महाराजा ट्रॉफी नीलामी में अनसोल्ड रहे IPL स्टार केएल राहुल, करुण नायर बने सबसे महंगे खिलाड़ी
आईपीएल में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करने वाले भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल को महाराजा ट्रॉफी केएससीए 2026 की नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला। यह फैसला क्रिकेट फैंस के लिए काफी चौंकाने वाला रहा, क्योंकि राहुल ने हाल ही में टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय पुरुष बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बावजूद कर्नाटक की इस बड़ी टी20 लीग की नीलामी में वह अनसोल्ड रहे। वहीं भारतीय बल्लेबाज करुण नायर 18 लाख रुपये की बोली के साथ इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
दरअसल महाराजा ट्रॉफी केएससीए 2026 का आयोजन 20 जून से 12 जुलाई के बीच होना है। नीलामी में सबसे ज्यादा चर्चा केएल राहुल को लेकर रही। भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान और स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 14 मैचों में 593 रन बनाए थे। इसी दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में भारतीय पुरुष बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी बनाया था।
अनसोल्ड रहने की सबसे बड़ी वजह क्या है?
वहीं राहुल के अनसोल्ड रहने की सबसे बड़ी वजह उनकी अंतरराष्ट्रीय व्यस्तता मानी जा रही है। भारतीय टीम के नियमित खिलाड़ी होने के कारण उनका शेड्यूल काफी व्यस्त है। भारत को 20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरा वनडे खेलना है, जबकि 14 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी शुरू होनी है। ये दोनों सीरीज महाराजा ट्रॉफी के समय के आसपास हैं। नीलामी के दौरान जब राहुल की उपलब्धता को लेकर सवाल पूछा गया, तो साफ संकेत दिया गया कि उनके खेलने की संभावना बहुत कम है। इसी वजह से किसी भी टीम ने उन पर पैसा लगाने का जोखिम नहीं लिया।
करुण नायर इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने
वहीं जहां केएल राहुल को कोई टीम नहीं मिली, वहीं करुण नायर ने नीलामी में सबसे ऊंची बोली हासिल की। उन्हें कोस्टल किंग्स मंगलुरु ने 18 लाख रुपये में खरीदा। इसके साथ ही वह इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा कई अन्य खिलाड़ियों पर भी बड़ी बोलियां लगीं। पहली बार लीग में हिस्सा ले रही शिवमोग्गा योद्धास ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके युवा बल्लेबाज रविचंद्रन स्मरण को 15.75 लाख रुपये में खरीदा। अभिनव मनोहर को 13.5 लाख रुपये मिले, जबकि अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे 12.75 लाख रुपये में बिके। भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को 11.50 लाख रुपये में खरीदा गया।
महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 का यह पांचवां सीजन होगा, जिसमें कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स, हुबली टाइगर्स, मैसूर वॉरियर्स, गुलबर्गा मिस्टिक्स, कोस्टल किंग्स मंगलुरु और शिवमोग्गा योद्धास शामिल हैं।
मध्य प्रदेश मौसम: 9 जून तक बादल-बारिश का दौर, आज 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी आंधी
प्री मानसून एक्टिविटी और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से शनिवार को मध्य प्रदेश के 52 जिलों में 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। 7 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और मालवा-निमाड़, ग्वालियर, महाकौशल, बुंदेलखंड, विंध्य व शहडोल संभाग में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते दिन प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई है। श्योपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खरगोन, नरसिंहपुर, खजुराहो, खंडवा और छिंदवाड़ा में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। इंदौर में 35.1 डिग्री, उज्जैन 35 डिग्री, भोपाल 35.5 डिग्री, ग्वालियर 37.9 डिग्री और जबलपुर 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। अगले 2–3 दिनों के दौरान मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और भागों, पूरे गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ और भागों, तमिलनाडु के शेष क्षेत्रों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों तथा पूर्वांतर भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, एक ट्रफ और चक्रवातीय परिसंचरण भी सक्रिय है, इसके असर से 8-9 जून तक मौसम का मिजाज यूही बने रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
शनिवार को इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
- गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, हरदा और बैतूल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
- भोपाल, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है।
कब होगी मानसून की दस्तक?
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के 20 से 22 जून के बीच पहुंचने का अनुमान है। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार 5-7 दिन की देर से आने की संभावना जताई जा रही है। केरल में मानसून 4 जून को पहुंच चुका है और आमतौर पर वहां पहुंचने के करीब 15 दिन बाद एमपी में दस्तक होती है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News