IPL 2026 Prize Money: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की. कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया. 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई. वेंकटेश ने सिर्फ 16 गेंदों में 32 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. हालांकि देवदत्त पडिक्कल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद गुजरात के गेंदबाज राशिद शान ने एक ही ओवर में रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या को आउट कर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया. लेकिन विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा. टिम डेविड ने भी 17 गेंदों में 24 रन की अहम पारी खेली. आखिर में विराट ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.
IPL 2026 Final: Royal Challengers Bengaluru defend the Indian Premier League title by defeating the Gujarat Titans by 5 wickets in the final in Ahmedabad. pic.twitter.com/lmx7cVoezD
इस जीत के साथ आरसीबी आईपीएल में लगातार दो बार खिताब जीतने वाली चुनिंदा टीमों में शामिल हो गई है. इससे पहले केवल मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ही अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर पाई थीं. 2025 में पहला खिताब जीतने वाली बेंगलुरु ने 2026 में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इतिहास दोहरा दिया.
IPL 2026 की प्राइज मनी
आपको बता दें कि बीसीसीआई ने इस सीजन के लिए कुल 46.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्राइज मनी तय की थी. विजेता आरसीबी को 20 करोड़ रुपये मिले, जबकि रनर-अप गुजरात टाइटंस को 13 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली. क्वालीफायर-2 में हारकर तीसरे स्थान पर रहने वाली राजस्थान रॉयल्स को 7 करोड़ रुपये मिले. वहीं चौथे स्थान पर रही सनराइजर्स हैदराबाद को 6.5 करोड़ रुपये दिए गए.
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी. पहले दो सीजन विजेता टीम को 4 करोड़ 80 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली. 2010 से 2013 के बीच विजेताओं को 10-10 करोड़ मिले. जबकि 2014 और 2015 में 15 करोड़ की इनामी राशि मिली. वहीं 2016 से 2019 के बीच बीसीसीआई ने विजेता टीम को 20 करोड़ रुपये दिए लेकिन 2020 में कोविड के साल इसे 10 करोड़ कर दिया गया. 2021 से फिर से विजेता टीम को 20 करोड़ रुपये मिल रहे हैं.
खिलाड़ियों के लिए भी बड़े इनाम
आईपीएल में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार दिए जाते हैं. मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर को 15 लाख रुपये मिले. ऑरेंज कैप, पर्पल कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, फेयर प्ले अवॉर्ड और कैच ऑफ द सीजन के विजेताओं को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई. इससे खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलता है.
रजत पाटीदार ने इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में वो कारनामा कर दिखाया जो इससे पहले सिर्फ दो ही कप्तान कर पाए थे. महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा ने लगातार दो बार आईपीएल को जीतने का रिकॉर्ड बनाया था. अब इस लिस्ट में रजत पाटीदार का नाम भी शामिल हो गया है. Sun, 31 May 2026 23:47:50 +0530