बाबर आजम की टेस्ट बैटर्स रैंकिंग की टॉप-10 में वापसी:5 पायदान चढ़कर 10वें नंबर पर पहुंचे; बुमराह गेंदबाजी और जडेजा ऑलराउंडर में नंबर-1
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम ने बैटर्स रैंकिंग के टॉप-10 में वापसी कर ली है। बुधवार को जारी रैंकिंग में बाबर ने 5 पायदान की छलांग लगाई है। वे अब 716 रेटिंग पॉइंट के साथ 10वें नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट में उन्होंने सबसे ज्यादा 193 रन बनाए। दूसरे टेस्ट में 88 रन की पारी खेलने और दूसरी पारी में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने का फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला। भारत के लिए 3 प्लेयर अलग-अलग फॉर्मट के रैंकिंग में नंबर-1 पर हैं। टेस्ट बालर्स में जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर्स में रवींद्र जडेजा और वनडे बैटर्स में शुभमन गिल टॉप पर हैं। करीब 2 साल बाद टेस्ट रैंकिंग में टॉप-10 में लौटे बाबर बाबर आजम सितंबर 2024 की शुरुआत के बाद पहली बार टेस्ट बल्लेबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में पहुंचे हैं। करीब दो साल बाद उन्होंने टॉप-10 में जगह बनाई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के लिए अब्दुल्ला शफीक ने नाबाद 160 रन बनाए। इस प्रदर्शन के बाद शफीक ने टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 25 पायदान की छलांग लगाई और 32वें नंबर पर पहुंच गए। ट्रेविस हेड अब भी नंबर-1 बल्लेबाज टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड अभी भी नंबर-1 पर बने हुए हैं। उनके 853 रेटिंग पॉइंट हैं। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक 852 पॉइंट के साथ दूसरे नंबर पर हैं। दोनों के बीच सिर्फ 1 पॉइंट का अंतर है। टॉप-5 में जो रूट, स्टीव स्मिथ और टेम्बा बावुमा शामिल हैं। भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल 743 पॉइंट के साथ 7वें और यशस्वी जायसवाल 733 पॉइंट के साथ 9वें नंबर पर हैं।। टेस्ट गेंदबाजी में बुमराह नंबर-1 जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों की लिस्ट में 870 रेटिंग पॉइंट के साथ नंबर-1 पर बने हुए हैं। न्यूजीलैंड के मैट हेनरी 861 पॉइंट के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क 838 पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पाकिस्तान की टेस्ट जीत में अहम भूमिका निभाने वाले साजिद खान को ताजा रैंकिंग में फायदा हुआ है। वे 5 पायदान ऊपर चढ़कर 30वें नंबर पर पहुंच गए हैं। जडेजा टेस्ट ऑलराउंडर्स में टॉप पर टेस्ट ऑलराउंडर्स में रवींद्र जडेजा 446 रेटिंग पॉइंट के साथ नंबर-1 पर हैं। साउथ अफ्रीका के मार्को यानसन 344 पॉइंट के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क 284 पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज भी 284 पॉइंट के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस 250 पॉइंट के साथ पांचवें नंबर पर हैं। वनडे रैंकिंग में गुरबाज को फायदा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के शुभमन गिल 801 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर बने हुए हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 794 रेटिंग के साथ दूसरे और भारत के विराट कोहली 767 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर हैं। रोहित शर्मा 758 रेटिंग के साथ चौथे नंबर पर हैं। अफगानिस्तान के ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज को 3 पायदान का फायदा हुआ है। वे अब 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले में गुरबाज ने 71 रन की पारी खेली थी। अफगानिस्तान के ही हशमतुल्लाह शाहिदी को भी रैंकिंग में फायदा मिला है। वे 4 स्थान ऊपर चढ़कर 50वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं आयरलैंड के ऑलराउंडर कर्टिस कैंफर ने वनडे रैंकिंग में वापसी की है। वे संयुक्त रूप से 59वें नंबर पर हैं। राशिद खान वनडे गेंदबाजों में नंबर-1 गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान 713 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर बने हुए हैं। आयरलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे राशिद ने दूसरे मुकाबले में 6 विकेट लिए थे। पाकिस्तान के अबरार अहमद 675 रेटिंग के साथ दूसरे और इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर 649 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर हैं। साउथ अफ्रीका के केशव महाराज चौथे और न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर पांचवें नंबर पर हैं। आयरलैंड के तेज गेंदबाज मार्क अडायर ने भी वनडे रैंकिंग में वापसी की है। वे 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। ऑलराउंडर में उमरजई टॉप पर काबिज वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई 321 