Aadhaar Update: आधार कार्ड फ्री में अपडेट कराने की बढ़ी तारीख, जानें अब कब तक मिलेगी मुफ्त सुविधा
आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। UIDAI ने आधार में मुफ्त अपडेट की सुविधा की समय सीमा एक साल और बढ़ा दी है। अब लोग 14 जून 2027 तक MyAadhaar पोर्टल के जरिए बिना किसी शुल्क के अपनी जानकारी अपडेट कर सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा जून 2026 तक ही उपलब्ध थी। ऐसे में करोड़ों आधार यूजर्स को अब ज्यादा समय मिल गया है।
यूआईडीएआई ने यह फैसला एक आधिकारिक मेमोरेंडम जारी कर बताया। हालांकि, यह फ्री सेवा सिर्फ ऑनलाइन मायआधार पोर्टल पर ही मिलेगी। आधार केंद्र पर जाकर अपडेट कराने पर निर्धारित शुल्क देना होगा।
आधार कार्ड में लोग पता, मोबाइल नंबर, ईमेल और अन्य जरूरी व्यक्तिगत जानकारी अपडेट कर सकते हैं। यूआईडीएआई का कहना है कि लोगों को समय-समय पर अपने दस्तावेज अपडेट करते रहना चाहिए ताकि पहचान संबंधी सेवाओं में परेशानी न हो।
जल्द बंद होगा एमआधार ऐप
यूआईएडीआई ने यह भी जानकारी दी है कि एमआधार ऐप को जल्द बंद किया जाएगा। इसकी जगह नया आधार ऐप लाया जा रहा है, जिसमें पहले से ज्यादा सुरक्षित और आधुनिक फीचर्स होंगे।
नए ऐप में क्यूआर कोड के जरिए सुरक्षित आधार शेयरिंग, बेहतर प्राइवेसी कंट्रोल और आधार सेवाओं तक आसान पहुंच जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यूआईएडीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि नया ऐप यूजर्स के डिजिटल अनुभव को ज्यादा आसान और सुरक्षित बनाएगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आधार अपडेट
अगर आप घर बैठे आधार अपडेट करना चाहते हैं, तो इसके लिए मायआधार पोर्टल पर जाकर कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे-
- आधार नंबर और ओटीपी से लॉगिन करें
- पहचान पत्र और पते के प्रमाण की स्कैन कॉपी अपलोड करें
- ऑनलाइन रिक्वेस्ट सबमिट करें
- आवेदन ट्रैक करने के लिए 14 अंकों का यूआरएन नंबर सेव कर लें
आधार अपडेट के लिए कितना शुल्क लगता है?
यूआईएडीआई ने अलग-अलग अपडेट के लिए अलग शुल्क तय किया है।
- 5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र के बीच पहली बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त है
- अन्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये देने होंगे
- 7 से 15 साल के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक मुफ्त रहेगा
- नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर या ईमेल अपडेट बायोमेट्रिक अपडेट के साथ मुफ्त होगा
- अलग से डेमोग्राफिक अपडेट कराने पर 75 रुपये शुल्क लगेगा
वहीं, पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज अगर मायआधार पोर्टल पर अपडेट किए जाते हैं तो 14 जून 2027 तक कोई शुल्क नहीं लगेगा। लेकिन आधार केंद्र पर यही काम कराने के लिए 75 रुपये देने होंगे।
(प्रियंका कुमारी)
Closing Bell: शुरुआती तेजी के बाद टूटा बाजार, सेंसेक्स 550 अंक फिसला; जानिए गिरावट की 4 बड़ी वजह
भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआत शानदार रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बाजार की चमक फीकी पड़ गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 430 अंक तक उछला था लेकिन बाद में मुनाफावसूली और कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते बाजार लाल निशान में बंद हुआ।
कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स 114.19 अंक यानी 0.15 फीसदी गिरकर 75200.85 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 31.95 अंक टूटकर 23618 के स्तर पर आ गया। दिन के दौरान सेंसेक्स ने 75746.27 का ऊपरी स्तर छुआ था, यानी ऊपरी स्तर से बाजार करीब 550 अंक नीचे बंद हुआ।
लाल निशान पर बंद हुआ बाजार
सुबह निवेशकों में खरीदारी का माहौल था। निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में 23782 तक पहुंच गया था। लेकिन बाद में बाजार का मूड बदल गया और बिकवाली हावी हो गई।
बाजार गिरने की 4 बड़ी वजह
ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली: विशेषज्ञों के मुताबिक, पिछले कुछ सेशन की तेजी के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफा बुक करना शुरू कर दिया। सोमवार को भी बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था। ऐसे में ट्रेडर्स ने सुरक्षित मुनाफा बुक करना बेहतर समझा।
ग्लोबल मार्केट से कमजोर संकेत: एशियाई बाजारों में कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी दिखा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई इंडेक्स गिरावट में कारोबार करते नजर आए। वहीं अमेरिकी बाजारों के फ्यूचर्स भी करीब 0.6 फीसदी टूटे, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा।
रुपये में रिकॉर्ड गिरावट: रुपया डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 96.52 तक पहुंच गया। मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से भारतीय मुद्रा पर दबाव बना हुआ है। इस साल अब तक रुपया डॉलर के मुकाबले करीब 7 फीसदी से ज्यादा कमजोर हो चुका है। रुपये की कमजोरी विदेशी निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी:अमेरिका के 10 साल के बॉन्ड की यील्ड एक साल के ऊपरी स्तर तक पहुंच गई। बाजार को डर है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरें बढ़ा सकता है। इससे विदेशी निवेश भारत जैसे उभरते बाजारों से निकल सकते हैं।
(प्रियंका कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi