13 दिन में टूटी 28 साल पुरानी TMC:दिल्ली से शुरू हुआ बगावत का खेल, 58 विधायक अलग; शुभेंदु की बैठक में ममता के करीबी पहुंचे
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को पार्टी गठन के 28 साल बाद पहली बार टूट का सामना करना पड़ा है। TMC के 80 में 58 बागी विधायकों ने बुधवार को ममता बनर्जी की जगह रितब्रत बनर्जी को विधायक दल का नेता चुन लिया। स्पीकर ने इस दावे को मंजूरी भी दे दी। बगावत का पूरा खेल 22 मई को दिल्ली के बंग भवन में TMC विधायक रितब्रत बनर्जी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मुलाकात से शुरू हुआ था। इस एक मुलाकात ने सिर्फ 13 दिनों में पार्टी को दो हिस्सों में बांट दिया। TMC के भीतर जारी राजनीतिक संकट के बीच ममता के करीबी माने जाने वाले कई नेता बुधवार को CM शुभेंदु की प्रशासनिक समीक्षा बैठक में शामिल हुए। इनमें कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम, कुणाल घोष, नयना बंद्योपाध्याय और अशोक देब शामिल थे। इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को और उजागर कर दिया है। कोलकाता मेयर पद छोड़ने पर असमंजस, हकीम ने इस्तीफा नहीं सौंपा TMC के सीनियर नेता और कोलकाता नगर निगम (KMC) के मेयर फिरहाद हकीम के इस्तीफे को लेकर बुधवार को दिनभर असमंजस की स्थिति रही। पार्टी नेता कुणाल घोष ने दावा किया था कि ममता बनर्जी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, लेकिन हकीम ने रात तक औपचारिक रूप से इस्तीफा नहीं दिया। KMC चेयरपर्सन माला रॉय ने कहा कि उन्हें मेयर का कोई इस्तीफा नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में हुई बैठक में शामिल होने के बाद हकीम का फैसला बदल गया। कुछ पार्टी नेताओं ने बैठक में उनकी मौजूदगी पर सवाल भी उठाए थे। हकीम ममता के सबसे करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, हकीम अब इस्तीफा देने के फैसले पर दोबारा विचार कर रहे हैं। हाल के दिनों में कोलकाता नगर निगम के कई पार्षद भी इस्तीफा दे चुके हैं। फिरहाद हकीम 2018 से कोलकाता के मेयर हैं और लंबे समय से TMC के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में शामिल रहे हैं। वे राज्य सरकार में कई अहम विभागों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। आजादी के बाद कोलकाता नगर निगम के इतिहास में वे पहले मुस्लिम मेयर हैं। KMC को अभिषेक बनर्जी के रिश्तेदार और कंपनी को नोटिस देने का निर्देश राजनीतिक उठापटक के बीच कलकत्ता हाईकोर्ट ने बुधवार को कोलकाता नगर निगम (KMC) को TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के रिश्तेदार अमित बनर्जी और लीप्स एंड बाउंड्स कंपनी को नया नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। मामला कालीघाट स्थित उस बिल्डिंग से जुड़ा है, जहां अभिषेक बनर्जी रहते हैं। KMC ने बिल्डिंग के कुछ हिस्सों के निर्माण की वैधता को लेकर पहले नोटिस जारी किए थे। अमित बनर्जी और लीप्स एंड बाउंड्स ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि नोटिस अधूरे हैं और उनमें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। जस्टिस स्मिता दास डे की पीठ ने KMC को एक सप्ताह के भीतर नया नोटिस भेजने और उसमें अनियमितताओं का स्पष्ट विवरण देने का आदेश दिया। साथ ही अमित बनर्जी और लीप्स एंड बाउंड्स को तीन सप्ताह के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। मामले की अगली सुनवाई चार हफ्ते बाद होगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
BBC News















/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)