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर हैं। बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज 260 रेटिंग के साथ दूसरे और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा 258 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर हैं। रेटिंग पॉइंट्स को समझने का आसान तरीका ICC रैंकिंग में किसी खिलाड़ी की रेटिंग उसके प्रदर्शन को दिखलाती है। खिलाड़ी जितना लगातार अच्छा प्रदर्शन करता है और मजबूत विपक्ष के खिलाफ बेहतर खेल दिखाता है, उसकी रेटिंग उतनी मजबूत होती जाती है। य एक बल्लेबाज के लिए सिर्फ 100 रन बनाना ही पर्याप्त नहीं है। वह रन किस टीम के खिलाफ, किस परिस्थिति में और किस गेंदबाजी के सामने बनाए गए हैं, यह भी रैंकिंग में अहम होता है। इसी तरह गेंदबाज के विकेटों के साथ विपक्षी बल्लेबाजों की गुणवत्ता और मैच की परिस्थितियां भी महत्वपूर्ण होती हैं। हर मैच के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर रेटिंग अपडेट होती है। इसलिए किसी खिलाड़ी की एक बड़ी पारी या शानदार गेंदबाजी स्पेल उसकी रैंकिंग में बड़ा बदलाव ला सकता है। उदाहरण के लिए, हालिया प्रदर्शन के बाद बाबर आजम का टॉप-10 में लौटना इसका अच्छा उदाहरण है। ----------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… मॉरिस बोले- IPL फ्रेंचाइजियों ने SA20 को ग्लोबल पहचान दिलाई साउथ अफ्रीका की टी-20 लीग SA20 के पांचवें सीजन से पहले पूर्व ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस ने लीग, खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजियों को लेकर बातें कीं। मीडिया डे पर मॉरिस ने कहा कि IPL फ्रेंचाइजियों के निवेश ने SA20 को आर्थिक मजबूती देने के साथ ग्लोबल पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है। पूरी खबर…
'मुझे प्यार, वफादारी जैसी चीजें पसंद हैं':पूर्व पति मोहसिन अख्तर की दूसरी शादी के रिसेप्शन की तस्वीरों के बाद उर्मिला मातोंडकर की क्रिप्टिक पोस्ट
बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने सोशल मीडिया पर प्यार और वफादारी को लेकर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की। यह पोस्ट उनके पूर्व पति मोहसिन अख्तर द्वारा हाल ही में अपनी दूसरी शादी के रिसेप्शन की तस्वीरें शेयर करने के बाद सामने आई। हालांकि, उर्मिला ने इसे मोहसिन से जोड़कर कोई बयान नहीं दिया। दरअसल, मोहसिन अख्तर ने मंगलवार को दूसरी पत्नी निधा भट्ट के साथ रिसेप्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। मोहसिन ने पोस्ट के साथ निधा के लिए इमोशनल मैसेज भी लिखा था। उन्होंने उन्हें अपनी पत्नी के साथ-साथ अपना घर, सुकून और हर दिन का पसंदीदा हिस्सा बताया। उन्होंने साथ मिलकर खूबसूरत जिंदगी बनाने की बात भी कही। वहीं, मोहसिन की पोस्ट के बाद उर्मिला ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘मुझे प्यार, वफादारी और समय जैसी कीमती चीजें पसंद हैं।’ जून में दूसरी शादी की जानकारी दी थी मोहसिन ने जून में अपनी दूसरी शादी की जानकारी शेयर की थी। शादी की झलकियां शेयर करते हुए मोहसिन ने एक इमोशनल पोस्ट लिखी थी। उन्होंने कहा था कि सच्चे इरादों, ईमानदार प्यार और धैर्य के साथ उन्हें जीवन में फिर से प्रेम मिला है। उन्होंने अपनी पत्नी निधा भट्ट का आभार जताते हुए लिखा कि उन्होंने उनके जीवन में रोशनी लाई है। मोहसिन ने अपनी पोस्ट में दिवंगत प्रियजनों को भी याद किया और कहा था कि उनकी दुआओं और आशीर्वाद की वजह से उन्हें जीवन में यह नया साथ मिला है। उन्होंने दोनों के लिए दुआ करने की अपील भी की थी। उर्मिला मातोंडकर से हुई थी पहली शादी कश्मीरी बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर मीर की पहली मुलाकात उर्मिला से 2014 में फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की भतीजी की शादी में हुई थी। इसके बाद दोनों ने 4 फरवरी 2016 को एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। उस समय उनकी शादी इंटररिलिजियस मैरिज और दोनों के बीच 10 साल के एज डिफरेंस की वजह से खबरों में थी। साल 2024 में दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आई थीं। सितंबर 2024 में कहा गया था कि उर्मिला ने मुंबई की एक अदालत में तलाक की अर्जी दायर की थी। उर्मिला के करियर की बात करें तो वो कलयुग और मासूम जैसी फिल्मों में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर नजर आईं। उन्होंने 1991 में नरसिम्हा से लीड एक्ट्रेस के तौर पर डेब्यू किया। उन्होंने रंगीला, जुदाई, सत्या, कौन, प्यार तूने क्या किया, भूत और एक हसीना थी जैसी कई फिल्मों में काम किया। बड़े पर्दे पर उर्मिला आखिरी बार साल 2018 में इरफान खान की फिल्म ब्लैकमेल में एक स्पेशल डांस नंबर ('बेवफा ब्यूटी') में नजर आई थीं। वहीं, वह 2022 में 'डांस इंडिया डांस सुपर मॉम्स' में जज के तौर पर नजर आई थीं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 









