देश में हीटवेव अलर्ट जारी हो चुका है। जरूरत से ज्यादा गर्मी और लू सेहत को बहुत नुकसान पहुंचा सकती हैं। हीटवेव के दौरान सिर्फ डिहाइड्रेशन या हीट स्ट्रोक की ही समस्या नहीं होती है, बल्कि यह मौसम शरीर को काफी कमजोर और बीमार भी बना सकता है।
खासतौर से, अगर इस दौरान कुछ छोटी-छोटी गलतियां की जाएं तो आपको हीटवेव का असर काफी जल्दी नजर आ सकता है। अगर आपको भी हीटवेव में बार-बार थकान, सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी या बेचैनी महसूस करते हैं, तो इसे हल्के में ना लें। इसके पीछे आपकी कुछ रोजमर्रा की आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं-
बार-बार कोल्ड ड्रिंक पीना
हीटवेव में जब बहुत ज्यादा गर्मी लगती है तो लोग कुछ ठंडा पीना चाहते हैं और इसलिए बार-बार ठंडी कोल्ड ड्रिंक का सेवन करते हैं। लेकिन यह सेहत को काफी नुकसान पहुंचा सकता है। इसमें मौजूद चीनी और कैफीन सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता। इससे आपको शरीर में पानी की कमी बढ़ना, वजन बढ़ना, अचानक एनर्जी क्रैश, पेट फूलना और एसिडिटी की शिकायत हो सकती है। बेहतर होगा कि आप घर का बना शरबत, सत्तू ड्रिंक, नारियल पानी और बेल का शरबत का सेवन करें।
पसीना आने के बाद भी गीले कपड़ों में रहना
गर्मी के मौसम में पसीने की वजह से कपड़े पूरे गीले हो जाते हैं, लेकि फिर भी लोग लंबे समय तक उन्हीं कपड़ों में रहते हैं। हालांकि, ऐसी गलती करने से स्किन इंफेक्शन और फंगल समस्या का खतरा बढ़ जाता है। आपको इस छोटी सी गलती से शरीर में खुजली, रैशेज, बैक्टीरियल इंफेक्शन, बदबू और स्किन इरिटेशन की शिकायत हो सकती है। बेहतर होगा कि इस मौसम में आप ढीले और सूती कपड़े पहनें। ज्यादा पसीना आने पर कपड़े जरूर बदल लें।
धूप से आने के तुरंत ठंडा पानी पीना
जब लोग गर्मी से वापस आते हैं तो उसके तुरंत बाद फ्रिज से निकालकर बहुत ठंडा पानी पी लेते हैं। इससे शरीर पर अचानक तापमान का दबाव पड़ सकता है। इससे आपको गले में खराश, पेट दर्द, सिरदर्द, पाचन पर असर जैसी समस्या हो सकती है। अगर आपको घर वापस आने पर बहुत प्यास लगे तो पहले सामान्य तापमान का पानी पिएं। उसके बाद ही धीरे-धीरे ठंडा पानी लें।
- मिताली जैन
Continue reading on the app