हें 30 लाख रुपये में फिर से खरीदा, हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। आईपीएल 2026 में उन्होंने चार मैच खेले और दो विकेट अपने नाम किए।
अश्विन भी कर चुके तारीफ
भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन भी मानव सुथार की गेंदबाजी के मुरीद हैं। अश्विन ने सोशल मीडिया पर उनकी स्पिन, ओवरस्पिन और गेंद की गति की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि मानव के पास गेंद को ज्यादा टर्न कराने की खास क्षमता है। खुद सुथार भी अश्विन को ही अपना आयडल मानते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि यह नवंबर 2010 के बाद पहला मौका है जब भारत किसी घरेलू टेस्ट में अश्विन और रवींद्र जडेजा दोनों के बिना मैदान पर उतरा है। अश्विन संन्यास ले चुके हैं, जबकि जडेजा को आराम दिया गया है। ऐसे में मानव सुथार के पास खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi