पीएम मोदी का 'सुभाषितम' संदेश: योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें
नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुरुवार को एक सुभाषितम संदेश शेयर किया। इस पोस्ट के जरिए पीएम मोदी ने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि योग का नियमित अभ्यास तन को स्वस्थ और मन को शांत रखता है।
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, योग का नियमित अभ्यास तन को स्वस्थ और मन को शांत रखता है। इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने से जीवन संतुलित और ऊर्जावान बनता है।
इस सुभाषितम संदेश के साथ पीएम मोदी ने संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया। यह श्लोक इस प्रकार है: योगेन चित्तस्य पदेन वाचां मलं शरीरस्य च वैद्यकेन। योऽपाकरोत् तं प्रवरं मुनीनां पतञ्जलिं प्राञ्जलिरानतोऽस्मि॥
इस श्लोक का अर्थ यह है कि मन की चित्त वृत्तियों को योग से, वाणी को व्याकरण से और शरीर की अशुद्धियों को आयुर्वेद द्वारा शुद्ध करने वाले मुनियों में सर्वश्रेष्ठ महर्षि पतञ्जलि को मैं दोनों हाथ जोड़कर नमन करता हूं।
इससे पहले, सुभाषितम संदेश में बुधवार को पीएम मोदी ने एकजुटता को लेकर एक प्रेरणादायी सुभाषितम संदेश शेयर किया था। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने संदेश दिया कि एकजुटता और आपसी सहयोग से राष्ट्र की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि लिखा जब नागरिक एकजुटता और आपसी सहयोग के सूत्र में बंधते हैं, तो राष्ट्र की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। भारतवासियों के इसी सामूहिक संकल्प से आज देश उन्नति की नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वहीं, इस पोस्ट के साथ शेयर किया गया श्लोक इस प्रकार था: धूमायन्ते व्यपेतानि ज्वलन्ति सहितानि च। धृतराष्ट्रोल्मुकानीव ज्ञातयो भरतर्षभ॥
इस श्लोक का अर्थ यह है कि जिस प्रकार लकड़ियां अलग-अलग होने पर अपनी पूर्ण ऊर्जा प्रकट नहीं कर पातीं, किन्तु एकत्र होने पर प्रज्वलित होकर प्रकाश और ऊष्मा प्रदान करती हैं, उसी प्रकार किसी राज्य की उन्नति, समृद्धि और शक्ति उसके नागरिकों की एकता, पारस्परिक सहयोग तथा सामूहिक संकल्प पर आधारित होती है।
--आईएएनएस
पीएसके
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होटल फ्लोरिश स्टेज के अंदर का मंजर सामने आया, लोगों को नहीं मिला भागने का मौका, देखें वीडियो
Malviya Nagar Fire Delhi: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित होटल फ्लोरिश स्टेज में बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई. इसमें 12 विदेशी नागरिक और 9 भारतीय शामिल थे. इस हादसे में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं. पुलिस होटल के सह-मालिक लवकेश बजाज से लगातार पूछताछ कर रही है. इस बीच आग में स्वाह होटल के अंदर का वीडियो सामने आया है. फुटेज में हर तरह आग में झुलसे सामान दिखाई दे रहे हैं. कमरों की दीवारों पर काली परतें दिखाई दे रही हैं. वहीं कॉरिडोर के सकरे रास्ते पूरी तरह से राख के ढेर में तब्दील हो चुके है. इस फुटेज से पता चलता है कि यहां पर रह रहे लोगों को भागने मौका तक नहीं मिला. आग के साथ धुंए ने लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया था.
#WATCH | Delhi: Visuals from inside the Hotel Flourish Stays, in the Malviya Nagar area, where a massive fire broke out, claiming the lives of 21 people. pic.twitter.com/O00Rq6LkGC
— ANI (@ANI) June 4, 2026
लवकेश बजाज से पुलिस की पूछाताछ
इस दौरान आरोपी लवकेश बजाज ने दिल्ली पुलिस को पूछताछ में बताया कि उनके पास परिसर का व्यक्तिगत रूप से प्रबंधन या देखरेख करने का समय नहीं था. उसने यह काम किसी और शख्स को दे रखा था. ये शख्स बिलिंग और समग्र प्रबंधन का काम संभाल रहा था. उन्होंने बताया कि कमरे के आकार को बढ़ाना और अन्य बदलाव उसी ने दिया था. उसने आश्वासन दिया था कि इस तरह की व्यवस्थाएं "सामान्य" हैं और दिल्ली में ऐसा ही चलता है. पूछताछ के वक्त बजाज ने स्वीकार किया कि परिसर के पास अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं था. दिल्ली पुलिस अब बिजली विभाग और अन्य एजेंसियों से परिसर से जुड़ी स्वीकृतियों, अनुमतियों और अनुपालन की जांच में जुटी है.
49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया
आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है. यहां पर दिल्ली पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड मांग सकती है. इस तरह से बजाज के दावों की पुष्टि हो सकेगी. दिल्ली पुलिस ने इससे पहले लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना के बाद 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान 21 घायल व्यक्तियों ने दम तोड़ दिया और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
खिड़कियां सील कर दी गई थीं
अधिकारियों ने बताया कि आठ घायलों को चिकित्सा उपचार के बाद छुट्टी दी गई है. वहीं शेष पीड़ितों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है. दिल्ली अग्निशमन सेवा की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग भूतल पर सीढ़ियों के पास से शुरू हुई. यहां से आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई. बताया जा रहा है कि इमारत की सभी खिड़कियां सील कर दी गई थीं. इसके कारण आग लगने के बाद लोगों को निकलने का रास्ता नहीं मिला. त्रासदी के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक जांच भी जारी है.
ये भी पढ़ें: मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक लवकेश बजाज की हुई गिरफ्तारी, हादसे के बाद से चल रहा था फरार
News Nation