सिर्फ 500 रुपए चार पहिया और 200 रुपए दोपहिया वाहनों को मिलेगा पेट्रोल, इस शहर में तेल भरवाने की लिमिट हो गई तय
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक तेल संकट का असर अब भारत के पर्यटन क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है. उत्तराखंड के नैनीताल में पेट्रोल और डीजल की सीमित आपूर्ति ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की परेशानी बढ़ा दी है. एक तरफ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की जा रही है तो दूसरी तरफ पेट्रोल पंपों पर अब तेल भरवाने की लिमिट भी तय हो रही है. जी हां नैनीताल शहर के सूखाताल स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन की बिक्री सीमित कर दी गई है, जिसके बाद लंबी कतारें और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है.
टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर के लिए तय हुई सीमा
सूखाताल पेट्रोल पंप पर अब दोपहिया वाहनों को केवल 200 रुपये तक का पेट्रोल दिया जा रहा है. वहीं, चारपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की सीमा तय की गई है. प्रशासन का कहना है कि यह कदम अस्थायी तौर पर उठाया गया है ताकि सभी वाहन चालकों को न्यूनतम जरूरत के अनुसार ईंधन मिल सके.
कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने बताया कि जैसे ही ईंधन की आपूर्ति सामान्य होगी, यह लिमिट हटा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है.
पर्यटन सीजन ने बढ़ाई डिमांड
गर्मियों के मौसम में उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ रही है. नैनीताल, मसूरी, ऋषिकेश, हरिद्वार और चारधाम यात्रा मार्गों पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है. ऐसे में पेट्रोल और डीजल की मांग भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा हो गई है.
नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों की बड़ी संख्या का असर सीधे स्थानीय पेट्रोल पंपों पर दिखाई दे रहा है. कई वाहन चालक लंबी दूरी तय कर पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं, जिससे ईंधन की खपत अचानक बढ़ गई है.
सप्लाई और मेंटेनेंस दोनों बने वजह
पेट्रोल पंप के मैनेजर पंकज रौतेला के अनुसार, यह लिमिट स्थायी नहीं है. उन्होंने बताया कि जब भी सप्लाई कम होती है या पंप पर तकनीकी मेंटेनेंस का काम चलता है, तब ईंधन वितरण सीमित करना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि फिलहाल पंप पर मेंटेनेंस कार्य भी जारी है, जिससे आपूर्ति में दिक्कत आ रही है. ऐसे में सभी लोगों को पर्याप्त मात्रा में ईंधन मिल सके, इसलिए लिमिट तय की गई है. उनका कहना है कि वाहन चालकों को इतना ईंधन जरूर दिया जा रहा है जिससे वे आसानी से हल्द्वानी या आसपास के अन्य क्षेत्रों तक पहुंच सकें.
तेल संकट को लेकर बढ़ी चिंता
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण तेल बाजार प्रभावित हो रहे हैं, जिसका असर धीरे-धीरे भारत के कई राज्यों में भी दिखाई देने लगा है. हालांकि सरकार की ओर से अभी किसी बड़े संकट की बात नहीं कही गई है, लेकिन कई जगहों पर रुक-रुक कर सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं.
यह भी पढ़ें - मिडिल ईस्ट संकट के बीच सरकार का बड़ा दावा, देशभर में भरपूर है LPG-पेट्रोल स्टॉक
'अच्छा हुआ मैं रिटायर हो गया, वरना मुझे भी मारता...', वैभव सूर्यवंशी से डरा भारतीय गेंदबाज, बयान वायरल
Mohit Sharma On Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपने नाम का लोहा मनवाया है. गेंदबाज कोई भी वैभव अपने खेलने का अंदाज नहीं बदलते और बेखौफ बल्लेबाजी कर छक्के-चौकों की बारिश करते हुए रन बनाते हैं. इस सीजन तो उन्होंने तमाम बड़े गेंदबाजों को आड़े हाथ लिया और 8 मुकाबले में बाउंड्री से खाता खोला. ऐसे में अब पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा का एक बयान काफी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने रिटायर हो जाने पर राहत की सांस ली है. उनका कहना है कि अच्छा हुआ वह रिटायर हो गए, वरना वैभव सूर्यवंशी उन्हें भी मारते.
वैभव सूर्यवंशी की आतिशी बल्लेबाजी से घबराया पूर्व गेंदबाज
15 साल के वैभव सूर्यवंशी की आतिशी बल्लेबाजी से बड़े-बड़े गेंदबाज घबराए हुए हैं. इस लिस्ट में न केवल मौजूदा गेंदबाज बल्कि पूर्व बॉलर का नाम भी शामिल हो गया है. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक बड़ा बयान दिया है.
स्पोर्टसबूम से बातचीत में मोहित शर्मा ने कहा, 'उसे भारत के लिए खेलना चाहिए. बड़े खिलाड़ियों और बड़ी टीमों के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ता है और वह आईपीएल में वही कर रहा है. अच्छा हुआ मैं आईपीएल से रिटायर हो गया, नहीं तो वह मुझे भी मारता.'
पहली गेंद पर बाउंड्री लगाते हैं वैभव सूर्यवंशी
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी की आतिशी बल्लेबाजी ने जहां फैंस का दिल जीता है, तो वहीं गेंदबाजों को बुरी यादें दी हैं. वैभव ने इस सीजन 8 मुकाबलों में अपना खाता बाउंड्री के साथ खोला है. उन्होंने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, मिचेल स्टार्क, काइल जैमिसन जैसे तमाम बड़े गेंदबाजों के सामने बेखौफ बल्लेबाजी कर धमाल मचा रखा है. IPL 2026 में पहली गेंद पर बाउंड्री:-
मैट हेनरी के खिलाफ चौका
मोहम्मद सिराज के खिलाफ चौका
जसप्रीत बुमराह के खिलाफ छक्का
भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ चौका
प्रिंस यादव चौका
काइल जैमिसन चौका
मोहम्मद सिराज छक्का
लुंगी एनगिडी छक्का
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी के आंकड़े
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोल रहा है. उन्होंने इस सीजन अब तक 12 मैच खेले हैं, जिसकी 12 पारियों में 234.78 की स्ट्राइक रेट और 40.50 के औसत से 486 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक और 2 अर्धशतक भी लगाए हैं. उनके बल्ले से 43 चौके और इतने ही छक्के निकले हैं.
आपको बता दें, वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक 8 बार छक्के से खाता खोलने वाले क्रिकेटर बन गए हैं. उन्होंने आईपीएळ 2026 में पांच बार ऐसा किया है और इससे पहले आईपीएल 2025 में 3 बार ऐसा किया था.
ये भी पढ़ें: 34 साल के विदेशी खिलाड़ी ने साई सुदर्शन से छीनी ऑरेंज कैप, IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 नाम

News Nation