AI की वापसी से आईटी शेयरों में जोरदार उछाल: 3 दिन में 8% चढ़ा निफ्टी IT इंडेक्स, इंफोसिस-टीसीएस बने स्टार
Nifty IT Index Surge: भारतीय शेयर बाजार में आईटी सेक्टर ने एक बार फिर निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में आईटी शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली है। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 8 फीसदी उछल गया। इसकी सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर निवेशकों की बदलती सोच है। जो एआई पहले आईटी कंपनियों के लिए खतरा माना जा रहा था, अब वही उनके लिए नए अवसर पैदा करता दिखाई दे रहा।
मंगलवार को निफ्टी आईटी इंडेक्स 4.2 फीसदी की तेजी के साथ 31116.6 पर बंद हुआ। इस तरह तीन सेशन में इंडेक्स 7.6 फीसदी चढ़ चुका। इस दौरान आईटी सेक्टर ने बाकी सभी सेक्टर्स को पीछे छोड़ दिया और बाजार का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर बन गया।
इस तेजी की अगुवाई बड़ी आईटी कंपनियों ने की। इंफोसिस के शेयर तीन सत्रों में 9.6 फीसदी चढ़ गए जबकि टीसीएस ने सिर्फ दो दिनों में 8.3 फीसदी की छलांग लगाई। एचसीएल टेक्नोलॉजी भी चार सत्रों में करीब 7 फीसदी मजबूत हुई। मंगलवार को टीसीएस 6.5 फीसदी उछलकर निफ्टी-50 का सबसे बड़ा गेनर रहा। वहीं, इंफोसिस में 5.7 फीसदी और एचसीएल टेक में 4 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
सिर्फ बड़ी कंपनियां ही नहीं, बल्कि हेक्वसावेयर टेक्नोलॉजीज, एलटीआई माइंडट्री, केपीआईटी टेक्नोलॉजी, टाटा एलेक्सी, कोफोर्ज जैसे मिडकैप आईटी शेयरों में भी तेज खरीदारी देखने को मिली। इनमें से कई शेयर लगातार दो दिनों से टॉप गेनर्स की सूची में शामिल रहे।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस तेजी की मुख्य वजह अमेरिकी SaaS (Software as a Service) कंपनियों के मजबूत नतीजे हैं। हाल ही में स्नोफ्लेक, सर्विसनाऊ, सैप और सेल्सफोर्स जैसी कंपनियों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। स्नोफ्लेक ने अपनी ग्रोथ गाइडेंस बढ़ाई है जबकि सर्विस नाऊ ने भी भविष्य के लिए मजबूत अनुमान दिए हैं।
इन नतीजों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है कि एआई सॉफ्टवेयर कंपनियों के कारोबार को नुकसान नहीं पहुंचा रहा, बल्कि नई मांग पैदा कर रहा है। क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा मैनेजमेंट, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और प्रोडक्ट इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ने की उम्मीद है।
इसका फायदा भारतीय आईटी कंपनियों को भी मिल सकता है क्योंकि इनकी कई वैश्विक सॉफ्टवेयर कंपनियों के साथ मजबूत साझेदारी है। इंफोसिस का सैप के साथ, एलटीआईमाइंडट्री का सर्विस नाऊ के साथ और पर्सिसटेंट सिस्टम्स और बिरलासॉफ्ट का स्नोफ्लेक के साथ बड़ा कारोबारी संबंध है।
इसके अलावा अमेरिकी टेक शेयरों में आई तेजी और रुपये की कमजोरी ने भी आईटी सेक्टर को समर्थन दिया है। कमजोर रुपया निर्यात आधारित आईटी कंपनियों की कमाई बढ़ाने में मदद करता है। ऐसे में बाजार को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आईटी सेक्टर की यह रफ्तार जारी रह सकती है।
(प्रियंका कुमारी)
Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल ₹7.5 प्रति लीटर महंगा होने से बढ़ा महंगाई का खतरा, Crisil की चेतावनी
Crisil Report: भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण एक बार फिर महंगाई का दबाव बढ़ सकता है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल (Crisil) के अनुसार, ईंधन के दामों में इस उछाल से देश में ट्रांसपोर्टेशन (परिवहन) और प्रोडक्शन (उत्पादन) की लागत में इजाफा होगा। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और उन्हें विभिन्न वस्तुओं के लिए अधिक कीमतें चुकानी पड़ सकती हैं।
