भास्कर अपडेट्स:सुप्रीम कोर्ट बोला- महिला का नहाने या कपड़े बदलने का वीडियो वायरल करने की धमकी देना भी अपराध
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि किसी महिला के नहाने या कपड़े बदलने का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देना आपराधिक डराने का गंभीर अपराध है। कोर्ट ने एक आरोपी की सजा को बरकरार रखते हुए कहा कि ऐसा करना महिला की गरिमा और निजता का उल्लंघन है। मामले में महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और बाद में उसका निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। कोर्ट ने कहा कि मोबाइल या वीडियो बरामद न होने पर भी दूसरे मजबूत सबूतों के आधार पर सजा दी जा सकती है। आज की अन्य बड़ी खबरें… जम्मू-कश्मीर- सुरक्षाबलों ने पुंछ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यह अभियान सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सीमा से जुड़े जंगलों में चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने और इलाके में निगरानी बढ़ाने के लिए की जा रही है। ऑपरेशन में मेंढर सेक्टर के कई जंगल क्षेत्रों को शामिल किया गया है। UPSC उम्मीदवारों को ईमेल से भेजे जाएंगे एडमिट कार्ड UPSC ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के उम्मीदवारों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है, उन्हें ईमेल के जरिए ई-एडमिट कार्ड भेजे जाएंगे। UPSC ने उम्मीदवारों से अपने रजिस्टर्ड ईमेल और स्पैम फोल्डर चेक करने को कहा है। 24 मई को होने वाली इस परीक्षा के लिए करीब 8.19 लाख आवेदन आए हैं। केरल में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 1.19 करोड़ की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार केरल के तिरुवनंतपुरम में एक व्यक्ति से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.19 करोड़ रुपए की ठगी की गई। आरोपियों ने खुद को ब्रिटेन की इन्वेस्टमेंट कंपनी का अधिकारी बताकर सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए भरोसा जीता। बाद में पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। पुलिस जांच के बाद पलक्कड़ के रहने वाले 47 साल रमेश को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि निवेश केवल SEBI से रजिस्टर्ड ब्रोकर के जरिए ही करें।
दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के:इसमें अकेले यूपी के 22 शहर; बांदा में पारा 47.6°C, MP के नौगांव में 46.8°C पहुंचा
देश में शुक्रवार सुबह असामान्य रिकॉर्ड दर्ज किया गया। दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की लिस्ट में सभी शहर भारत के रहे। उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हरियाणा के कई शहर दोपहर से पहले ही 42 से 44°C तक पहुंच गए। अकेले उत्तर प्रदेश के 22 शहर गर्म शहरों की लिस्ट में थे। देश में सबसे गर्म यूपी का बांदा 47.6°C के साथ और फिर मध्य प्रदेश का नौगांव 46.8°C के साथ रहा। एमपी अब राजस्थान और विदर्भ से ज्यादा तप रहा है। राजस्थान में तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिन उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तेज लू चलने की आशंका है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, तेलंगाना में हीटवेव जारी रहेगी। पूर्वी यूपी-एमपी, विदर्भ और तटीय आंध्र प्रदेश में घर से न निकलने की सलाह दी है। AQI वेदर के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 3 बजे दुनिया के 22 सबसे गर्म शहरों में पारा 47°C से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। ये सभी शहर भारत के थे। बिहार में बारिश, कश्मीर में बर्फबारी बिहार के अररिया, जहानाबाद, नालंदा और सुपौल में शुक्रवार को बारिश हुई। इस दौरान बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के पुणें में भी बारिश हुई। वहीं, जम्मू-कश्मीर के जोजिला में बर्फबारी हुई। 5 सिस्टम, आज से कई इलाकों में बारिश संभव पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सिस्टम एक्टिव है, लेकिन कमजोर है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन पाकिस्तान के ऊपर और एक बिहार के आसपास बना हुआ है। एक निम्न दबाव का क्षेत्र अरब सागर में बना हुआ है। वहीं, विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है। इसके चलते शनिवार को कई जगह मौसम बदल सकता है। दिल्ली, पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के साथ लक्षद्वीप में भी बारिश रहेगी। महाराष्ट्र के दक्षिण इलाके कोंकण-गोवा और मुंबई में शनिवार को बारिश हो सकती है। देशभर से मौसम की तस्वीरें… अगले दो दिन के मौसम का हाल 24 मई: 25 मई: