Peddi में जाह्नवी कपूर के सीन्स पर छिड़ी बहस, खुद को बोल्ड दिखाना पसंद नहीं बोलकर फंसी एक्ट्रेस
Janhvi Kapoor Bold Scenes: राम चरण की हालिया रिलीज स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म 'पेड्डी' इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा में बनी हुई है. हालांकि फिल्म की चर्चा सिर्फ इसकी कहानी और प्रदर्शन को लेकर नहीं हो रही, बल्कि फिल्म में एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर की प्रेजेंटेशन को लेकर भी बहस छिड़ गई है. सोशल मीडिया पर कई दर्शकों का मानना है कि फिल्म में जाह्नवी के किरदार को कहानी से ज्यादा उनके ग्लैमरस और बोल्ड लुक्स के जरिए पेश किया गया है.
कई लोगों का आरोप है कि फिल्म में जाह्नवी के कुछ सीन्स का मुख्य उद्देश्य कहानी को आगे बढ़ाना नहीं, बल्कि उनकी खूबसूरती और शारीरिक आकर्षण को हाईलाइट करना है. इसी वजह से फिल्म के निर्देशक भी आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं. दर्शकों का एक वर्ग सवाल उठा रहा है कि क्या एक मजबूत महिला किरदार को सिर्फ ग्लैमरस मौजूदगी तक सीमित कर देना सही है.
पहली बार नहीं उठा ऐसा सवाल
हैरानी की बात ये है कि जाह्नवी कपूर को लेकर इस तरह की चर्चा पहली बार नहीं हो रही है. इससे पहले भी उनकी कई फिल्मों और गानों को लेकर इसी तरह के सवाल उठ चुके हैं. चाहे साउथ की फिल्म 'देवरा' हो या फिर मैडॉक फिल्म्स की 'परम सुंदरी', दोनों ही प्रोजेक्ट्स में जाह्नवी के कुछ सीन्स और गानों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस देखने को मिली थी. इन चर्चाओं के बीच जाह्नवी कपूर का एक पुराना इंटरव्यू फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने फिल्मों में महिलाओं को जरूरत से ज्यादा ग्लैमरस या सेक्शुअलाइज तरीके से दिखाए जाने पर खुलकर अपनी राय रखी थी.
पॉडकास्ट में जाह्नवी ने रखी थी अपनी बात
कुछ समय पहले जाह्नवी कपूर लोकप्रिय पॉडकास्टर राज शमनी के पॉडकास्ट में पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने बताया था कि फिल्मों में किसी कलाकार को किस तरह दिखाया जाता है और उसकी सहमति कितनी महत्वपूर्ण होती है. जाह्नवी ने कहा था कि हर स्तर पर ये सवाल पूछा जाना चाहिए कि कलाकार ने सच में किस चीज के लिए सहमति दी है. उन्होंने अपनी फिल्म 'परम सुंदरी' के गाने 'भीगी साड़ी' का उदाहरण देते हुए कहा था कि उस गाने का उद्देश्य दर्शकों को उत्तेजित करना नहीं था, बल्कि वो एक सेंशुअल और इमोशनल प्रेजेंटेशन थी.
बातचीत के दौरान एक्ट्रेस ने कहा था, "अगर कोई मुझे देखकर कहे कि उसे मैं आकर्षक नहीं लगती, तो शायद मुझे बुरा लगेगा. लेकिन किसी व्यक्ति को उसकी सहमति के बिना सेक्शुअलाइज करना एक बिल्कुल अलग बात है. मैं किसी भी रूप में बिना सहमति के किसी को सेक्शुअलाइज किए जाने के खिलाफ हूं और ये चीज मुझे परेशान करती है."
कैमरे के गलत एंगल पर भी जताती हैं आपत्ति
पॉडकास्ट के दौरान जाह्नवी कपूर ने ये भी खुलासा किया था कि अगर शूटिंग के दौरान कैमरा ऐसे एंगल पर लगाया जाता है, जिससे उन्हें असहज महसूस होता है, तो वो खुलकर अपनी बात रखती हैं. उन्होंने कहा था, "अगर डीओपी या कैमरा टीम कैमरा किसी ऐसी जगह रखती है, जहां मुझे लगता है कि मेरा फोकस किरदार से हटकर किसी और चीज पर जा रहा है, तो मुझे साफ तौर पर कहना चाहिए कि मुझे ये पसंद नहीं है और मैं ऐसा नहीं चाहती." जाह्नवी ने माना कि करियर के शुरुआती दौर में वो अपनी बात रखने में काफी संकोच करती थीं. उस समय वो सोचती थीं कि इंडस्ट्री में हर मुद्दे पर आवाज उठाना सही नहीं होगा और अपनी लड़ाइयों को सोच-समझकर चुनना चाहिए. लेकिन समय के साथ उनका नजरिया बदला है.
'अब अपनी बात रखने से नहीं हिचकिचाती'
एक्ट्रेस ने कहा था कि अब वो पहले की तुलना में ज्यादा आत्मविश्वासी हो चुकी हैं. अब अगर उन्हें किसी चीज से असहजता होती है तो वो विनम्रता के साथ अपनी राय सामने रखती हैं. उन्होंने कहा, "पहले मैं बहुत ज्यादा सावधानी बरतती थी, लेकिन अब मुझे लगता है कि अपनी बात रखना जरूरी है. मैं कोशिश करती हूं कि मेरी बात सम्मानजनक और प्रोफेशनल तरीके से सामने आए, लेकिन अगर मुझे कोई चीज सही नहीं लगती तो मैं उसके बारे में जरूर बोलती हूं."
'पेड्डी' के बाद फिर चर्चा में आए पुराने बयान
अब जब 'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के कुछ सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है, तो एक्ट्रेस के ये पुराने बयान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं. कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब जाह्नवी खुद इस मुद्दे पर इतनी स्पष्ट राय रखती हैं, तो फिल्म में उनके किरदार की प्रेजेंटेशन को लेकर उनकी क्या प्रतिक्रिया होगी. फिलहाल एक्ट्रेस ने 'पेड्डी' को लेकर चल रही इस बहस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. हालांकि सोशल मीडिया पर उनके पुराने इंटरव्यू की क्लिप्स तेजी से शेयर की जा रही हैं और दर्शक इस पूरे मामले पर जाह्नवी की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: नाना पाटेकर ने इस एक्ट्रेस को सरेआम जड़ दिया था थप्पड़, फिर गुस्से में हसीना ने भी चांटा मारकर दिया जवाब
New Chandigarh Test Match | भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाज़ी, होमग्राउंड पर शुभमन गिल की कप्तानी और मानव सुथार का धमाकेदार डेब्यू
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
prabhasakshi


