10 रुपये तक बढ़ सकते हैं तेल के दाम
आंकड़ों के मुताबिक, 15 मई से लेकर अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि अगर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं, तो आने वाले हफ्तों में यह कुल बढ़ोतरी लगभग 10 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती है।
कंज्यूमर प्राइसेज (CPI) पर सीधा असर
क्रिसिल का अनुमान है कि ईंधन की कीमतों में मौजूदा बढ़ोतरी से उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित महंगाई में लगभग 36 बेसिस पॉइंट्स का इजाफा हो सकता है। वहीं, अगर तेल के दाम 10 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ते हैं, तो इसका असर बढ़कर करीब 48 बेसिस पॉइंट्स तक पहुंच सकता है। हालांकि, वर्तमान में महंगाई रिजर्व बैंक (RBI) के 4% के लक्ष्य से नीचे बनी हुई है, लेकिन विश्लेषकों को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में यह ऊपर की ओर रुख करेगी।
ट्रांसपोर्टेशन लागत में होगी भारी बढ़ोतरी
ईंधन महंगा होने से देश भर में फ्रेट (माल ढुलाई) और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ने की पूरी आशंका है। दरअसल, भारत में लगभग 71 फीसदी माल ढुलाई सड़क मार्ग (Road Transport) के जरिए होती है। इसके साथ ही, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों के कुल परिचालन खर्च (Operating Expenses) में अकेले ईंधन की हिस्सेदारी करीब 42 फीसदी होती है। परिवहन महंगा होने के कारण व्यवसाय इस अतिरिक्त लागत का बोझ ऊंचे प्रोडक्ट प्राइसेज के रूप में ग्राहकों पर डाल सकते हैं।
खाने-पीने की चीजें हो सकती हैं महंगी
परिवहन पर सबसे ज्यादा निर्भर रहने वाली खाद्य श्रेणियों पर इस मूल्य वृद्धि का सबसे बड़ा और सीधा असर देखने को मिल सकता है। इसके दायरे में डेयरी उत्पाद (दूध-दही), फल, सब्जियां, दालें, मसाले, चाय, कॉफी, अंडे, मीट और मछली जैसी जरूरी चीजें शामिल हैं, जो महंगी हो सकती हैं। इसके अलावा, आने वाली तिमाहियों में अनुकूल बेस इफेक्ट (Base Effect) का फायदा कम होने से खाद्य महंगाई को और बढ़ावा मिल सकता है।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर भी दबाव में
कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और प्राकृतिक गैस की बढ़ती कीमतों से मैन्युफैक्चरर्स (उत्पादक) भी बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। कपड़ा (Clothing), कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, लकड़ी के उत्पाद, सीमेंट और सिरेमिक जैसे उद्योगों में लागत का दबाव काफी मजबूत हो सकता है। इसके अतिरिक्त केमिकल, कोल और मेटल से जुड़े उद्योगों की इनपुट कॉस्ट भी बढ़ेगी। अपने प्रॉफिट मार्जिन को सुरक्षित रखने के लिए कंपनियां या तो कीमतें बढ़ा सकती हैं या फिर उत्पाद की मात्रा घटा सकती हैं, जिसे 'श्रिंकफ्लेशन' (Shrinkflation) कहा जाता है।
जोखिमों पर पैनी नजर रख रहा है आरबीआई
क्रिसिल ने यह भी उल्लेख किया है कि सितंबर 2025 में घोषित की गई जीएसटी (GST) कटौती से महंगाई के दबाव को थोड़ा कम करने में मदद जरूर मिल सकती है, लेकिन यह महंगे ईंधन के असर को पूरी तरह से बेअसर नहीं कर पाएगी। इस चालू वित्त वर्ष में अब तक कच्चे तेल की औसत कीमत करीब 112 डॉलर प्रति बैरल रही है। ऐसी स्थिति में, आरबीआई (RBI) आगामी दिनों में महंगाई के रुझानों, घरेलू उम्मीदों, मानसून के प्रदर्शन और खाद्य कीमतों पर अल नीनो (El Nino) से जुड़े संभावित जोखिमों की बारीकी से निगरानी करेगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi














.jpg)





