खंडवा में बारिश का दौर जारी, खोले गए भगवंत सागर बांध के 4 गेट, सुक्ता नदी उफान पर, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
खंडवा में मानसून का असर जोर शोर से दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान यहां 5.5 इंच यानी 138 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर हुई बारिश की वजह से नदी नालों का जल स्तर बढ़ चुका है। जिले के कई इलाकों में जल भराव की स्थिति देखने को मिल रही है।
लगातार हो रही बारिश की वजह से सुक्ता नदी उफान पर है। इसी बीच भगवंत सागर बांध के चार गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है। इस वजह से नदी में पानी का जलस्तर और भी बढ़ गया है और बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
खोले गए भगवंत सागर बांध के गेट
बारिश के कारण बांध का जलस्तर बढ़ रहा था। जिसे देखते हुए 12 अगस्त को सुबह 6:15 पर भगवंत सागर बांध के चार गेट खोले गए हैं। गेट नंबर 2, 3, 4 और 5 को खोला गया है। इनमें से तीन गेट एक एक मीटर और एक गेट आधा मीटर के करीब खोला गया है।
सुक्ता नदी में बढ़ा पानी
भगवंत सागर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सुक्ता नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में पानी का बहाव काफी तेज है। जिसे देखते हुए प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। नदी किनारे बसे हुए इलाकों और निचले क्षेत्र में विशेष रूप से सतर्कता बरती जा रही है। बारिश अभी भी जा रही है ऐसे में नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन द्वारा लोगों से ये अपील की गई है कि वह उफनते हुए नदी नालों या पानी के तेज बहाव वाले पुल पुलिया पार करने की कोशिश ना करें। खासकर ग्रामीण इलाकों में लोगों को नदी नाले के पास जाने से मना किया गया है। बारिश के समय पानी का बहाव अचानक से बढ़ जाता है, ऐसे में लापरवाही भारी पड़ सकती है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
जिला खण्डवा में लगातार जारी वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व से चिन्हित पुल पुलियाओं एवं जलभराव वाले स्थानों पर लगातार पुलिस टीमों द्वारा भ्रमण कर निगाह रखी जाकर पुलिसकर्मी/ग्राम कोटवार के माध्यम से बैरिकेडिंग की जाकर परिवहन रोका गया है।#mppolice@IGP_INDORE@Digkhargone23 pic.twitter.com/taN1pDdZlN
— SP_Khandwa (@KhandwaSp) August 11, 2026
दिखी पुलिस की तत्परता
खंडवा जिले में बारिश की वजह से जिस तरह के हालात बने हुए हैं। उस वजह से पुल पुलिया से भी पानी तेज बहाव में बह रहा है। ऐसे में खंडवा पुलिस की तत्परता और अदम्य साहस की एक तस्वीर सामने आई है। यहां तीन पुलिया पर पानी के तेज बहाव में फंसे एक दंपति को मौके पर मौजूद प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र मंडलोई और आरक्षक राजू भंवरे ने बिना अपनी सुरक्षा की चिंता करते हुए पानी में उतरकर बचाया।
खण्डवा पुलिस फिर बनी जीवनरक्षक, पुलिस कर्मियों की तत्तपरता से बची दो जिंदगियां
तीन पुलिया के पानी के तेज बहाव में बह रहे दम्पति को प्रधान आरक्षक 561 धर्मेंद्र मंडलोई एवं आरक्षक 766 राजू भंवरे द्वारा अदम्य साहस का परिचय देते हुए त्वरित रूप से पानी में उतर कर बचाया गया#mppolice pic.twitter.com/iSxPKys60C— SP_Khandwa (@KhandwaSp) August 11, 2026
बता दें कि जिले में चिन्हित किए गए पुल पुलिया और जल भराव वाले स्थान पर लगातार पुलिस की टीम द्वारा भ्रमण कर नजर रखी जा रही है। जहां पानी का बहाव तेज है वहां बैरिकेडिंग कर परिवहन रोका गया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News
IBC24










